लोकसभा सांसद राहुल गांधी ने केरल दौरा रद्द कर सर गंगा राम अस्पताल पहुंचे, जहां उनकी मां और कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी भर्ती हैं. अस्पताल ने बताया कि सोनिया गांधी को मंगलवार रात 10:22 बजे सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती कराया गया. उनकी हालत स्थिर है. डॉक्टर पेट और मूत्रमार्ग में संभावित संक्रमण की जांच कर रहे हैं. डॉक्टरों की एक टीम उनकी स्थिति पर कड़ी नजर रख रही है और उन्हें एंटीबायोटिक्स दी जा रही हैं.
अमेरिका-इजराइल और ईरान जंग के बीच ईरान ने भारत, चीन, रूस, इराक और पाकिस्तान को होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने की इजाजत दे दी है. ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा है कि 'मित्र देशों' को होर्मुज से गुजरने की छूट है. ईरान पहले भी कह चुका है कि होर्मुज स्ट्रेट पूरी तरह बंद नहीं है. यह रास्ता सिर्फ उन देशों के लिए बंद है जो ईरान के खिलाफ हैं. बाकी देशों को कुछ शर्तों के साथ गुजरने की अनुमति दी जा रही है.
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ चल रहे संघर्ष के संबंध में एक बड़ा बयान जारी किया है. अपने राजनीतिक विरोधियों पर हमला बोलते हुए उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि कट्टर वामपंथी और अमेरिका-विरोधी डेमोक्रेट अमेरिका की महत्वपूर्ण सैन्य सफलता को कम करके दिखाने की कोशिश कर रहे हैं. ट्रंप ने दावा किया कि इस संघर्ष में संयुक्त राज्य अमेरिका पूरी तरह और निर्णायक रूप से जीत रहा है, और जनता सच्चाई देख सकती है. ईरान समझौता करना चाहता है.
बांग्लादेश में एक यात्री बस के नदी में गिर जाने से अब तक 16 लोगों की मौत हो चुकी है. यह दुर्घटना बुधवार शाम करीब 5:15 बजे राजबाड़ी जिले के दौलतदिया टर्मिनल पर उस समय हुई, जब बस एक फेरी (नाव) पर चढ़ने की कोशिश कर रही थी. इसी दौरान, बस अचानक अपना संतुलन खो बैठी और सीधे पद्मा नदी में जा गिरी. बस में करीब 40 यात्री सवार थे, जिनमें कई बच्चे भी शामिल थे. ये सभी लोग ईद की छुट्टियां मनाकर ढाका लौट रहे थे.