बताया जा रहा है कि लोगों के दो-दो मयूर विहार मेट्रो स्टेशन को लेकर भ्रम होता है, जिसके कारण इस स्टेशन का नाम बदल कर 'श्री राम मंदिर मयूर विहार' कर दिया गया है.
बालाजी मोशन पिक्चर्स की अक्षय कुमार अभिनीत फिल्म भूत बंगला की रिलीज डेट बदल गई है. पहले यह फिल्म 15 मई 2026 को रिलीज होने वाली थी, लेकिन अब इसे 10 अप्रैल 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा. रिलीज डेट आगे बढ़ाने का यह फैसला दर्शकों की दिलचस्पी और अक्षय कुमार की इस साल की व्यस्त फिल्मों को ध्यान में रखते हुए लिया गया एक रणनीतिक कदम माना जा रहा है.
पटना में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के कार्यकारी अध्यक्ष के तौर पर तेजस्वी यादव ने शनिवार को औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण किया. पार्टी कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में तेजस्वी यादव ने अपने संबोधन में राजनीतिक हमलों, संगठन विस्तार, NDA सरकार पर आरोप और RJD के भविष्य को लेकर कई बड़े बयान दिए. कार्यक्रम में मौजूद पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच तेजस्वी ने भावुक अंदाज में कहा कि RJD को नई ऊर्जा और नए संकल्प के साथ आगे ले जाने का समय है, और वे इसका नेतृत्व करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं. तेजस्वी यादव ने अपने राजनीतिक सफर पर बोलते हुए कहा कि उनके खिलाफ लगातार साजिश की गई. उन्होंने कहा कि जब मेरी मूंछ भी नहीं आई थी, तब CBI और ED के केस लगा दिए गए. हमारी तो भ्रूण हत्या कराई जा रही है. मेरा दोष बस इतना था कि 2017 में नीतीश कुमार बीजेपी के साथ जाना चाहते थे. तेजस्वी ने कहा कि सत्ता में बैठे लोग विपक्ष को खत्म करने की कोशिश कर रहे हैं और उन पर निजी हमले किए जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि लालू प्रसाद का सपना पूरा करना है, RJD को राष्ट्रीय पार्टी बनाना है.
पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव की तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद उन्हें पटना के IGIMS अस्पताल से PMCH शिफ्ट किया गया है. डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज लगातार जारी है. पप्पू यादव को 1995 के एक पुराने मामले में पुलिस ने बीती रात पटना स्थित आवास से हिरासत में लिया था.
पाकिस्तान ने टी20 वर्ल्ड कप के पहले मैच में नीदरलैंड्स को 3 विकेट से हराया. इस मुकाबले में पाकिस्तान की टीम ने 148 रन के टारगेट को आसानी से हासिल किया. टीम को जीत के लिए आखिरी दो ओवर में चाहिए थे 29 रन. टीम ने 20वें ओवर में जीत हासिल की. फहीम अशरफ ने 11 बॉल पर नाबाद 29 रन की पारी खेली. उन्होंने चौका मारकर जीत दिलाई.
केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने भारत और अमेरिका की ट्रेड डील को लेकर कहा कि यह देशहित में हुई है. असल मायने में यह ट्रंप और मोदी की दोस्ती का नतीजा है. यह डील आने वाले भविष्य को देखते हुए की गई है. ट्रेड डील से 30 ट्रिलियन डॉलर का अमेरिकी बाजार भारतीय निर्यातकों के लिए खुला है. उन्होंने कहा कि जेम्स-डायमंड, फार्मा और मेड-इन-इंडिया स्मार्टफोन पर 0% शुल्क लगेगा. पीयूष गोयल ने कहा कि हमारे ऊपर 18% टैरिफ सभी पड़ोसी देशों (APAC) में सबसे कम है.
दो दिवसीय अखिल भारतीय बैठक में भाग लेने के लिए देशभर से बजरंग दल के सैकड़ों कार्यकर्ता शनिवार को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ पहुंचे. बैठक में हर प्रदेश से वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्यों को आमंत्रित किया गया. दो दिनों तक चलने वाली इस बैठक में धर्मांतरण, लव जिहाद, नशा मुक्ति और लैंड जिहाद जैसे मुद्दों पर व्यापक चर्चा होगी.पहले दिन की बैठक में विशेष रूप से अवैध धर्मांतरण और लव जिहाद के मामलों पर चिंता जताई गई. संगठन ने इन विषयों पर देशव्यापी रणनीति बनाने और जनजागरण अभियान चलाने पर भी मंथन किया.
योगी आदित्यनाथ ने 6 फरवरी 2026 को अपने पैतृक गांव पंचूर में रात्रि विश्राम किया. 7 फरवरी को सुबह योगी ने अपने गांव का भ्रमण किया. इस दौरान वे अपने नाते-रिश्तेदारों से मिले. उन्होंने बच्चों को दुलार किया. योगी ने प्यार से एक बच्चे से कहा, हम भी तुम्हारे दादा हैं. गांव में भ्रमण के दौरान योगी आदित्यनाथ ने लोगों को गांव में रहने और खेतीबाड़ी करने के लिए प्रेरित किया.
टी-20 विश्व कप 2026 का आगाज आज से हो चुका है. पाकिस्तान ने टॉस जीतकर नीदरलैंड को पहले बल्लेबाजी करने का न्योता दिया है. भारतीय टीम संयुक्त राज्य अमेरिका के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत मुंबई में करेगी. यह मुकाबला वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा. दोनों टीमों के बीच यह मैच शनिवार को शाम 7:00 बजे से शुरू होगा और टॉस शाम 6:30 पर होगा. यह टूर्नामेंट 8 मार्च 2026 तक खेला जाएगा. इसमें कुल 20 टीमें हिस्सा ले रही हैं. कुल 55 मैच खेले जाएंगे.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को दो दिन के दौरे पर मलेशिया रवाना हुए. इस यात्रा के दौरान पीएम मोदी मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम से मुलाकात करेंगे. इस यात्रा से पहले पीएम मोदी ने साफ संकेत दिए कि भारत अब मलेशिया के साथ रक्षा, सुरक्षा, अर्थव्यवस्था और नवाचार जैसे अहम क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करना चाहता है. प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और मलेशिया के बीच ऐतिहासिक संबंध रहे हैं और बीते कुछ वर्षों में इन रिश्तों में लगातार मजबूती आई है. उन्होंने कहा कि वह मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के साथ विस्तृत बातचीत को लेकर उत्साहित हैं.