सॉफ्टवेयर कंपनी माइक्रोसॉफ्ट ने करीब 60 हजार कर्मचारियों को नौकरी छोड़ने का ऑफर दिया है. यह ऑफर भारत, अमेरिका, ब्रिटेन और कनाडा के कर्मचारियों के लिए है. कंपनी के इस कार्यक्रम के दायरे में करीब 60 हजार कर्मचारी आ सकते हैं, जो उसके कुल वर्ल्ड वाइड वर्कफोर्स का लगभग 27% है. कर्मचारियों को फैसला लेने के लिए दिसंबर की शुरुआत तक का समय दिया गया है.
भारत समेत 4 देशों के कर्मचारियों को ऑफर
माइक्रोसॉफ्ट की चीफ पीपल ऑफिसर एमी कोलमैन ने सोमवार को एक ब्लॉग पोस्ट में इस कार्यक्रम की जानकारी दी. उनके मुताबिक, स्वैच्छिक नौकरी छोड़ने का यह ऑफर कंपनी के कई विभाग के कर्मचारियों पर लागू होगी. इनमें AI एक्सपीरियंस, कोपायलट, फाइनेंस, ह्यूमन रिसोर्सेज, Xbox और Windows + Devices शामिल हैं. डेटा सेंटर, सेल्स और मार्केटिंग में काम करने वाले लोगों को इससे बाहर रखा गया है.
नौकरी छोड़ने पर कितनी रकम मिलेगी?
कंपनी में कुल 223,000 कर्मचारी हैं, जिनमें से 23 हजार भारत में हैं. माइक्रोसॉफ्ट ने सभी कर्मचारियों के लिए मिलने वाली रकम का पूरा ब्योरा सार्वजनिक नहीं किया है. हालांकि, बिजनेस इनसाइडर की रिपोर्ट के मुताबिक, अलग-अलग लेवल के कर्मचारियों को उनकी नौकरी की अवधि के आधार पर भुगतान देने का प्रस्ताव है.
लेवल 64 और उससे नीचे- हर छह महीने की नौकरी के बदले एक हफ्ते की बेस सैलरी.
लेवल 65 से 67- हर छह महीने की नौकरी के बदले दो हफ्ते की बेस सैलरी.
इसके अलावा, पात्र कर्मचारियों को कुछ समय तक कंपनी के शेयरों का नियमित वेस्टिंग प्रॉफिट और हेल्थ इंश्योरेंस भी मिल सकता है. शेयर वेस्टिंग का मतलब है कि तय शर्तें पूरी होने पर कर्मचारी को कंपनी के शेयरों पर अधिकार मिलता है.
अधिकतम 39 हफ्तों की बेस सैलरी
रिपोर्ट के मुताबिक, लेवल 67 और उससे नीचे के कर्मचारियों के लिए सेवरेंस पे यानी नौकरी छोड़ने पर मिलने वाली रकम अधिकतम 39 हफ्तों की बेस सैलरी तक सीमित है. यह रकम कर्मचारी की सेवा अवधि और लागू शर्तों पर निर्भर करेगी. लेवल 68 के कर्मचारियों के लिए सामान्य सेवरेंस पैकेज में 12 महीने की सैलरी शामिल है. पात्र कर्मचारियों को दिसंबर की शुरुआत तक यह तय करना होगा कि वे ऑफर स्वीकार करना चाहते हैं या नहीं. योजना के तहत नौकरी छोड़ने की प्रक्रिया साल के अंत तक पूरी होनी है.
पहले भी कर्मचारियों के लिए लाई थी योजना
माइक्रोसॉफ्ट ने इस साल की शुरुआत में वरिष्ठ कर्मचारियों के लिए स्वैच्छिक रिटायरमेंट प्रोग्राम भी शुरू किया था. जुलाई में कंपनी ने बताया था कि इसके लिए पात्र 8,750 कर्मचारियों में से 30% से ज्यादा ने इसमें शामिल होने का विकल्प चुना. कंपनी ने तीन महीने पहले 4800 कर्मचारियों की छंटनी की थी.
ये भी पढ़ें: