Advertisement

टेक्सास के स्कूल में गोलीबारी से 19 बच्चों समेत 23 की मौत, शोक में तीन दिन तक झुका रहेगा अमेरिकी झंडा

Texas Shooting: अमेरिका में एक प्राथमिक विद्यालय में 18 वर्षीय एक शूटर ने 19 बच्चों समेत 23 लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी. टेक्सास के गवर्नर ग्रेग एबॉट ने हमले की जानकारी दी है.

टेक्सास गोलीबारी
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 25 मई 2022,
  • अपडेटेड 4:40 PM IST
  • हमले में दो पुलिसवालों को लगी गोली
  • 28 मई तक आधा झुका रहेगा अमेरिकी झंडा

Texas School Shooting: अमेरिका में इन दिनों लगातार कहीं ना कहीं से गोलीबारी की घटनाएं सामने आ रही हैं. अब यहां एक प्राथमिक विद्यालय में 18 वर्षीय एक शूटर ने 19 बच्चों समेत 23 लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी. टेक्सास के गवर्नर ग्रेग एबॉट ने हमले की जानकारी दी है. गवर्नर ने बताया कि जवाबी कार्रवाई में हमलावर भी मारा गया. हमलावर की पहचान सेल्वाडोर रामोस के नाम से हुई है, जिसे पुलिस ने मौके पर ही मार गिराया था. माना जा रहा है कि हमलावर के पास एक हैंडगन और राइफल थी. गोलीबारी की घटना टेक्सास के उवाल्डे शहर में हुई है. 

हमले में दो पुलिसवालों को लगी गोली
गवर्नर ग्रेग एबॉट ने बताया कि पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो पुलिस अधिकारियों को भी गोली मार दी गई, हालांकि उनके बचने की उम्मीद है. एसोसिएटेड प्रेस (AP) की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि यह लगभग एक दशक में किसी अमेरिकी स्कूल पर होने वाला सबसे घातक हमला है, इतना ही नहीं टेक्सास के इतिहास में भी आज तक ऐसा हमला नहीं हुआ है. संघीय कानून प्रवर्तन अधिकारियों ने कहा कि मरने वालों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है.

28 मई तक आधा झुका रहेगा अमेरिकी झंडा
व्हाइट हाउस ने कहा कि राष्ट्रपति जो बाइडेन को गोलीबारी की घटना के बारे में बता दिया गया है और वह दक्षिण कोरिया और जापान की अपनी पांच दिवसीय यात्रा से लौटने के बाद आज राष्ट्र को संबोधित करेंगे. बिडेन ने आदेश दिया है कि एलीमेंट्री स्कूल  हुई गोलीबारी में मारे गए लोगों के सम्मान में सभी सैन्य और नौसेना के जहाजों, स्टेशनों सहित विदेशों में सभी अमेरिकी दूतावासों और अन्य कार्यालयों में 28 मई के सूर्यास्त तक आधा झंडा झुकाने का एलान किया. 

शूटर की मौके पर हत्या
नाम न छापने की शर्त पर एपी से बात करते हुए एक कानून प्रवर्तन अधिकारी ने कहा कि जब शूटिंग शुरू हुई थी, तभी शूटर की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. बॉर्डर पेट्रोल एजेंट बैकअप की प्रतीक्षा किए बिना स्कूल में पहुंचे और शूटर का सामना किया. स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि रॉब एलीमेंट्री स्कूल के अंदर गोलीबारी की खबर आने के बाद उवाल्डे के सभी सरकारी स्कूलों को बंद करा दिया गया था.

स्कूल में 600 छात्र थे मौजूद
रॉब एलीमेंट्री स्कूल में करीब 600 छात्र थे. स्कूल में शूटर के घुसने की खबर मिलते ही कानून प्रवर्तन एजेंसियां और आपातकालीन सेवाएं तुरंत मौके पर पहुंच गईं. उवाल्डे पुलिस विभाग ने फेसबुक पर कहा कि माता-पिता समेत लोगों को कैंपस से दूर रहना चाहिए. घटना के बाद छात्रों को स्कूल से दूर एक सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया और उन्हें उनके माता-पिता को सौंप दिया गया.

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement