24 दिनों के बाद विदेश से बिहार लौटे नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने आते ही मुख्यमंत्री पर अब तक का सबसे बड़ा हमला बोला है. तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री को ‘सड़क छाप गुंडा’ तक कह दिया. उन्होंने आरोप लगाया कि पटना समेत कई जिलों में छात्रों पर जिस तरह लाठीचार्ज किया गया और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया, वह किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार का मुख्यमंत्री खुद अपराधी मानसिकता का है और पुलिस को भी गुंडा बना रहा है. उन्होंने सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि यह सरकार अपराधियों और भ्रष्टाचारियों की सरकार बन चुकी है. तेजस्वी यादव ने बड़ा ऐलान करते हुए सरकार को अल्टीमेटम दे दिया है. उन्होंने कहा कि अगर कल तक छात्रों पर दर्ज सभी मामले वापस नहीं लिए गए और गिरफ्तार छात्रों को रिहा नहीं किया गया, तो पूरे बिहार में बड़ा आंदोलन किया जाएगा.
केंद्र सरकार ने केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी को शिक्षा मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार सौंप दिया है. रविवार को प्रल्हाद जोशी मंत्रालय का चार्ज संभाला. इससे पहले उन्होंने पीएम मोदी का आभार जताते हुए कहा था कि उन पर जताए गए विश्वास को वो पूरी ईमानदारी, विनम्रता और समर्पण के साथ निभाएंगे. आपको मालूम हो कि NEET पेपर लीक मामले में धर्मेंद्र प्रधान ने शनिवार को शिक्षा मंत्री पद से इस्तीफा दिया था.
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर 20 जुलाई को दिल्ली में छात्र प्रदर्शन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए. उन्होंने पूछा कि छात्रों के खिलाफ पेलेट गन और बल प्रयोग की मंजूरी किसने दी. आखिर इस कार्रवाई का आदेश किसने दिया? क्या सरकार इन सवालों का जवाब देगी और जिम्मेदारी तय होगी?
विजय दिवस की 27वीं वर्षगांठ पर पीएम मोदी ने देश के वीर जवानों को याद किया है. उन्होंने ट्वीट कर कहा है करगिल विजय दिवस पर हमारा देश उन बहादुर सैनिकों को सलाम करता है, जिन्होंने देश की सुरक्षा के लिए अद्भुत साहस और समर्पण दिखाया. बहुत कठिन परिस्थितियों में भी उनका अटूट हौसला हमेशा देश के लिए गर्व का विषय बना रहेगा. उनकी सच्ची देशभक्ति और कर्तव्य के प्रति लगन आने वाली पीढ़ियों को हमेशा प्रेरणा देती रहेगी.
जनशक्ति जनता दल (जेजेडी) प्रमुख तेज प्रताप यादव को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया है. पटना में NEET पेपर लीक विरोध प्रदर्शनों में शामिल होने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया था और देर रात कोर्ट में पेशी हुई. जब उन्हें पुलिस की गाड़ी में ले जाया गया, तब हिरासत में तेज प्रताप ने कहा, “हम छात्रों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं. अगर जरूरत पड़ी, तो मैं छात्रों के अधिकारों के लिए जान देने को भी तैयार हूं.” बिहार के पूर्व मंत्री और RJD सुप्रीमो लालू प्रसाद के बड़े बेटे यादव ने प्रदर्शन कर रहे छात्रों की केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर भी अपना समर्थन दिया था.
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज मैनपुरी और इटावा को बड़ी सौगात देंगे. सीएम योगी मैनपुरी में 682 करोड़ रुपए की 111 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे. वहीं, इटावा में को 604 करोड़ रुपए की सौगात देंगे.