Advertisement

अरे बाप रे! ऑस्ट्रेलिया में एक साथ 1 लाख से ज्यादा कॉकरोच जब्त, कुछ हथेली जितने बड़े भी निकले

ऑस्ट्रेलिया में अधिकारियों ने एक ऐसी बड़ी कार्रवाई की है जिसने सबको हैरान कर दिया. एक ही जगह से 1 लाख से ज्यादा विदेशी कॉकरोच जब्त किए गए हैं, जिनमें कुछ इतने बड़े हैं कि इंसान की हथेली जितने दिखते हैं.

Australia cockroach seizure
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 05 जून 2026,
  • अपडेटेड 11:58 AM IST
  • ऑस्ट्रेलिया में 1 लाख से ज्यादा कॉकरोच जब्त
  • 1 लाख से ज्यादा कॉकरोच एक साथ पकड़े गए

ऑस्ट्रेलिया में 1 लाख से ज्यादा अवैध विदेशी कॉकरोच जब्त किए गए हैं. जब्त किए गए कॉकरोच और उनकी ब्रीडिंग कॉलोनियों की कीमत करीब 1.4 करोड़ रुपए आंकी गई है.  यह ऑस्ट्रेलिया में अवैध विदेशी कीड़ों की सबसे बड़ी जब्ती है. ऑस्ट्रेलिया के जलवायु परिवर्तन, ऊर्जा, पर्यावरण और जल विभाग (DCCEEW) ने बताया कि यह बरामदगी न्यू साउथ वेल्स के बाथर्स्ट स्थित एक प्रॉपर्टी से की गई.

जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि इन जीवों को देश में कैसे लाया गया और क्या जैव सुरक्षा तथा वन्यजीव व्यापार से जुड़े कानूनों का उल्लंघन किया गया है.

हथेली जितने बड़े कॉकरोच भी मिले
जब्त किए गए जीवों में मेडागास्कर हिसिंग कॉकरोच भी शामिल हैं. यह दुनिया के सबसे बड़े तिलचट्टों में गिने जाते हैं और आकार में इंसान की हथेली जितने बड़े हो सकते हैं. इनकी खासियत यह है कि खतरा महसूस होने पर ये फुफकार जैसी आवाज निकालते हैं, जिसके कारण इन्हें 'हिसिंग कॉकरोच' कहा जाता है. ये कॉकरोच मूल रूप से मेडागास्कर में पाए जाते हैं और विदेशी पालतू जीवों तथा दुर्लभ कीटों के शौकीनों के बीच इनकी काफी मांग रहती है.

3 हजार से ज्यादा ब्रीडिंग कॉलोनियां मिलीं
जांच के दौरान 1 लाख से अधिक कीटों के अलावा 3,000 से ज्यादा ब्रीडिंग कॉलोनियां भी बरामद की गईं. दुर्लभ और विदेशी प्रजातियों की मांग के कारण इनकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अच्छी कीमत मिलती है. यही वजह है कि पूरा संग्रह लाखों डॉलर का बताया जा रहा है.

पर्यावरण के लिए बन सकते हैं बड़ा खतरा
ऑस्ट्रेलियाई अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि अगर ऐसी विदेशी प्रजातियां प्राकृतिक वातावरण में पहुंच जाएं तो वे स्थानीय जैव विविधता के लिए गंभीर खतरा बन सकती हैं. ये कीट स्थानीय प्रजातियों के साथ भोजन और संसाधनों के लिए प्रतिस्पर्धा कर सकते हैं और पूरे पारिस्थितिकी तंत्र को प्रभावित कर सकते हैं. कई विदेशी प्रजातियां तेजी से फैलती हैं और बाद में उन्हें नियंत्रित करना बेहद मुश्किल हो जाता है. इसी वजह से ऑस्ट्रेलिया दुनिया के सबसे सख्त बायो-सिक्योरिटी नियमों वाले देशों में शामिल है.

फिलहाल अधिकारियों ने उस व्यक्ति की पहचान सार्वजनिक नहीं की है, जिसके पास से यह संग्रह मिला. मामले की जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं.

ये भी पढ़ें

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement