Advertisement

UN में शहबाज शरीफ का बड़ा बयान! कश्मीर पर फिर उठाया मुद्दा... ट्रंप की जमकर तारीफ, ऑपरेशन सिंदूर का भी किया जिक्र

पाकिस्तान के PM शहबाज शरीफ ने UNGA में कश्मीर मुद्दा उठाया और 2025 के भारत-पाकिस्तान संघर्ष के दौरान डोनाल्ड ट्रंप की भूमिका की तारीफ की. उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर, सिंधु जल संधि और भारत-पाक तनाव का भी जिक्र किया. जानिए उनके भाषण में क्या-क्या बातें कहीं गईं और भारत का रुख क्या है.

Pakistan PM Shahbaz Sharif
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 26 सितंबर 2026,
  • अपडेटेड 8:13 AM IST

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) में शुक्रवार को भाषण दिया. अपने करीब 23 मिनट के संबोधन में उन्होंने कश्मीर का मुद्दा उठाया. साथ ही उन्होंने 2025 में भारत और पाकिस्तान के बीच हुए सैन्य संघर्ष के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की भूमिका की तारीफ की. शहबाज शरीफ ने कहा कि ट्रंप के समय पर किए गए हस्तक्षेप से दक्षिण एशिया में बड़े स्तर पर जान बचाने में मदद मिली.

ट्रंप की भूमिका पर की तारीफ

शहबाज शरीफ ने अपने भाषण में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की नेतृत्व क्षमता की तारीफ की. उन्होंने कहा कि 2025 में भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ने के समय ट्रंप का हस्तक्षेप महत्वपूर्ण था. पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने दावा किया कि इस कदम से दोनों परमाणु हथियार रखने वाले देशों के बीच बड़ा संघर्ष टलने में मदद मिली. ट्रंप भी कई बार भारत-पाकिस्तान के बीच संघर्ष रुकवाने में अपनी भूमिका का दावा कर चुके हैं.

एक बार फिर कश्मीर का मुद्दा उठाया

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने संयुक्त राष्ट्र के मंच से एक बार फिर कश्मीर का मुद्दा उठाया. उन्होंने कहा कि दक्षिण एशिया को 2025 जैसी स्थिति से बचाने के लिए कश्मीर मुद्दे का न्यायपूर्ण और निष्पक्ष समाधान जरूरी है. पाकिस्तान की सरकारी रिपोर्ट के अनुसार, शरीफ ने कश्मीर के लोगों के आत्मनिर्णय के अधिकार के लिए पाकिस्तान के समर्थन की बात भी दोहराई.

भारत का रुख इस मामले में अलग है. भारत जम्मू-कश्मीर को अपना अभिन्न और अविभाज्य हिस्सा बताता रहा है. भारत ने संयुक्त राष्ट्र सहित अंतरराष्ट्रीय मंचों पर पाकिस्तान के कश्मीर संबंधी दावों को खारिज किया है. शहबाज शरीफ के भाषण के जवाब में भारत के 'राइट टू रिप्लाई' के जरिए जवाब देने की प्रक्रिया भी तय है.

ऑपरेशन सिंदूर का हुआ जिक्र

शहबाज शरीफ के भाषण में 2025 के भारत-पाकिस्तान संघर्ष का भी जिक्र हुआ. भारत ने 7 मई 2025 को ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया था. यह कार्रवाई 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद की गई थी, जिसमें 26 लोगों की मौत हुई थी. भारत ने पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में आतंकी ठिकानों को निशाना बनाने की बात कही थी.

सिंधु जल संधि पर भी बोले शहबाज

पाकिस्तानी प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में सिंधु जल संधि का मुद्दा भी उठाया. पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने इस संधि को स्थगित रखने का फैसला किया था. भारत का कहना है कि पाकिस्तान की ओर से सीमा पार आतंकवाद का समर्थन पूरी तरह और भरोसेमंद तरीके से बंद होने तक संधि स्थगित रहेगी.

अमेरिका-ईरान बातचीत का भी जिक्र

शहबाज शरीफ ने पश्चिम एशिया की स्थिति पर भी बात की. उन्होंने दावा किया कि पाकिस्तान ने अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत शुरू कराने के लिए कूटनीतिक प्रयास किए. उन्होंने इस प्रक्रिया में पाकिस्तान की भूमिका का उल्लेख किया और सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर के प्रयासों की भी तारीफ की.

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement