Advertisement

इलेक्ट्रिक हवाई जहाज में सैर! सिर्फ 694 रुपये में 130 किमी का सफर, हेलीकॉप्टर से 20 गुना सस्ता! 

इस महीने की शुरुआत में, एलिया CX300 ने न्यूयॉर्क के ईस्ट हैम्पटन से जॉन एफ. कैनेडी (JFK) एयरपोर्ट तक 4 यात्रियों के साथ उड़ान भरी. सिर्फ 35 मिनट में इसने 130 किलोमीटर (70 नॉटिकल मील) का सफर तय किया. हैरानी की बात? इस उड़ान का खर्च था महज 694 रुपये ($8)!

इलेक्ट्रिक हवाई जहाज
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 23 जून 2025,
  • अपडेटेड 2:42 PM IST

क्या आपने कभी सोचा कि हवाई जहाज से उड़ान इतनी सस्ती और शांत हो सकती है कि आप दोस्तों के साथ गप्पें मारते हुए सफर करें? जी हां, अमेरिका में एक ऐसा कमाल हो गया है, जो हवाई यात्रा की दुनिया को हमेशा के लिए बदल सकता है! बीटा टेक्नोलॉजीज की एलिया CX300 ने इतिहास रच दिया है. ये दुनिया का पहला ऑल-इलेक्ट्रिक हवाई जहाज है, जिसने यात्रियों को लेकर उड़ान भरी. सिर्फ 694 रुपये में 130 किमी का सफर, वो भी बिना इंजन की खटपट और शोर के!

क्या हुआ न्यूयॉर्क के आसमान में?
इस महीने की शुरुआत में, एलिया CX300 ने न्यूयॉर्क के ईस्ट हैम्पटन से जॉन एफ. कैनेडी (JFK) एयरपोर्ट तक 4 यात्रियों के साथ उड़ान भरी. सिर्फ 35 मिनट में इसने 130 किलोमीटर (70 नॉटिकल मील) का सफर तय किया. हैरानी की बात? इस उड़ान का खर्च था महज 694 रुपये ($8)! अगर यही सफर हेलिकॉप्टर से होता, तो 13,885 रुपये ($160) का ईंधन खर्च होता. यानी, ये इलेक्ट्रिक हवाई जहाज हेलिकॉप्टर से 20 गुना सस्ता है! और मजा ये कि बिना इंजन के शोर के यात्रियों ने पूरे रास्ते आराम से बातें की.

बीटा टेक्नोलॉजीज के फाउंडर और सीईओ काइल क्लार्क ने कहा, “ये न्यूयॉर्क के लिए पहली बार है कि एक 100% इलेक्ट्रिक हवाई जहाज ने यात्रियों को लेकर उड़ान भरी. हमने 35 मिनट में 70 नॉटिकल मील का सफर किया, और चार्जिंग का खर्च सिर्फ $8 था. ये हवाई यात्रा को सस्ता और आसान बनाएगा.”

क्या है इस हवाई जहाज की खासियत?
एलिया CX300 पूरी तरह से बिजली से चलता है, और एक बार चार्ज करने पर 250 नॉटिकल मील (लगभग 460 किमी) तक उड़ सकता है. ये छोटी दूरी की उड़ानों, जैसे शहरों और उपनगरों के बीच की यात्रा, के लिए बिल्कुल सही है. ये न सिर्फ सस्ता है, बल्कि शांत, आरामदायक, और पर्यावरण के लिए फायदेमंद भी है. कंपनी का दावा है कि इसकी सुविधा और सस्तेपन से लोग इसे रोजमर्रा की यात्रा के लिए चुन सकते हैं.

कैसे काम करता है ये हवाई जहाज?
बीटा टेक्नोलॉजीज, जो 2017 में वरमॉन्ट, अमेरिका में शुरू हुई, ने हाल ही में 318 मिलियन डॉलर की फंडिंग जुटाई है. कंपनी दो मॉडल्स पर काम कर रही है: एलिया CX300, ये पारंपरिक टेकऑफ और लैंडिंग वाला इलेक्ट्रिक हवाई जहाज है. वहीं एलिया 250 eVTOL एक उड़ने वाली टैक्सी है, जो वर्टिकली टेकऑफ और लैंड कर सकती है.

कंपनी को उम्मीद है कि 2025 के अंत तक इसे फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) से मंजूरी मिल जाएगी. इसके बाद ये हवाई जहाज आम लोगों के लिए उपलब्ध हो सकता है.

बीटा टेक्नोलॉजीज अकेली नहीं है जो हवाई यात्रा को बदलने की कोशिश कर रही है. आर्चर एविएशन ने हाल ही में लॉस एंजिल्स ओलंपिक 2028 के लिए आधिकारिक एयर टैक्सी प्रोवाइडर बनने का ऐलान किया है. यानी, 2028 में दर्शक ट्रैफिक से बचकर हवाई टैक्सियों से स्टेडियम पहुंच सकेंगे! आर्चर भी 2026 तक अपनी सेवाएं शुरू करने की तैयारी में है.


 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement