अगर आप अगस्त में दक्षिण भारत घूमने का प्लान बना रहे हैं तो IRCTC आपके लिए एक बेहतरीन हवाई टूर पैकेज लेकर आया है. मैजेस्टिक साउथर्न- मैसूर से कोयंबटूर नाम का यह पैकेज 7 रात और 8 दिन का है. इस दौरान पर्यटक मैसूर, कूर्ग, ऊटी और कोयंबटूर के प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों की सैर करेंगे. पैकेज में फ्लाइट, होटल, भोजन जैसी सुविधाएं भी शामिल हैं.
19 से 26 अगस्त तक चलेगा टूर
IRCTC का यह विशेष हवाई टूर 19 अगस्त 2026 से 26 अगस्त 2026 तक संचालित किया जाएगा. यात्रियों के लिए लखनऊ से बेंगलुरु और वापसी में कोयंबटूर से लखनऊ तक फ्लाइट की व्यवस्था की गई है. पूरे सफर के दौरान ठहरने की सुविधा तीन सितारा होटल में मिलेगी. साथ ही भोजन और स्थानीय परिवहन भी पैकेज में शामिल रहेगा, जिससे यात्रियों को अलग से किसी व्यवस्था की चिंता नहीं करनी पड़ेगी.
इन खूबसूरत जगहों का मिलेगा भ्रमण
यात्रा की शुरुआत बेंगलुरु से मैसूर के लिए होगी. रास्ते में पर्यटक श्रीरंगापट्टनम मंदिर के दर्शन करेंगे. मैसूर में मैसूर पैलेस, वृंदावन गार्डन और चामुंडी मंदिर घूमने का मौका मिलेगा. इसके बाद कूर्ग में स्वर्ण मंदिर, दुबारे एलीफेंट कैंप, भागमंडला मंदिर, अब्बे फॉल्स और ओंकारेश्वर स्वामी मंदिर का भ्रमण कराया जाएगा. कूर्ग से ऊटी जाते समय प्रसिद्ध देवदार के जंगल भी दिखाए जाएंगे. ऊटी में पर्यटक बोटैनिकल गार्डन, ऊटी झील, रोज गार्डन, टी म्यूजियम और डोड्डाबेट्टा पीक का आनंद ले सकेंगे. वहीं, कोयंबटूर में दुनिया की प्रसिद्ध आदियोगी शिव प्रतिमा का भी दर्शन कराया जाएगा.
जानिए कितना है पैकेज का किराया
सिंगल ऑक्यूपेंसी: 73,000 प्रति व्यक्ति
डबल शेयरिंग: 53,000 प्रति व्यक्ति
ट्रिपल शेयरिंग: 49,800 प्रति व्यक्ति
बेड के साथ बच्चे का किराया: 42,300
बिना बेड के बच्चे का किराया: 34,800
ऐसे कर सकते हैं बुकिंग
IRCTC के उत्तर क्षेत्र, लखनऊ के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक अजीत कुमार सिन्हा के अनुसार इस टूर की बुकिंग 'पहले आओ, पहले पाओ' के आधार पर की जाएगी. इच्छुक यात्री लखनऊ के गोमती नगर स्थित IRCTC पर्यटन कार्यालय में जाकर बुकिंग करा सकते हैं. इसके अलावा IRCTC की आधिकारिक वेबसाइट irctctourism.com के माध्यम से भी ऑनलाइन बुकिंग की जा सकती है.