दिल्ली के प्रतिष्ठित जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में गुरुवार से तीन दिवसीय दिव्यांग पैरा ओलंपिक चैंपियनशिप का आगाज हो गया है. इस प्रतियोगिता में जूनियर, सब-जूनियर और सीनियर वर्गों के पैरा खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं, जो अपनी ताकत, तकनीक और आत्मविश्वास का शानदार प्रदर्शन करेंगे. टूर्नामेंट के पहले दिन एमसीडी के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले छोटे-छोटे सब-जूनियर दिव्यांग पैरा खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता की शुरुआत की. इन युवा खिलाड़ियों ने अपने जोश, साहस और खेल भावना से दर्शकों और आयोजकों का दिल जीत लिया. इस प्रतियोगिता का आयोजन डीपीएसए द्वारा किया जा रहा है, जो पैरालंपिक कमेटी ऑफ इंडिया से संबद्ध और दिल्ली सरकार से मान्यता प्राप्त संस्था है.
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चाइनीज मांझे से हो रही लगातार दुर्घटनाओं और मौतों का सख्ती से संज्ञान लिया है. सीएम योगी ने साफ निर्देश दिए हैं कि प्रदेश में चाइनीज मांझे पर पूर्ण प्रतिबंध सख्ती से लागू किया जाए. प्रतिबंध के बावजूद चाइनीज मांझे की उपलब्धता पर सवाल उठाते हुए सीएम ने पुलिस प्रमुखों को तत्काल छापेमारी के आदेश दिए हैं. मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि चाइनीज मांझे से यदि किसी व्यक्ति की मृत्यु होती है, तो उसे हत्या की श्रेणी में माना जाएगा. पूरे उत्तर प्रदेश में चाइनीज मांझे के खिलाफ विशेष अभियान चलाने के निर्देश जारी किए गए हैं.
जम्मू-कश्मीर स्थित किश्तवाड़ के छत्रू इलाके में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ में जैश-ए-मोहम्मद का पाकिस्तानी आतंकी कमांडर आदिल सुरक्षाबलों के हाथों मारा गया. बाकी आतंकियों के खिलाफ सुरक्षा एजेंसियां पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन चला रही हैं.
गृह मंत्री अमित शाह आज यानी 5 से 7 फरवरी तक तीन दिवसीय दौरे पर जम्मू कश्मीर जा रहे हैं, जहां वे सुरक्षा हालात की व्यापक समीक्षा कर रहे हैं. अमित शाह 5 फरवरी शाम 5 बजे जम्मू पहुंचेंगे और सीधे लोक भवन जाकर उसी शाम राजनीतिक नेताओं से मुलाकात करेंगे.