You can learn about your destiny from your body structure (symbolic photo)
You can learn about your destiny from your body structure (symbolic photo)
शरीर की बनावट से आप अपनी किस्मत का हाल जान सकते हैं. इससे आपके भाग्य और स्वभाव का संबंध होता है. पंडित शैलेंद्र पांडेय ने बताया कि पैर का अंगूठा व्यक्ति के प्रभाव और उसकी आध्यात्मिक रूचि को दर्शाता है. अगर पैर का अंगूठा ज्यादा बड़ा और लम्बा हो तो व्यक्ति सरल और धर्म कर्म वाला होता है. अगर पैर के अंगूठे से ठीक बगल वाली अंगुली ज्यादा लम्बी हो तो व्यक्ति अत्यधिक प्रभावशाली होता है. अगर पैर का अंगूठा ज्यादा छोटा हो तो व्यक्ति केवल धन की ही चिंता करता रहता है और दूसरों को नुकसान पहुंचाने से बाज नहीं आता.
हाथ की अंगुलियां
हाथ की अंगुलियां अगर लम्बी हों और पतली हों तो व्यक्ति कलात्मक होता है, सरल होता है, ज्यादा पेंच में नहीं पड़ता. अंगुलियां अगर मोटी और सख्त हों तो व्यक्ति को जरूरत से ज्यादा संघर्ष करना पड़ता है. ऐसे लोगों की वाणी बड़ी कठोर होती है. अंगुलियां अगर टेढ़ी-मेढ़ी हों तो व्यक्ति को धन प्राप्ति खूब होती है, परन्तु सेहत को लेकर काफी समस्याओं का सामना करना पड़ता है. अंगुलियां अगर गांठदार हों तो व्यक्ति जरूरत से ज्यादा स्वार्थी होता है, केवल धन की फिराक में लगा रहता है.
कान
कानों का बड़ा होना लम्बी आयु का संकेत देता है. कान छोटे होने से व्यक्ति की आयु कम हो जाती है, साथ ही दुर्घटनाओं के संकेत मिलते हैं. कान पर बाल होने से व्यक्ति काफी छोटे स्तर से काफी उंचाईयों तक पहुंचता है और लम्बी आयु जीता है. कान की लौ लम्बी हो तो व्यक्ति काफी प्रभावशाली होता है, रिश्तों को समझता है और निभाता है.
नाखून
हाथ के नाखून लम्बे और सुन्दर हों तो व्यक्ति भाग्यशाली होता है. नाखून टेढ़े-मेढ़े हों तो व्यक्ति को अत्यधिक संघर्ष करना पड़ता है. नाखूनों पर अर्धचन्द्र अगर बड़ा हो तो व्यक्ति की रोगों से रक्षा होती है. अगर न हो तो व्यक्ति बीमारी लम्बे समय तक झेलता है. नाखूनों पर अगर सफ़ेद निशान या बिंदु बन गए हों तो किसी रोग की सूचना देते हैं.
भौंह
भौंह गाढ़ी हो तो व्यक्ति का स्वभाव सरल होता है. अगर दोनों भौंह आपस में सट जाय तो व्यक्ति काफी क्रोधी होता है, वाणी पर नियंत्रण नहीं होता. अगर भौंह कटी फटी हो तो व्यक्ति को मानसिक पीड़ा काफी ज्यादा होती है. अगर भौंह नीचे की ओर झुक रही हो तो व्यक्ति का झुकाव वैराग्य की ओर हो जाता है. ऐसे लोग कभी-कभी घर द्वार त्याग देते हैं.
हाथ और पैरों के बाल
पुरुषों के हाथ और पैरों में ज्यादा बाल होना अच्छा होता है. ऐसे पुरुष सरल और विश्वास पात्र होते हैं. महिलाओं के हाथ और पैरों में ज्यादा बाल होना अच्छा नहीं होता. ऐसी महिलाओं को जीवन में दुर्भाग्य का सामना करना पड़ता है. अगर पुरुष सरल और अच्छे स्वभाव का हो तो उसके हाथ पैर और सीने पर घने बाल आने लगते हैं. जिन लोगों को मन की चिंताएं ज्यादा होती हैं, चाहे वो स्त्री हों या पुरुष,उनको बालों के गिरने की समस्या होने लगती है.