अमेरिका में एक महिला पुलिस अफसर को शायद अपने एक्स की जिंदगी में जरूरत से ज्यादा दिलचस्पी लेना भारी पड़ गया. पुलिस की नौकरी में रहते हुए वो अपराधियों की तलाश के लिए लगे कैमरों से अपने एक्स की कार पर नजर रखने लगी. उसने एक-दो नहीं, बल्कि पूरे 166 बार उसकी कार की नंबर प्लेट सर्च कर डाली. आखिरकार विभाग को भनक लगी और अफसर की नौकरी चली गई.
मामला साउथ कैरोलिना के Mauldin शहर का है. यहां 24 साल की पुलिस अफसर Ellie Anna Hammond को 3 अगस्त को बर्खास्त कर दिया गया. आरोप है कि मार्च से जुलाई के बीच उन्होंने FLOCK ऑटोमेटेड लाइसेंस प्लेट रीडर सिस्टम का इस्तेमाल अपने एक्स पार्टनर की गाड़ी को ट्रैक करने के लिए किया.
कैमरे से रख रही थी एक्स पर नजर
FLOCK कैमरे पुलिस के लिए काफी काम के होते हैं. सड़क से गुजरने वाली गाड़ियों की नंबर प्लेट पढ़कर ये सिस्टम रिकॉर्ड तैयार करता है. पुलिस जरूरत पड़ने पर इन रिकॉर्ड्स की मदद से अपराध से जुड़े वाहनों को तलाश सकती है. लेकिन Hammond पर आरोप है कि उन्होंने इस हाईटेक पुलिस सिस्टम को कुछ समय के लिए एक्स ट्रैकिंग सिस्टम बना दिया. उन्होंने पूर्व पार्टनर की गाड़ी की नंबर प्लेट 166 बार सर्च की. यानी अगर हर सर्च को एक चेक माना जाए तो एक्स की कार पर नजर रखने में पुलिस सिस्टम का अच्छा-खासा इस्तेमाल हो गया.
एक्स की प्लेट खोजने के लिए सरकारी वजहें भी तैयार थीं
मामला सिर्फ नंबर प्लेट सर्च करने तक नहीं रुका. जांच में सामने आया कि Hammond ने हर बार सर्च के लिए सिस्टम में कुछ सरकारी कारण भी दर्ज किए. रिकॉर्ड में Warrant Check, Traffic Infraction और Welfare Check जैसे कारण बताए गए थे. यानी कागजों पर ऐसा लग रहा था कि नंबर प्लेट किसी वारंट, ट्रैफिक उल्लंघन या किसी की सुरक्षा की जांच के लिए देखी जा रही है. लेकिन जांच के दस्तावेजों के मुताबिक, ये वजहें कथित तौर पर असली नहीं थीं.
मामला सिर्फ प्यार का नहीं, प्राइवेसी का भी है
FLOCK जैसे सिस्टम का मकसद पुलिस को अपराध की जांच में मदद देना है. जुलाई में Greer Police Department के दो अधिकारियों को FLOCK कैमरों के कथित गलत इस्तेमाल के आरोप में नौकरी से निकाल दिया गया था. Greenville County Sheriff's Office के दो कर्मचारी भी इसी तरह की कार्रवाई का सामना कर चुके हैं. कुछ हफ्ते पहले Charlotte में एक पुलिस अधिकारी पर FLOCK सिस्टम से बिना अनुमति नंबर प्लेट सर्च करने के आरोप में गिरफ्तारी की खबर भी सामने आई थी.
न गिरफ्तारी हुई, न आपराधिक केस
हालांकि Hammond को इस मामले में गिरफ्तार नहीं किया गया है. उनके खिलाफ फिलहाल कोई आपराधिक आरोप या चल रही आपराधिक जांच भी नहीं है. Hammond जून 2024 में Mauldin Police Department की Uniform Patrol Division में शामिल हुई थीं. उन्होंने नियुक्ति से पहले जरूरी ट्रेनिंग और मेंटल टेस्ट भी पास किया था.
ये भी पढ़ें