गर्मी की छुट्टियों में यात्रियों को बड़ी राहत, इस रूट पर रेलवे चला रहा कई स्पेशल ट्रेनें, भीड़ कम होगी और कन्फर्म टिकट मिलने का चांस बढ़ेगा

समस्तीपुर रेल मंडल के तहत सहरसा से यशवंतपुर (बेंगलुरु) के बीच ग्रीष्मकालीन स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला लिया गया है. यह ट्रेन बिहार से झारखंड, ओडिशा, आंध्र प्रदेश होते हुए कर्नाटक तक सीधी कनेक्टिविटी देगी, जिससे हजारों यात्रियों को सीधा फायदा मिलेगा.

Special Train
जहांगीर आलम
  • समस्तीपुर,
  • 15 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 2:15 PM IST

गर्मी की छुट्टियों में दक्षिण भारत जाने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है. बढ़ती भीड़ और टिकट की मारामारी को देखते हुए भारतीय रेलवे ने खास पहल की है. समस्तीपुर रेल मंडल के तहत सहरसा से यशवंतपुर (बेंगलुरु) के बीच ग्रीष्मकालीन स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला लिया गया है. यह ट्रेन बिहार से झारखंड, ओडिशा, आंध्र प्रदेश होते हुए कर्नाटक तक सीधी कनेक्टिविटी देगी, जिससे हजारों यात्रियों को सीधा फायदा मिलेगा.

सहरसा-यशवंतपुर-सहरसा ग्रीष्मकालीन स्पेशल एक्सप्रेस 
05551/05552 सहरसा-यशवंतपुर-सहरसा ग्रीष्मकालीन स्पेशल एक्सप्रेस सीमित फेरों के लिए चलाई जाएगी. सहरसा से यशवंतपुर जाने वाली ट्रेन 16 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक हर गुरुवार को चलेगी और कुल 3 फेरे लगाएगी. वहीं वापसी में 05552 यशवंतपुर-सहरसा स्पेशल 19 अप्रैल से 3 मई 2026 तक हर रविवार को चलेगी, जिसके भी 3 फेरे तय किए गए हैं.

गर्मियों में बढ़ने वाली भीड़ कम करने में मिलेगी मदद
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, इस स्पेशल ट्रेन के शुरू होने से गर्मियों में बढ़ने वाली भीड़ को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकेगा. खासकर छात्रों, मजदूरों और नौकरीपेशा लोगों के लिए यह ट्रेन काफी मददगार साबित होगी, जो बड़ी संख्या में दक्षिण भारत की ओर जाते हैं. सबसे बड़ी राहत यह है कि यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिलने की संभावना बढ़ेगी.

ट्रेन में कुल 22 एलएचबी कोच लगाए गए हैं, जो सुरक्षा और आराम के लिहाज से बेहतर माने जाते हैं. इसमें 2 लगेज सह जनरेटर कोच, 2 सामान्य श्रेणी, 4 स्लीपर और 14 एसी 3-टियर इकोनॉमी कोच शामिल हैं. लंबी दूरी की यात्रा को ध्यान में रखते हुए कोच संरचना को संतुलित रखा गया है, ताकि हर वर्ग के यात्रियों को सुविधा मिल सके.

यहां चेक करें स्टॉपेज
यह ट्रेन सहरसा से शाम 8:25 बजे रवाना होकर रास्ते में सिमरी बख्तियारपुर, मानसी, खगड़िया, बेगूसराय, बरौनी, किउल, झाझा, जसीडीह, आसनसोल जैसे प्रमुख स्टेशनों पर रुकते हुए भुवनेश्वर, विशाखापत्तनम और विजयवाड़ा होते हुए अगले दिन रात 10:30 बजे यशवंतपुर पहुंचेगी. वापसी में ट्रेन यशवंतपुर से सुबह 7 बजे खुलकर तीसरे दिन सहरसा पहुंचेगी. इस विशेष ट्रेन से न केवल यात्रा आसान होगी, बल्कि भीड़भाड़ में कमी आएगी और यात्रियों को सुरक्षित व आरामदायक सफर मिल सकेगा.

 

Read more!

RECOMMENDED