Relationship Tips
Relationship Tips
हर रिश्ते के लिए अलग-अलग ग्रह जिम्मेदार होते हैं. सूर्य पिता के रिश्ते से संबंध रखता है. चंद्रमा माता का और मंगल भाई बहन का ग्रह है. बुध ननिहाल पक्ष का और बृहस्पति ददिहाल पक्ष का कारक है. बृहस्पति संतान पक्ष के रिश्तों का स्वामी होता है. शुक्र दांपत्य जीवन के रिश्तों का ग्रह है. शनि अपने अधीन लोगों के साथ रिश्तों का स्वामी है. रिश्तों को बनाने और निभाने में सबसे ज्यादा भूमिका चंद्रमा और मंगल की होती है.
रिश्तों में कब होती है समस्या पैदा
1. रिश्तों के स्वामी ग्रह के कमजोर होने पर.
2. कुंडली में रिश्तों के भाव के खराब होने पर.
3. रिश्तों में राहु का प्रभाव होने पर.
4. कुंडली में अग्नि तत्व की मात्रा ज्यादा होने पर.
5. चंद्रमा या मंगल के खराब होने पर.
1. सूर्य से लाभ लेने के लिए किस रिश्ते पर ध्यान दें?
सूर्य से अच्छा स्वास्थ्य, नाम-यश और राज्य सुख मिलता है. इसके कमजोर होने पर हड्डी और ह्रदय की समस्या होती है. बिना कारण अपयश मिल जाता है. सूर्य से लाभ लेने के लिए अपने पिता का सम्मान जरूर करें .
2. चंद्रमा से लाभ लेने के लिए किस रिश्ते पर ध्यान दें?
चंद्रमा से लोकप्रियता, अच्छा मन, पारिवारिक सुख प्राप्त होता है. इसके कमजोर होने पर मानसिक समस्या, तनाव और स्त्री पक्ष से कष्ट होता है. चन्द्रमा से लाभ लेने के लिए माता का सम्मान जरूर करें.
3. मंगल से कैसे मिलेगा लाभ?
मंगल से पराक्रम, संपत्ति का सुख और भाई-बहनों से अच्छा सम्बन्ध प्राप्त होता है. इसके कमजोर होने पर मुकदमेबाजी, कर्ज और गंभीर चोट चपेट का सामना करना पड़ता है. मंगल से लाभ लेने के लिए पैतृक संपत्ति की कद्र करें. साथ ही भाई-बहन के रिश्तों का सम्मान करें.
4. बुध से कैसे मिलेगा लाभ?
बुध से अच्छी वाणी, तीव्र बुद्धि और अच्छी त्वचा का वरदान मिलता है. इसके कमजोर होने पर कमजोर बुद्धि, वाणी दोष और कमजोर आर्थिक स्थिति का सामना करना पड़ता है. बुध से लाभ लेने के लिए पौधे लगाएं और उनकी देखभाल करें. साथ ही अपने ननिहाल के साथ रिश्ते ठीक रखें.
5. बृहस्पति से कैसे मिलेगा लाभ?
बृहस्पति से विद्या, ज्ञान, आध्यात्म और ईश्वर की कृपा मिलती है. अगर ये कमजोर हो तो व्यक्ति को विचित्र तरह की बीमारियां हो जाती हैं और व्यक्ति जीवन में अकेला पड़ जाता है. बृहस्पति से लाभ लेने के लिए विद्वान और बुजुर्ग लोगों की सेवा और सम्मान करें.
6. शुक्र से कैसे मिलेगा लाभ?
शुक्र से भौतिक सुख, ऐश्वर्य, धन सम्पदा और दाम्पत्य सुख मिलता है. अगर ये कमजोर हो तो जीवन में सुख रहता ही नहीं, व्यक्ति कभी आनंद नहीं पा सकता. शुक्र से लाभ लेने के लिए स्त्रीयों का सम्मान करें, आचरण को शुद्ध रखें.
7. शनि से कैसे मिलेगा लाभ?
शनि से नौकरी और रोजगार में सफलता, अच्छा प्रभाव और वाहन सुख मिलता है. अगर ये कमजोर हो तो आजीविका नहीं मिलती, कदम-कदम पर संघर्ष का सामना करना पड़ता है. शनि से लाभ लेने के लिए हमेशा अपने से छोटों का सम्मान और मदद करनी चाहिए.