दिवाली का त्योहार मां लक्ष्मी की पूजा और सुख-समृद्धि की कामना का पर्व है. हर कोई चाहता है कि आने वाला साल उसके लिए धन, तरक्की और खुशियां लेकर आए. ज्योतिष के अनुसार, इस दिवाली से अगली दिवाली तक कई बड़े ग्रहों की चाल में बदलाव देखने को मिलेगा. राहु-केतु, शनि और बृहस्पति के राशि परिवर्तन का असर लोगों की आर्थिक स्थिति और करियर पर पड़ सकता है. इस दौरान कुछ लोगों की कमाई बढ़ेगी, तो कुछ को खर्चों और निवेश को लेकर सावधान रहना होगा.
इस दिवाली से अगली दिवाली तक कैसा रहेगा आर्थिक भविष्य?
आने वाले एक साल में ग्रहों की बदलती चाल के कारण बाजार में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है. लोगों को धन निवेश करते समय सोच-समझकर फैसला लेना होगा. महंगाई बढ़ने और नई आर्थिक नीतियों की जरूरत पड़ने के भी संकेत हैं. चलिए बताते हैं सभी 12 राशियों का आर्थिक भविष्यफल.
मेष से कर्क राशि का आर्थिक राशिफल
- मेष राशि: इस साल करियर में बदलाव के साथ बड़ी सफलता मिल सकती है. धन आएगा, लेकिन स्वास्थ्य पर खर्च बढ़ सकता है. पैसों का सही इस्तेमाल करें और शनि देव की पूजा करें.
- वृषभ राशि: स्थान बदलने के बाद आर्थिक स्थिति में सुधार होगा. संपत्ति से लाभ मिल सकता है. शिक्षा और स्वास्थ्य पर खर्च बढ़ेगा. जरूरत के बिना कर्ज लेने से बचें.
- मिथुन राशि: आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और रोजगार के नए अवसर मिलेंगे. नई संपत्ति खरीदने के योग हैं. बेवजह खर्च और दूसरों को उधार देने से बचें.
- कर्क राशि: करियर और आर्थिक स्थिति में सुधार होगा. संपत्ति खरीदने के योग बनेंगे. हालांकि, शेयर बाजार, लॉटरी और सट्टेबाजी से दूर रहना आपके लिए बेहतर होगा.
सिंह से वृश्चिक राशि का आर्थिक राशिफल
- सिंह राशि: आर्थिक स्थिति अच्छी रहेगी. परिवार की जिम्मेदारियां पूरी कर पाएंगे. संपत्ति खरीदने के योग हैं, लेकिन फिजूलखर्ची से बचें.
- कन्या राशि: धन और करियर में उतार-चढ़ाव रह सकता है. शिक्षा, संपत्ति और स्वास्थ्य पर खर्च बढ़ेगा. शनि देव के मंत्रों का जाप करें.
- तुला राशि: कारोबार और आर्थिक स्थिति में स्थिरता रहेगी. पुराने कर्ज से राहत मिलेगी, लेकिन शुभ कार्यों पर खर्च बढ़ सकता है.
- वृश्चिक राशि: नए काम से धन लाभ होगा. रुका हुआ पैसा वापस मिलने के योग हैं. नए कारोबार की शुरुआत सोच-समझकर करें.
धनु से मीन राशि का आर्थिक राशिफल
- धनु राशि: आर्थिक और संपत्ति से जुड़े मामले अच्छे रहेंगे. नया वाहन खरीदने और स्थान बदलने के योग हैं. सूर्य देव की पूजा करें.
- मकर राशि: धन और करियर में शुरुआत में उतार-चढ़ाव रह सकता है. निवेश और पैसों के लेन-देन में सावधानी रखें.
- कुंभ राशि: आर्थिक परेशानियां दूर होंगी. साल की शुरुआत में संपत्ति से लाभ और नया वाहन खरीदने के योग हैं.
- मीन राशि: खर्च और कर्ज का दबाव रह सकता है. परिवार के सहयोग से आर्थिक स्थिति संभलेगी. स्वास्थ्य और संतान पर धन खर्च हो सकता है.
दिवाली पर करें इन ग्रहों की पूजा
ज्योतिष के अनुसार, इस साल मेष, कन्या, मकर और मीन राशि वालों के लिए शनि देव की उपासना, जबकि वृषभ और कर्क राशि वालों के लिए भगवान शिव की पूजा शुभ मानी गई है. मिथुन और तुला राशि के जातक सूर्य देव की पूजा कर सकते हैं. धनु राशि के लिए भी सूर्य उपासना और वृश्चिक राशि के लिए बृहस्पति मंत्र का जाप लाभकारी बताया गया है.