मिथिलांचल और उत्तर बिहार के रेल यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है. अब तिरुपति बालाजी मंदिर के दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं को सीधी ट्रेन सेवा मिल गई है. रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रक्सौल और तिरुपति के बीच नई साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन का संचालन शुरू कर दिया है. इससे बिहार के कई जिलों के यात्रियों का सफर पहले के मुकाबले काफी आसान हो जाएगा.
1 जून से शुरू हुई नई ट्रेन सेवा
रेलवे ने 17433/17434 रक्सौल-तिरुपति-रक्सौल एक्सप्रेस के संचालन की घोषणा की है. यह ट्रेन 1 जून 2026 से नियमित रूप से चलाई जा रही है. नई सेवा शुरू होने से तिरुपति बालाजी मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं को अब बार-बार ट्रेन बदलने की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा.
किस दिन चलेगी ट्रेन?
रेलवे के अनुसार ट्रेन संख्या 17433 तिरुपति-रक्सौल एक्सप्रेस प्रत्येक सोमवार को तिरुपति से रवाना होगी. वहीं ट्रेन संख्या 17434 रक्सौल-तिरुपति एक्सप्रेस प्रत्येक गुरुवार को रक्सौल से चलेगी. इस साप्ताहिक सेवा से दोनों दिशाओं के यात्रियों को सुविधाजनक यात्रा का विकल्प मिलेगा.
कई महत्वपूर्ण स्टेशनों से होकर गुजरेगी ट्रेन
पूर्व मध्य रेल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चन्द्र ने बताया कि यह ट्रेन दरभंगा, समस्तीपुर, बरौनी, झाझा, धनबाद, रांची, राउरकेला, बिलासपुर, रायपुर, गोंदिया और सिकंदराबाद जैसे प्रमुख स्टेशनों से होकर संचालित की जाएगी. इस रूट के कारण बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा और तेलंगाना के यात्रियों को भी इसका लाभ मिलेगा.
यात्रियों की जरूरत के हिसाब से कोच व्यवस्था
नई ट्रेन में कुल 24 कोच लगाए गए हैं. इनमें द्वितीय वातानुकूलित श्रेणी के 3 कोच, तृतीय वातानुकूलित श्रेणी के 5 कोच, शयनयान श्रेणी के 10 कोच, सामान्य श्रेणी के 4 कोच और एसएलआरडी के 2 कोच शामिल हैं. रेलवे ने विशेष रूप से स्लीपर कोचों की संख्या अधिक रखी है ताकि मध्यम वर्ग के यात्रियों को आसानी से सीट उपलब्ध हो सके और कम खर्च में लंबी दूरी की यात्रा की जा सके.
तिरुपति से रक्सौल का समय
ट्रेन संख्या 17433 तिरुपति-रक्सौल एक्सप्रेस प्रत्येक सोमवार सुबह 8:15 बजे तिरुपति से रवाना होगी. यह बुधवार को 3:45 बजे धनबाद, 8:00 बजे झाझा, 8:51 बजे किउल, 10:40 बजे बरौनी, 12:15 बजे समस्तीपुर, 1:28 बजे दरभंगा और 2:55 बजे सीतामढ़ी पहुंचते हुए शाम 5:00 बजे रक्सौल पहुंचेगी.
रक्सौल से तिरुपति का समय
ट्रेन संख्या 17434 रक्सौल-तिरुपति एक्सप्रेस 4 जून 2026 से प्रत्येक गुरुवार को सुबह 3:15 बजे रक्सौल से रवाना होगी. यह 4:42 बजे सीतामढ़ी, 7:00 बजे दरभंगा, 8:13 बजे समस्तीपुर, 9:20 बजे बरौनी, 10:38 बजे किउल, 12:20 बजे झाझा और 4:15 बजे धनबाद सहित विभिन्न स्टेशनों पर रुकते हुए शनिवार सुबह 9:30 बजे तिरुपति पहुंचेगी.
श्रद्धालुओं के लिए बड़ी सुविधा
नई ट्रेन सेवा शुरू होने से मिथिलांचल और उत्तर बिहार के हजारों श्रद्धालुओं को सीधा लाभ मिलेगा. खासकर तिरुपति बालाजी मंदिर जाने वाले यात्रियों के लिए यह ट्रेन किसी सौगात से कम नहीं मानी जा रही है. इससे यात्रा अधिक सुविधाजनक, किफायती और समय की दृष्टि से भी आसान हो जाएगी.
ये भी पढ़ें