IRCTC New Website Launch: 15 जुलाई से लॉन्च होगी IRCTC की नई वेबसाइट, अब तत्काल टिकट बुक करना होगा पहले से ज्यादा आसान

IRCTC 15 जुलाई 2026 से नई वेबसाइट लॉन्च करेगा. इसमें तेज सर्वर, आसान यूजर इंटरफेस, बेहतर तत्काल टिकट बुकिंग, सरल कैप्चा, तेज PNR और रिफंड सेवाएं मिलेंगी.

रेलवे मंत्री अश्विनी वैष्णव ने IRCTC वेबसाइट रीलॉन्च की घोषणा की
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 02 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 10:16 AM IST

New IRCTC Website Launch: ट्रेन से सफर करने वाले करोड़ों यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है. अगर आपने भी कभी तत्काल टिकट बुक करते समय वेबसाइट हैंग होना, पेमेंट कटने के बाद टिकट न मिलना या फिर बार-बार कैप्चा भरने जैसी परेशानी झेली है, तो अब आपका यह अनुभव पूरी तरह बदल सकता है. भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (IRCTC) 15 जुलाई 2026 से अपनी नई और अपग्रेडेड वेबसाइट लॉन्च करने जा रहा है. रेलवे मंत्रालय अश्विन वैष्णव का कहना है कि यह सिर्फ वेबसाइट का नया लुक नहीं होगा, बल्कि पूरी टिकट बुकिंग व्यवस्था को पहले से ज्यादा तेज, आसान और भरोसेमंद बनाने की कोशिश होगी.

क्यों महसूस हुई नई वेबसाइट की जरूरत?
मौजूदा IRCTC वेबसाइट पर सबसे ज्यादा शिकायतें तत्काल टिकट बुकिंग के समय सामने आती रही हैं. सुबह टिकट खुलते ही लाखों लोग एक साथ लॉग-इन करते हैं, जिससे वेबसाइट की स्पीड धीमी पड़ जाती है. कई बार सर्वर जवाब देना बंद कर देता है और टिकट उपलब्ध दिखने के बावजूद पेमेंट के बाद 'रिग्रेट' का मैसेज आ जाता है. कई यात्रियों के पैसे भी कट जाते हैं, जबकि टिकट कन्फर्म नहीं हो पाता. नई वेबसाइट तैयार करते समय इन्हीं समस्याओं को प्राथमिकता से दूर करने पर काम किया गया है.

नई वेबसाइट में क्या-क्या होगा नया?
रेलवे मंत्रालय के मुताबिक नई वेबसाइट का यूजर इंटरफेस (UI) पूरी तरह बदला जा रहा है. इसे पहले से ज्यादा सरल और यूजर-फ्रेंडली बनाया जाएगा, ताकि पहली बार टिकट बुक करने वाला व्यक्ति भी बिना परेशानी प्रक्रिया पूरी कर सके. इसके साथ ही वेबसाइट की तकनीकी क्षमता भी बढ़ाई गई है. बैकएंड सिस्टम को मजबूत किया जा रहा है ताकि एक साथ बड़ी संख्या में लोग टिकट बुक करें, तब भी वेबसाइट आसानी से काम करती रहे. रिस्पॉन्स कैपेसिटी बढ़ने से पेज जल्दी खुलेंगे और टिकट बुकिंग की प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक स्मूद होने की उम्मीद है.

तत्काल टिकट बुकिंग होगी ज्यादा आसान
नई वेबसाइट का सबसे बड़ा फोकस तत्काल टिकट बुकिंग पर रखा गया है. रेलवे का कहना है कि पीक ऑवर्स के दौरान सर्वर पर पड़ने वाले अतिरिक्त दबाव को संभालने के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर अपग्रेड किया गया है. इसका सीधा फायदा उन यात्रियों को मिलेगा जो हर दिन सुबह कुछ ही मिनटों में टिकट बुक करने की कोशिश करते हैं.

कैप्चा, PNR और रिफंड से जुड़ी सुविधाएं भी होंगी बेहतर
नई वेबसाइट में जटिल कैप्चा सिस्टम को आसान बनाया जाएगा. कुछ मामलों में इसे हटाने पर भी काम किया गया है, जिससे टिकट बुक करने में कम समय लगेगा. सिर्फ टिकट बुकिंग ही नहीं, बल्कि PNR स्टेटस देखना, रिफंड की जानकारी लेना और दूसरी यात्री सेवाओं तक पहुंचना भी पहले से ज्यादा आसान और तेज होगा. इससे यात्रियों को अलग-अलग पेज खोजने या लंबी प्रक्रिया से नहीं गुजरना पड़ेगा.

एक छात्रा की शिकायत से शुरू हुआ बदलाव
इस बड़े बदलाव की शुरुआत जयपुर स्थित मालवीय राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (MNIT) में आयोजित एक संवाद कार्यक्रम से हुई. यहां इंजीनियरिंग छात्रा लाभिषा मीणा ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के सामने IRCTC वेबसाइट की धीमी स्पीड, बार-बार आने वाले कैप्चा और तत्काल टिकट बुकिंग के दौरान होने वाली दिक्कतों का मुद्दा उठाया. शिकायत सुनने के बाद रेल मंत्री ने मौके पर ही अधिकारियों को अगले 30 दिनों के भीतर डिजिटल प्लेटफॉर्म में बड़े सुधार करने के निर्देश दिए. इसके बाद रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने लाभिषा मीणा के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की. इस दौरान नई वेबसाइट का प्रोटोटाइप दिखाया गया और छात्रा से सुझाव व फीडबैक भी लिया गया, ताकि अंतिम प्लेटफॉर्म यात्रियों की जरूरतों के अनुसार तैयार किया जा सके.

करोड़ों यात्रियों को मिलेगा फायदा
रेलवे का मानना है कि नई वेबसाइट से टिकट बुकिंग का अनुभव पहले से कहीं बेहतर होगा. तेज स्पीड, मजबूत सर्वर, आसान इंटरफेस और बेहतर डिजिटल सेवाओं की मदद से करोड़ों यात्रियों को राहत मिलेगी. खासकर उन लोगों के लिए, जो हर दिन या अक्सर IRCTC के जरिए टिकट बुक करते हैं, यह बदलाव काफी उपयोगी साबित हो सकता है.
 

ये भी पढ़ें

 

Read more!

RECOMMENDED