punjab Bus Service: पंजाब में बस सेवा का डिजिटल कायाकल्प, QR पेमेंट से ऑनलाइन टिकटिंग, 1279 नई आधुनिक बसें और 5 शहरों में अपग्रेड होंगे टर्मिनल, महिलाओं को फ्री बस की सुविधा रहेगी जारी

पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार राज्य की बस सेवा को पूरी तरह डिजिटल और आधुनिक बनाने जा रही है. QR कोड और UPI से पेमेंट, मोबाइल ऐप से ऑनलाइन टिकटिंग, 1,279 नई बसें और पांच शहरों में आधुनिक बस टर्मिनल इसका हिस्सा हैं. महिलाओं को फ्री बस सुविधा जारी रहेगी.

CM Bhagwant Singh Mann Flagged off the Buses.
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 31 जनवरी 2026,
  • अपडेटेड 3:56 PM IST

पंजाब में सार्वजनिक परिवहन को लेकर बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है. मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी सरकार राज्य की बस सेवा का डिजिटल और आधुनिक कायाकल्प कर रही है. इस पहल का सीधा फायदा महिलाओं, बुजुर्गों, छात्रों और रोजाना सफर करने वाले यात्रियों को मिलेगा.

महिलाओं को फ्री बस की सुविधा
आम आदमी पार्टी ने पहले दिल्ली में महिलाओं और स्टूडेंट्स के लिए फ्री बस की सुविधा शुरू की थी. अब पंजाब में भी लंबे समय से यह सुविधा मिल रही है, जिससे वर्किंग महिलाओं की अच्छी खासी बचत हो रही है. रोज का 50-100 रुपए किराया बच जाता है तो महीने का 1500-3000 रुपए बचता है. साल भर में 20000-25000 रुपए की सीधी बचत. महिलाएं बेफिक्र होकर काम पर जा सकती हैं, बच्चों को स्कूल छोड़ने जा सकती हैं, मार्केट जा सकती हैं. फिलहाल पंजाब में 2267 बसें चल रही हैं. इनमें PUNBUS की 1119 और PRTC की बाकी बसें हैं. इन सभी में महिलाओं को फ्री ट्रैवल मिल रहा है. इसके साथ ही सरकारी बसों में सफर करने से महिलाओं की सेफ्टी भी बेहतर होगी. सभी बसों में CCTV कैमरे लगे हैं और GPS ट्रैकिंग है. इन सुविधाओं के चलते महिलाओं की राइडरशिप में भी बढ़ोतरी देखने को मिली है.

बसों में और बेहतर होंगी सुविधाएं
अब पंजाब सरकार 1279 नई बसें ला रही है. इनमें से 796 बसें खरीदी जाएंगी और 483 लीज पर ली जाएंगी. PUNBUS को 602 नई बसें मिलेंगी यानी कुल 1721 बसें हो जाएंगी. PRTC को 670 नई बसें मिलेंगी. इन बसों में और भी बेहतर सुविधाएं होंगी. व्हीलचेयर एक्सेस, BS-VI इंजन, जिससे प्रदूषण कम होगा, LED लाइट्स, फायर डिटेक्शन सिस्टम और आधुनिक सेफ्टी फीचर्स बसों में होंगे.

घर बैठे कर सकेंगे टिकट बुक
साथ ही डिजिटल टिकटिंग सिस्टम भी आ रहा है. अब मोबाइल ऐप से घर बैठे टिकट बुक कर सकेंगे, बस का लाइव लोकेशन देख सकेंगे कि बस कहां है और कितनी देर में आएगी. QR कोड, UPI, कार्ड से पेमेंट हो सकेगा. इस तरह से टिकट के लिए लाइन में खड़े होने की झंझट खत्म. महिलाओं को स्मार्ट कार्ड से फ्री ट्रैवल जारी रहेगा.

बस टर्मिनलों को भी किया जा रहा अपग्रेड
बसों के साथ-साथ बस टर्मिनलों को भी अपग्रेड किया जा रहा है. परिवहन मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर के अनुसार, लुधियाना, जालंधर, संगरूर, पटियाला और बठिंडा के बस टर्मिनलों को पीपीपी मॉडल के तहत आधुनिक बनाया जाएगा. इन टर्मिनलों पर रोजाना लाखों लोग आते-जाते हैं. सिर्फ लुधियाना और जालंधर में ही 75000 से 1 लाख यात्री रोज यात्रा करते है. पटियाला और बठिंडा में रोजाना 50000 यात्री आते हैं. नए टर्मिनलों में बेहतर वेटिंग एरिया, साफ-सुथरे शौचालय, अच्छी लाइटिंग, ढांचागत पार्किंग सिस्टम और सुरक्षित बोर्डिंग व्यवस्था होगी. बुजुर्गों और दिव्यांगों के लिए बाधारहित पहुंच की व्यवस्था होगी. टर्मिनलों में दुकानें, ऑफिस और अन्य सुविधाएं भी होंगी, जिससे ये सिर्फ बस टर्मिनल नहीं बल्कि शहरी हब बन जाएंगे.

AAP सरकार हर वादा कर रही पूरा
आम आदमी पार्टी की पंजाब सरकार महिलाओं और आम जनता की सुविधा के लिए लगातार काम कर रही है. फ्री बस सेवा से लेकर 1279 नई आधुनिक बसें और पांच शहरों में टर्मिनलों का आधुनिकीकरण. यह सिर्फ बसें नहीं, बल्कि महिलाओं की आजादी और आर्थिक सशक्तिकरण का जरिया है. AAP सरकार का वादा- हर महिला और हर नागरिक तक सस्ती, सुरक्षित और आधुनिक बस सेवा पहुंचाना. मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब का सार्वजनिक परिवहन देश में नया मानक स्थापित कर रहा है.

 

Read more!

RECOMMENDED