त्योहारों और बढ़ती यात्रियों की भीड़ को देखते हुए भारतीय रेलवे लगातार स्पेशल ट्रेनों का संचालन कर रहा है. इसी कड़ी में रेलवे ने उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल के यात्रियों को बड़ी राहत देते हुए कानपुर सेंट्रल और आगरा कैंट से कोलकाता के लिए एक-एक जोड़ी स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है. ये ट्रेनें डीडीयू, सासाराम, गया, कोडरमा, पारसनाथ, गोमो और धनबाद होते हुए कोलकाता जाएंगी. इसके अलावा पटना-अहमदाबाद स्पेशल ट्रेन का भी एक अतिरिक्त फेरा चलाने की घोषणा की गई है.
यात्रियों की भीड़ को देखते हुए लिया गया फैसला
पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) सरस्वतीचंद्र के अनुसार, यात्रियों की अत्यधिक भीड़ को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है. इन स्पेशल ट्रेनों के संचालन से उत्तर प्रदेश और बिहार के हजारों यात्रियों को सीधी और सुविधाजनक यात्रा का विकल्प मिलेगा.
कानपुर-कोलकाता स्पेशल ट्रेन का पूरा शेड्यूल
गाड़ी संख्या 04157 कानपुर-कोलकाता स्पेशल का संचालन 28 जुलाई 2026 से 29 सितंबर 2026 तक प्रत्येक मंगलवार को होगा.
कानपुर सेंट्रल से प्रस्थान: सुबह 8:00 बजे
डीडीयू: दोपहर 2:15 बजे
सासाराम: 3:35 बजे
गया: 5:30 बजे
कोडरमा: 6:45 बजे
पारसनाथ: 7:45 बजे
गोमो: 8:05 बजे
धनबाद: 8:40 बजे
कोलकाता आगमन: अगले दिन सुबह 4:05 बजे
वापसी में गाड़ी संख्या 04158 कोलकाता-कानपुर स्पेशल का संचालन 29 जुलाई से 30 सितंबर 2026 तक प्रत्येक बुधवार को होगा. ट्रेन सुबह 7:25 बजे कोलकाता से रवाना होकर अगले दिन 1:25 बजे कानपुर सेंट्रल पहुंचेगी.
कानपुर-कोलकाता स्पेशल में कितने कोच होंगे?
इस स्पेशल ट्रेन में कुल 22 कोच लगाए जाएंगे, जिनमें 1 एसी द्वितीय श्रेणी, 4 एसी थर्ड, 9 स्लीपर, 8 जनरल कोच शामिल होंगे.
आगरा कैंट-कोलकाता स्पेशल ट्रेन का शेड्यूल
गाड़ी संख्या 01911 आगरा कैंट-कोलकाता स्पेशल का संचालन 30 जुलाई 2026 से 24 सितंबर 2026 तक प्रत्येक गुरुवार को किया जाएगा.
आगरा कैंट से प्रस्थान- सुबह 3:40 बजे
डीडीयू- 2:15 बजे
सासाराम- 3:35 बजे
गया- 5:30 बजे
कोडरमा- 6:45 बजे
पारसनाथ- 7:45 बजे
गोमो- 8:05 बजे
धनबाद- 8:40 बजे
कोलकाता आगमन- अगले दिन सुबह 4:05 बजे
वापसी में कोलकाता-आगरा कैंट स्पेशल (01912) का संचालन 31 जुलाई से 25 सितंबर 2026 तक प्रत्येक शुक्रवार को होगा. ट्रेन सुबह 7:25 बजे कोलकाता से रवाना होकर अगले दिन सुबह 8:00 बजे आगरा कैंट पहुंचेगी.
आगरा-कोलकाता स्पेशल में होंगे इतने कोच
इस ट्रेन में यात्रियों की सुविधा के लिए 1 एसी द्वितीय श्रेणी, 2 एसी थर्ड, 10 स्लीपर, 4 जनरल कोच लगाए जाएंगे.
पटना-अहमदाबाद स्पेशल का भी चलेगा अतिरिक्त फेरा
रेलवे ने पटना और अहमदाबाद के बीच चल रही स्पेशल ट्रेन का भी एक अतिरिक्त फेरा चलाने का फैसला किया है. 29 जुलाई 2026 को 09447 अहमदाबाद-पटना स्पेशल और 31 जुलाई 2026 को 09448 पटना-अहमदाबाद स्पेशल का संचालन किया जाएगा. इससे गुजरात और बिहार के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी.
ये भी पढ़ें