भारत में अगर कोई कहे कि पेड़ की टहनियां काटकर एक घंटे में 40 हजार से ज्यादा कमाए जा सकते हैं, तो शायद लोग मजाक समझें. लेकिन कनाडा में रहने वाले एक भारतीय युवक ने ऐसा दावा किया है, जिसने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है. कनाडा में रहने वाले विशाल नाम के भारतीय युवक ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर कर बताया कि एक ट्री कटर ने उनके घर आकर सिर्फ एक घंटे काम किया और 700 कनाडाई डॉलर यानी करीब 42 हजार लेकर चला गया.
कौन कहता है कि कनाडा में पैसे नहीं हैं?
वीडियो में विशाल कहते हैं, 'कौन कहता है कि कनाडा में पैसे नहीं हैं? इस आदमी ने सिर्फ पेड़ की टहनियां काटकर मुझसे एक घंटे में 700 डॉलर कमा लिए. मैं यह नहीं कह रहा कि यह काम छोटा या आसान है. यह आदमी गर्मियों में हर दिन बुक रहता है और सर्दियों में बर्फ साफ करने का काम करता है.'
उन्होंने आगे कहा कि जब उन्होंने उस व्यक्ति की महीनेभर की कमाई का हिसाब लगाया तो वे खुद हैरान रह गए.
सिर्फ मेहनत नहीं, स्किल और मशीनें भी जरूरी
विशाल ने बताया कि इस तरह के काम में केवल शारीरिक मेहनत नहीं लगती, बल्कि खास स्किल, अनुभव और महंगे उपकरणों की भी जरूरत होती है. उन्होंने कहा, 'इस काम के लिए काफी उपकरण चाहिए होते हैं. मेहनत से ज्यादा इसमें स्किल मायने रखती है. अगर आपको यह काम आता है, तो आप अच्छी कमाई कर सकते हैं. कनाडा में घास काटने वाले, बर्फ हटाने वाले और पेड़ काटने वाले लोग भी काफी पैसा कमाते हैं.'
वीडियो के कैप्शन में उन्होंने लिखा, 'कनाडा में यह आदमी इतनी कमाई करता है कि आपका दिमाग घूम जाएगा.'
सोशल मीडिया पर लोगों ने दिए मजेदार रिएक्शन
यह वीडियो वायरल होते ही सोशल मीडिया यूजर्स ने भी इस पर जमकर प्रतिक्रिया दी. कई लोगों ने कहा कि विदेशों में डिग्री से ज्यादा स्किल की वैल्यू होती है. एक यूजर ने लिखा, 'यही कनाडा की सच्चाई है. वहां कई फील्ड में डिग्री से ज्यादा स्किल की कीमत है.' दूसरे यूजर ने कहा, 'लोग ब्लू कॉलर जॉब्स को कम समझते हैं, लेकिन वहां ऐसे काम करने वाले लोग काफी अच्छी कमाई करते हैं.' वहीं एक यूजर ने मजाकिया अंदाज में लिखा, 'अब भारत में मम्मी-पापा कहेंगे- बेटा इंजीनियर नहीं, ट्री कटर बन जा.'
विदेशों में ‘ब्लू कॉलर जॉब्स’ की बढ़ रही डिमांड
दरअसल, कनाडा जैसे देशों में लेबर कॉस्ट काफी ज्यादा है. वहां समय, मेहनत और तकनीकी कौशल की अच्छी कीमत मिलती है. यही वजह है कि प्लंबर, इलेक्ट्रिशियन, स्नो क्लीनर और ट्री कटर जैसे काम करने वाले लोग भी हजारों डॉलर महीना कमा लेते हैं.