अगर कोई आपसे कहे कि सिर्फ एक रात किसी भूतिया घर में बिताने के बदले आपको करीब 52 हजार रुपए मिलेंगे, तो क्या आप तैयार होंगे? जापान में ऐसी ही एक अनोखी नौकरी ऑफर की जी रही है. यहां खाली पड़े बदनाम घरों को दोबारा बेचने और किराए पर देने के लिए लोगों को पैसे देकर उनमें एक रात रुकवाया जा रहा है.
क्या होते हैं 'जिको बुक्केन' घर?
जापान में ऐसे घरों को 'जिको बुक्केन' कहा जाता है, जहां पहले कोई दुखद या असामान्य घटना हुई हो. इनमें हत्या, आत्महत्या, आग लगने से मौत या फिर अकेले रहने वाले बुजुर्ग की कई दिनों बाद मिली लाश जैसी घटनाएं शामिल होती हैं. ऐसे घरों को लोग अशुभ मानते हैं, इसलिए इन्हें खरीदने या किराए पर लेने से बचते हैं.
कानून के कारण छिपाई नहीं जा सकती जानकारी
जापान के नियमों के मुताबिक, अगर किसी घर का ऐसा इतिहास रहा है तो रियल एस्टेट एजेंट को खरीदार या किराएदार को इसकी जानकारी देना जरूरी होता है. इससे ज्यादातर लोग ऐसे घर लेने से हिचकिचाते हैं. नतीजतन हजारों मकान लंबे समय तक खाली पड़े रहते हैं और उनकी कीमत भी काफी कम हो जाती है.
क्या करना होता है इस नौकरी में?
इस अनोखी नौकरी में चुने गए लोगों को ऐसे घर में पूरी रात अकेले बितानी होती है. उनके पास कैमरा, मोबाइल या अन्य रिकॉर्डिंग उपकरण होते हैं, जिनकी मदद से वे पूरी रात का अनुभव रिकॉर्ड करते हैं. अगर रात के दौरान कोई अजीब घटना नहीं होती, तो कंपनी एक रिपोर्ट और सर्टिफिकेट जारी करती है कि जांच के दौरान किसी तरह की असामान्य गतिविधि नहीं मिली. दिलचस्प बात यह है कि कुछ कंपनियां इससे भी आगे बढ़ गई हैं. वे दावा करती हैं कि अगर किसी घर को 'घोस्ट-फ्री' घोषित करने के बाद भविष्य में वहां किसी तरह की असामान्य गतिविधि साबित होती है, तो वे मुआवजा भी देंगी.
हर किसी के बस की बात नहीं
भले ही यह काम सुनने में आसान लगे, लेकिन रातभर ऐसे घर में अकेले रहना हर किसी के लिए आसान नहीं है. सोशल मीडिया पर भी इस नौकरी को लेकर अलग-अलग रिएक्शन देखने को मिल रहे हैं. कुछ लोगों ने इसे आसान कमाई का जरिया बताया, जबकि कई लोगों ने कहा कि वे इतनी रकम मिलने पर भी ऐसे घर में कदम नहीं रखेंगे.
मकसद भूत ढूंढना नहीं, भरोसा लौटाना
इस पहल का उद्देश्य यह साबित करना नहीं है कि भूत होते हैं या नहीं. असली मकसद लोगों के मन से डर और संकोच दूर करना है, ताकि लंबे समय से खाली पड़े घर फिर से खरीदार या किराएदार पा सकें.
ये भी पढ़ें: