Advertisement

Tourism: पर्यटकों के लिए खुशखबरी... सितंबर की भीषण गर्मी के बीच हो गई है पहाड़ों में फिर से बर्फबारी, प्लान बनाएं और परिवार के साथ घूम आएं

हिमाचल के साच पास, कश्मीर की तुलैल वैली और जोजिला से लेकर उत्तराखंड के चमोली तक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी ने पहाड़ों को नया रूप दे दिया है. अगर आपको बर्फ से ढके पहाड़, ठंडी हवा और प्राकृतिक नजारे पसंद हैं, तो इन जगहों की तस्वीरें देखकर आपका भी इन जगहों पर जाने का हो सकता है.

पर्यटकों के लिए खुशखबरी... पहाड़ों में सितंबर 2026 में हुई बर्फबारी
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 18 सितंबर 2026,
  • अपडेटेड 10:28 AM IST

Snowfall Destinations in September 2026: सितंबर में जहां मैदानी इलाकों में गर्मी ने आतंक मचा रखा है, वहीं देश के पहाड़ी हिस्सों में मौसम ने अभी से सर्दी की झलक दिखानी शुरू कर दी है. हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड के कई ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और ओलावृष्टि हुई है, जिसके बाद सितंबर 2026 में एक बार फिर पहाड़ों पर सफेद चादर बिछ गई है.

ताजा बर्फबारी के बाद पहाड़ों की चोटियां और घाटियां बर्फ से ढकी नजर आ रही हैं और इन जगहों का नजारा देखने में बेहद खूबसूरत लग रहा है. कश्मीर के गुरेज और काबुल गली से लेकर हिमाचल के साच पास और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों तक मौसम ने पहाड़ों की खूबसूरती और बढ़ा दी है. अगर आप भी सितंबर में इन बर्फीले नजारों का लुत्फ उठाना चाहते हैं, तो घूमने का प्लान बनाएं और पूरे परिवार के साथ इन खूबसूरत पहाड़ी जगहों के दीदार  को निकल जाइए. 

साच पास, चंबा
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में स्थित साच पास में सितंबर 2026 में सीजन की पहली बर्फबारी हुई है. समुद्र तल से करीब 14,500 फीट की ऊंचाई पर स्थित इस दर्रे में ताजा बर्फ पड़ने के बाद पहाड़ियां सफेद चादर से ढकी नजर आ रही हैं. बर्फ से ढके पहाड़ों का यह नजारा यहां की खूबसूरती को और बढ़ा रहा है. साच पास चंबा को पांगी घाटी से जोड़ता है और गर्मियों के मौसम में यह इलाका अपने पहाड़ी नजारों के लिए जाना जाता है. ताजा बर्फबारी के बाद यहां का पूरा दृश्य सर्दियों जैसा दिखाई देने लगा है.

गुरेज, जम्मू-कश्मीर
जम्मू-कश्मीर के बांदीपोरा जिले की गुरेज घाटी में स्थित तुलैल वैली की काबुल गली में भी सीजन की पहली बर्फबारी हुई है. ऊंचाई वाले इस इलाके में बर्फ गिरने के बाद पहाड़ों की ऊपरी चोटियां सफेद नजर आने लगी हैं. काबुल गली लद्दाख की सीमा के करीब स्थित ऊंचाई वाला इलाका है. यहां जल्दी बर्फबारी होने के कारण बदलते मौसम के साथ घाटी का नजारा भी काफी अलग दिखाई देने लगता है. ताजा बर्फ ने तुलैल वैली की प्राकृतिक खूबसूरती को और निखार दिया है. अगर आप सोलो ट्रेवलर हैं और एक्सप्लॉर करना पसंद है, तो इस जगह का रूख कर सकते हैं. यहां घूमने के साथ आपको एडवेंचर का भी मजा आएगा.

जोजिला, कश्मीर
श्रीनगर-लेह हाईवे पर स्थित जोजिला के जीरो प्वाइंट पर भी सीजन की पहली बर्फबारी शुरू हो गई है. ऊंचाई वाले कश्मीर के कई हिस्सों में बर्फबारी के बाद मौसम में ठंडक बढ़ गई है. पहाड़ों पर सफेद बर्फ की परत और उसके आसपास का प्राकृतिक नजारा इस इलाके को अलग ही रूप दे रहा है. सितंबर में ही सर्दियों की झलक मिलने से यहां का मौसम और पहाड़ी दृश्य पर्यटकों के लिए खास आकर्षण बन रहा है. अगर आप चाहें तो परिवार के साथ यहां जा सकते हैं.

चमोली, उत्तराखंड
उत्तराखंड के चमोली जिले के ऊंचाई वाले इलाकों में भी मौसम ने करवट ली है. यहां कई जगह हल्की बर्फबारी और ओलावृष्टि हुई, जिसके बाद तापमान में गिरावट आई है. निचले इलाकों में हल्की बारिश का दौर भी जारी है. हेमकुंड साहिब के साथ भगवान रुद्रनाथ से भी बदले मौसम की तस्वीरें सामने आई हैं. पहाड़ों पर बर्फ और ओलों की सफेद परत ने यहां के प्राकृतिक नजारों को और आकर्षक बना रहा है.

(नोट- हाड़ी इलाकों में मौसम तेजी से बदलता है और बर्फबारी के कारण रास्ते बंद हो सकते हैं. इसलिए यात्रा शुरू करने से पहले स्थानीय प्रशासन (Local Administration) की मौसम चेतावनी और रूट स्थिति की जांच अवश्य कर लें.)
 

ये भी पढ़ें

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement