पसीने की बदबू बनी विलेन! जिम ने कैंसिल की शख्स की मेंबरशिप कहा- पैसे ले जाओ, लेकिन अब यहां मत आना

शी ने माना कि उन्हें बहुत ज्यादा पसीना आता है, लेकिन उनका कहना है कि उन्होंने दूसरों को परेशानी से बचाने की पूरी कोशिश की.

China gym, China gym viral news, body odour
gnttv.com
  • नई दिल्ली ,
  • 06 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 5:04 PM IST
  • जिम ने रद्द कर दी सदस्यता
  • पसीने की बदबू बनी मुसीबत

फिट रहने के लिए लोग जिम में घंटों पसीना बहाते हैं. पसीना आना भी एक्सरसाइज का ही हिस्सा माना जाता है, लेकिन अगर यही पसीना लोगों का जीना मुश्किल कर दे तो? चीन से एक ऐसा ही अजीबोगरीब मामला सामने आया है, जहां एक शख्स के पसीने की बदबू इतनी गंदी थी कि जिम ओनर को उसे खुद ही जिम आने के लिए मना करना पड़ा. इतना ही नहीं, जिम के मालिक ने उसकी बची हुई फीस भी वापस कर दी.

तीन साल की मेंबरशिप पलभर में खत्म
यह मामला चीन के झेजियांग प्रांत के हांगझोउ शहर का है. स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शख्स की पहचान 'शी' (Shi) से हुई है. उसने मई 2025 में करीब 6,388 युआन (लगभग 90 हजार रुपये) देकर तीन साल की जिम मेंबरशिप खरीदी थी, जो अप्रैल 2028 तक चलनी थी.

शी फिटनेस के प्रति बेहद जुनूनी हैं. करीब 10 साल पहले उन्होंने 45 किलो वजन कम किया था. उनका वजन 125 किलो से घटकर 80 किलो रह गया था. इसके बाद से उन्होंने नियमित रूप से जिम जाना और अलग-अलग खेलों में हिस्सा लेना शुरू कर दिया. वह सप्ताह में पांच दिन जिम में वर्कआउट करते थे.

एक मैसेज ने कर दिया हैरान
20 जून को शी को जिम की ओर से एक ऐसा मैसेज मिला, जिसे पढ़कर वह हैरान रह गए. मैसेज में लिखा था कि उनकी मेंबरशिप रद्द की जा रही है, क्योंकि उनके शरीर की तेज बदबू को लेकर दूसरे सदस्य लगातार शिकायत कर रहे हैं. जिम ने अपने मैसेज में लिखा कि उन्होंने इस फैसले पर काफी सोच-विचार किया है. साथ ही यह भी कहा कि वे हर ग्राहक को खुश रखना चाहते हैं, लेकिन लगातार मिल रही शिकायतों के कारण उनके पास कोई दूसरा विकल्प नहीं बचा.

जिम में लोग मशीनें बदलने लगे थे
जिम प्रबंधन के मुताबिक, शी को वर्कआउट के दौरान बहुत ज्यादा पसीना आता था. उनके जाने के बाद मशीनों के आसपास काफी देर तक तेज बदबू बनी रहती थी. हालत यह थी कि कई सदस्य उन ट्रेडमिल और एक्सरसाइज मशीनों का इस्तेमाल ही नहीं करते थे, जिनका इस्तेमाल शी ने किया होता था. यहां तक कि उनके पास से गुजरने से भी कुछ लोग असहज महसूस करते थे.

जिम ने तुरंत मेंबरशिप रद्द नहीं की. पहले कई उपाय आजमाए गए. स्टाफ ने शी के लिए जिम के एक कोने में अलग मशीनें तय कर दीं. उन्हें कम भीड़ वाले समय में आने की सलाह भी दी गई. लेकिन इसके बावजूद शिकायतें कम नहीं हुईं. आखिरकार जिम ने उनकी मेंबरशिप खत्म करने का फैसला लिया.

शख्स बोला- मैंने भी पूरी कोशिश की थी
शी ने माना कि उन्हें बहुत ज्यादा पसीना आता है, लेकिन उनका कहना है कि उन्होंने दूसरों को परेशानी से बचाने की पूरी कोशिश की. वह अपने साथ कई तौलिये लेकर आते थे, बार-बार पसीना साफ करते थे और एक्सरसाइज मशीनों को भी ढककर इस्तेमाल करते थे ताकि किसी को दिक्कत न हो. लेकिन फिर भी जिम ने उनकी मेंबरशिप कैंसिल की. जिम ने शी को उनकी बची हुई फीस भी लौटा दी है.

ये भी पढ़ें:

 

 

Read more!

RECOMMENDED