गर्मी की छुट्टियों में अगर आप धार्मिक यात्रा का प्लान बना रहे हैं, तो आपके लिए एक सुनहरा मौका है. इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन (IRCTC) ने भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन के जरिए 7 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन कराने के लिए एक विशेष टूर पैकेज लॉन्च किया है. यह यात्रा 11 दिन और 12 रात की होगी, जो 27 अप्रैल 2026 से शुरू होकर 8 मई 2026 तक संचालित की जाएगी. इस पैकेज के तहत श्रद्धालुओं को देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा.
इन प्रमुख स्थलों के होंगे दर्शन
इस यात्रा के दौरान पर्यटकों को उज्जैन स्थित महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग और ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन कराए जाएंगे. इसके अलावा गुजरात में द्वारकाधीश मंदिर, भेंट द्वारका, नागेश्वर ज्योतिर्लिंग और सोमनाथ ज्योतिर्लिंग भी यात्रा में शामिल हैं. महाराष्ट्र के नासिक में त्र्यंबकेश्वर ज्योतिर्लिंग, पंचवटी और कालाराम मंदिर का भी भ्रमण कराया जाएगा. साथ ही भीमाशंकर ज्योतिर्लिंग और संभाजीनगर स्थित घृष्णेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन भी इस यात्रा का हिस्सा होंगे. यात्रियों को इन स्थानों पर स्थित अन्य स्थानीय मंदिरों को देखने का अवसर भी मिलेगा.
ट्रेन में कुल 751 सीटों की व्यवस्था
इस टूर पैकेज के लिए कुल 751 बर्थ उपलब्ध कराई गई हैं. इनमें 2 एसी श्रेणी में 49 सीटें, 3 एसी में 210 सीटें और स्लीपर क्लास में 492 सीटें शामिल हैं. यात्री गोरखपुर के अलावा मनकापुर, अयोध्या कैंट, सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, प्रयागराज, रायबरेली, लखनऊ, कानपुर सेंट्रल, उरई, झांसी और ललितपुर जैसे प्रमुख रेलवे स्टेशनों से इस ट्रेन में सवार हो सकते हैं.
पैकेज में शामिल होंगी ये सुविधाएं
इस यात्रा पैकेज में ट्रेन यात्रा के साथ-साथ नाश्ता, दोपहर और रात का शाकाहारी भोजन शामिल होगा. इसके अलावा स्थानीय भ्रमण के लिए एसी और नॉन एसी बसों की सुविधा दी जाएगी. यात्रियों के ठहरने की व्यवस्था श्रेणी के अनुसार होटल में की जाएगी, जिसमें वॉश एंड चेंज की सुविधा भी शामिल है.
जानिए कितना होगा किराया
इकोनॉमी श्रेणी (स्लीपर क्लास) में यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए पैकेज का मूल्य 23,500 रुपये प्रति व्यक्ति रखा गया है, जबकि 5 से 11 वर्ष के बच्चों के लिए यह 22,160 रुपये है. स्टैंडर्ड श्रेणी (3 एसी) के लिए प्रति व्यक्ति 40,000 रुपये और बच्चों के लिए 38,430 रुपये तय किए गए हैं. वहीं कम्फर्ट श्रेणी (2 एसी) के लिए वयस्कों का किराया 53,260 रुपये और बच्चों का 51,370 रुपये रखा गया है.
EMI और LTC की सुविधा भी उपलब्ध
आईआरसीटीसी के अनुसार इस टूर पैकेज की बुकिंग ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर की जाएगी. खास बात यह है कि यात्रियों को इस योजना में EMI और LTC की सुविधा भी मिलेगी. EMI का लाभ सरकारी और गैर-सरकारी बैंकों के माध्यम से लिया जा सकता है.
इस तरह करें बुकिंग
इस टूर पैकेज की बुकिंग के लिए यात्री लखनऊ के गोमती नगर स्थित पर्यटन भवन में आईआरसीटीसी कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा IRCTC की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा भी उपलब्ध है.