Advertisement

Kanwar Yatra 2026: कांवड़ यात्रा के लिए लागू हुआ ट्रैफिक डायवर्जन, 12 अगस्त तक भारी वाहनों की एंट्री बंद, सफर से पहले देखें नया रूट प्लान

शामली की ओर से आने वाले वाहनों को लालूखेड़ी-पिन्ना बाईपास, राणा चौक और बहलना कट के रास्ते जानसठ पुल होकर शहर में प्रवेश दिया जाएगा. जबकि बागपत और बड़ौत से मुजफ्फरनगर आने वाले वाहनों को भी शामली-बनत, लालूखेड़ी-पिन्ना बाईपास, राणा चौक और बहलना कट के रास्ते जानसठ पुल से शहर में प्रवेश करना होगा.

Kanwar Yatra
संदीप सैनी
  • मुजफ्फरनगर,
  • 30 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 12:56 PM IST

Kanwar Yatra 2026: सावन के साथ शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा को लेकर उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह बदल दी गई है. लाखों कांवड़ियों की सुरक्षित और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस प्रशासन ने 29/30 जुलाई की मध्यरात्रि से 12 अगस्त 2026 तक विशेष ट्रैफिक डायवर्जन प्लान लागू कर दिया है. इस दौरान जिले में भारी वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक रहेगी, जबकि राष्ट्रीय राजमार्ग-58 (NH-58) पर भी चरणबद्ध तरीके से यातायात संचालित किया जाएगा. पुलिस ने लोगों से यात्रा पर निकलने से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी देखने और तय रूट का पालन करने की अपील की है.

12 अगस्त तक भारी वाहनों की एंट्री रहेगी बंद
मुजफ्फरनगर पुलिस के अनुसार, 29/30 जुलाई की रात से 12 अगस्त तक जिले की सीमा में किसी भी भारी वाहन को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी. यह फैसला कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, जाम की समस्या से बचाव और दुर्घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से लिया गया है.

NH-58 पर दो चरणों में लागू होगा ट्रैफिक प्लान
पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग-58 के लिए अलग-अलग चरणों में ट्रैफिक व्यवस्था तय की है. 29/30 जुलाई से 4 अगस्त तक हाईवे की बाईं लेन हरिद्वार से लौटने वाले कांवड़ियों के लिए आरक्षित रहेगी. वहीं दाहिनी लेन पर मेरठ से हरिद्वार और हरिद्वार से मेरठ जाने वाले हल्के वाहन नियंत्रित तरीके से चल सकेंगे.
4 अगस्त से राष्ट्रीय राजमार्ग-58 सामान्य वाहनों के लिए पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा. हाईवे की दोनों लेन केवल कांवड़ियों के लिए आरक्षित रहेंगी और आम वाहनों का संचालन वैकल्पिक मार्गों से कराया जाएगा.

इन रूटों से गुजरेंगे दूसरे राज्यों के वाहन
सहारनपुर और हरिद्वार की ओर से आने वाले सभी वाहन तथा आवश्यक वस्तुओं की सप्लाई करने वाले वाहन देवबंद, मलीरा कट, रामपुर तिराहा, पचैंडा, भोपा बाईपास, जानसठ बाईपास, मीरापुर और मोंटी तिराहा होते हुए मवाना के रास्ते मेरठ जा सकेंगे. वहीं बिजनौर जाने वाले वाहनों को मोंटी तिराहा से बैराज मार्ग का इस्तेमाल करना होगा. वापसी के दौरान भी यही वैकल्पिक मार्ग लागू रहेगा.

शामली, बागपत और बड़ौत से आने वाले वाहनों के लिए अलग व्यवस्था
पुलिस ने शामली और आसपास के क्षेत्रों से आने वाले वाहनों के लिए भी विशेष डायवर्जन तय किया है. शामली से आने वाले वाहन लालूखेड़ी-पिन्ना बाईपास, राणा चौक और बहलना कट होते हुए जानसठ पुल से शहर में प्रवेश कर सकेंगे. बागपत और बड़ौत से मुजफ्फरनगर आने वाले वाहनों को शामली-बनत, लालूखेड़ी-पिन्ना बाईपास, राणा चौक और बहलना कट के रास्ते जानसठ पुल से शहर में प्रवेश करना होगा.

एसएसपी ने लोगों से की यह अपील
मुजफ्फरनगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) संजय कुमार वर्मा ने कहा कि कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुगम और दुर्घटनामुक्त बनाने के लिए यह डायवर्जन व्यवस्था लागू की गई है. उन्होंने आम लोगों से अपील की कि यात्रा पर निकलने से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी जरूर देखें और निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें. इससे अनावश्यक जाम से बचने के साथ-साथ श्रद्धालुओं की यात्रा भी निर्बाध बनी रहेगी.

ये भी पढ़ें

 

    Read more!
    Advertisement

    RECOMMENDED

    Advertisement
    Advertisement