scorecardresearch

Relation of Hair with Planets: बालों का ग्रहों से क्या है संबंध, झड़ने और गंजापन रोकने के लिए जानें कैसे करें हेयर की देखभाल?

Hair Care Tips: बालों का संबंध मुख्य रूप से बुध और शुक्र से होता है. बुध के कमजोर होने पर बालों के रोगों का सामना करना पड़ता है. शुक्र के कमजोर होने पर बालों की सुंदरता प्रभावित होती है. यदि बालों को मजबूत, सुंदर और झड़ने से बचाना है तो इन दोनों ही ग्रहों को मजबूत करना होगा. यहां आप जान सकते हैं बालों के झड़ने और गंजापन रोकने के लिए कैसे करना चाहिए हेयर की देखभाल?

Hair Care Tips Hair Care Tips

बालों का संबंध मुख्य रूप से बुध और शुक्र से होता है. ज्योतिष शैलेन्द्र पांडेय ने बताया कि बुध के कमजोर होने पर बालों के रोगों का सामना करना पड़ता है. शुक्र के कमजोर होने पर बालों की सुंदरता प्रभावित होती है. यदि बालों को मजबूत, सुंदर और झड़ने से बचाना है तो इन दोनों ही ग्रहों को मजबूत करना होगा. हरी सब्जियों का सेवन अधिक से अधिक करें, खास तौर से पत्तेदार सब्जियों को अपने भोजन में रोज शामिल करें. नियमित रूप से दही से बाल धोएं और नारियल या जैतून का तेल लगाएं. खट्टी चीजों का प्रयोग कम करें, इससे शुक्र कमजोर होता है. 

यदि बाल ज्यादा झड़ रहे हों तो क्या करें 
शरीर में तैलीय ग्रंथियों के कमजोर होने से और जल तत्त्व की मात्रा कम होने से बालों का झड़ना ज्यादा होता है. ज्योतिष में शुक्र नामक ग्रह इसके लिए जिम्मेदार होता है. इसको मजबूत करने से इस समस्या का हल निकल जाएगा. तनाव मत पालें, पानी खूब पीयें और सफेद रंग का प्रयोग करें. किसी ज्योतिष से सलाह लेकर एक ओपल धारण करें. 

गंजा होने से बचने के लिए करें ये उपाय
सूर्य और बुध की कमजोरी से बालों का गंजापन होने की सम्भावना बनती है. बृहस्पति का मजबूत होना भी बाल कम कर देता है. गंजा होने से बचने के लिए नित्य प्रातः सूर्य को जल अर्पित करें. जल में हल्दी मिलाएं. ताजे धनिया को पीस कर सोते समय सिर पर लगाएं और सुबह उसे धो लें. ये उपाय सप्ताह में दो बार करें. 

बाल दोमुंहे और पतले हों रहे हैं तो क्या करें 
शुक्र और चंद्रमा की कमजोरी से बाल काफी पतले होते हैं साथ ही कभी-कभी दोमुंहे भी हो जाते हैं. इससे बचने के लिए नींबू का रस और दही को मिलाकर सिर में लगाएं, सूख जाने के बाद बालों को पानी से धो लें. इससे बालों का पतलापन और दोमुंहापन समाप्त होगा. खट्टी चीजों का सेवन बंद कर दें. इसके साथ ही दूध जरूर पीयें. इस स्थिति में मूंगा धारण करना लाभकारी होगा. 

बालों में काफी रूसी हो गई होतो क्या करें 
रूसी एक त्वचा की बीमारी है, जो बुध से संबंध रखती है. बुध जरा भी कमजोर होगा तो रूसी से परेशानी होगी. रूसी से छुटकारा पाने के लिए सिरके से नियमित रूप से बाल धोना चाहिए. जैतून का तेल प्रयोग में लाना चाहिए. कांसे का छल्ला दाहिने हाथ की सबसे छोटी अंगुली में धारण करें. सलाह लेकर एक पन्ना धारण करना भी लाभकारी होगा. हल्के हरे रंग के वस्त्र धारण करने चाहिए. 

बालों को मजबूत करने के लिए करें ये भी उपाय 
आप अपने बालों को मजबूत करने के लिए नारियल तेल और आंवला तेल का इस्तेमाल कर सकते हैं. नारियल तेल बालों की जड़ों को मजबूत करता है, जबकि आंवला में मौजूद विटामिन-सी बालों की ग्रोथ बढ़ाने में मदद करता है. आंवला पाउडर को नारियल तेल में उबालकर ठंडा करें और हफ्ते में दो बार सिर की मालिश के लिए इस्तेमाल करें.

इससे बालों की जड़ें मजबूत होती हैं और बाल तेजी से बढ़ते हैं. आप बालों को सुंदर और मजबूत बनाने के लिए  मेथी दाना और दही का पैक का इस्तेमाल कर सकते हैं. मेथी में प्रोटीन और निकोटिनिक एसिड पाए जाते हैं, जो बालों के झड़ने को रोकते हैं. रातभर भीगी हुई मेथी को पीसकर दही में मिलाएं और इसे बालों की जड़ों में लगाएं. 30 मिनट बाद ठंडे पानी से धो लें. एलोवेरा जेल भी बालों के लिए एक रामबाण घरेलू उपाय है.