Advertisement

लोनावला-कर्जत रूट पर ट्रेनों की रफ्तार लौटी, भूस्खलन के बाद एक लाइन बहाल, 1100 कर्मचारी दिन-रात जुटे

मध्य रेलवे के 1100 से अधिक कर्मचारी भारी बारिश, कम दृश्यता और तेज हवाओं के बीच दिन-रात काम कर रहे हैं.

Landslide on Lonavala-Karjat section
दीपेश त्रिपाठी
  • लोनावला,
  • 08 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 4:44 PM IST

मध्य रेलवे के लोनावला-कर्जत घाट सेक्शन में 6 जुलाई 2026 को हुई भारी बारिश के कारण कई जगहों पर भूस्खलन हो गया था. इससे इस रूट पर ट्रेन सेवाएं प्रभावित हुई थीं. मध्य रेलवे ने युद्ध स्तर पर बहाली का काम शुरू किया है. मध्य रेलवे के मुताबिक 7 जुलाई 2026 को रात 10.30 बजे एक लाइन को बहाल कर दिया गया.

7 जुलाई की 11013 LTT-कोयंबटूर एक्सप्रेस को 8 जुलाई को सुबह 00.45 बजे 30 किमी प्रति घंटे की स्पीड रिस्ट्रिक्शन के साथ रवाना किया गया. 11041 दादर-साइनगर शिर्डी एक्सप्रेस भी 01.57 बजे चलाई गई. 12702 हैदराबाद- CSMT हुसैन सागर एक्सप्रेस को 8 जुलाई को सुबह 05.09 बजे रवाना किया गया. बाकी 2 लाइनों को बहाल करने का काम अभी जारी है.

1100 से अधिक कर्मचारी लगे काम में
मध्य रेलवे के 1100 से अधिक कर्मचारी भारी बारिश, कम दृश्यता और तेज हवाओं के बीच दिन-रात काम कर रहे हैं. घाट सेक्शन में मूसलाधार बारिश के बीच कठिन इलाके में काम करना चुनौतीपूर्ण है. कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए उन्हें रेनकोट, गमबूट और अन्य सुरक्षा उपकरण दिए गए हैं. रहने के लिए टेंट लगाए गए हैं. साथ ही चाय-नाश्ते के अलावा दोपहर और रात के खाने की व्यवस्था भी की गई है.

मलबा हटाने में तेजी लाने के लिए साइट पर भारी मशीनें लगाई गई हैं...
बोल्डर स्पेशल ट्रेन और ब्लास्ट रैक
1 यूनिमैट मशीन: ट्रैक की लेवलिंग और अलाइनमेंट के लिए
1 ड्यू मैटिक मशीन: ट्रैक ज्योमेट्री सुधारने के लिए
8 पोकलैंड मशीनें: मलबा और बड़े पत्थर हटाने के लिए
12 JCB: खुदाई और मलबा हटाने के काम में

कर्मचारियों को साइट तक लाने के लिए लेबर स्पेशल ट्रेनें भी चलाई जा रही हैं. 6 जुलाई को भारी बारिश के कारण लोनावला-कर्जत सेक्शन में कई जगह भूस्खलन हुआ. इससे कई ट्रेनें रद्द, शॉर्ट टर्मिनेट, शॉर्ट ओरिजिनेट, डायवर्ट और रिशेड्यूल करनी पड़ीं. मध्य रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर काम पर नजर रखे हुए हैं. रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि ट्रेन की ताजा जानकारी के लिए हेल्पलाइन या NTES ऐप देखें. सोशल मीडिया पर भी अपडेट दिए जा रहे हैं.मध्य रेलवे ने प्राकृतिक आपदा के कारण हुई असुविधा के लिए यात्रियों से सहयोग की अपील की है.

ये भी पढ़ें: 

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement