पूर्णिया के निर्दलीय सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव को पटना मेडिकल कॉलेज के हॉस्पिटल (पीएमसीएच) से बेऊर जेल भेजा गया. गत शुक्रवार की रात पप्पू यादव को उनके पटना आवास से 31 साल पुराने केस में गिरफ्तार कर लिया गया था. उन्हें कोर्ट में पेश किया गया था, जहां से न्यायिक हिरासत में बेऊर जेल भेज दिया गया था. हेल्थ कंडिशन को देखते हुए उन्हें शनिवार की देर रात पीएमसीएच लाया गया था. पप्पू यादव की गिरफ्तारी से पटना से दिल्ली तक सियासी पारा हाई है.
नेशनल अकाली दल ने ऑनलाइन गेम के खिलाफ दिल्ली में प्रदर्शन किया. नेशनल अकाली दल के अध्यक्ष परमजीत सिंह पम्मा ने कहा कि ऑनलाइन व मोबाइल गेमिंग जानलेवा साबित हो रही है. बच्चों को मोबाइल पर होमवर्क देने पर सख्त रोक लगे. ऑनलाइन व मोबाइल गेमिंग को लेकर नेशनल अकाली दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष परमजीत सिंह पम्मा की अध्यक्षता में सैकड़ों सदस्यों ने वेस्ट दिल्ली के सुभाष नगर चौक पर धरना प्रदर्शन किया.
भारत-अमेरिका अंतरिम व्यापार समझौते पर SP प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा, भाजपा को तो गिनती भी नहीं आती. 18% या 0%, इसमें से बड़ा क्या है? किसको फायदा होगा? जो भी इसे समझेगा, वह समझेगा कि यह कोई डील नहीं, बल्कि 'ढीलापन' है. पूरा बाजार उनके (अमेरिका के) हाथों में है...
दिल्ली के तालकटोरा इनडोर स्टेडियम में आयोजित एशियाई सिख गेम्स अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप में उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले से आने वाले आकाश कनौजिया ने कांस्य पदक हासिल किया. आकाश काफी वक्त से ताइक्वांडो के तमाम टूर्नामेंट्स का हिस्सा रहे हैं. एशियाई सिख गेम्स फाउंडेशन द्वारा दिल्ली में दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप का आयोजन किया गया, जिसमें खत्रीपुरा निवासी आकाश कनौजिया ने प्रतिभाग किया. उन्होंने बेहतर खेल का प्रदर्शन करते हुए देश की तरफ से प्रतिभाग करते हुए कांस्य पदक जीता है. आकाश ने बताया कि वह लंबे वक्त से इस चैंपियनशिप की तैयारी कर रहे थे और लगातार मेहनत करने के बाद यह नतीजे प्राप्त हुआ है. आकाश ने कहा कि वह साथ-साथ योगा और ताइक्वांडो की क्लासेज भी लेते हैं, जिससे वह लखनऊ रहकर इस दिशा में अपनी तैयारी भी जारी रख पाते हैं.
सूरजकुंड हादसा मामला में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. हिमाचल केयर फन केयर का मालिक शाकिर मोहम्मद को गिरफ्तार किया गया है, जो झूला टूटा उसका मालिक शाकिर मोहम्मद है. इसके अलावा एक और आरोपी नितेश को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. इस मामले की जांच के लिए पुलिस उपायुक्त अपराध के पर्यवेक्षण में तीन सदस्य विशेष अनुसंधान (SIT) टीम गठित की गई है. आपको मालूम हो कि गत 7 फरवरी को एक बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण घटना सूरजकुंड मेला परिसर में घटित हुई थी, जिसमें एक झूला टूट गया था. घायलों को बचाते हुए हरियाणा पुलिस के निरीक्षक जगदीश प्रसाद शहीद हो गए थे.
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम बुलबुल पाकिस्तान के लाहौर मोहसिन नकवी से मिलने गए हैं. यह मुलाकात आईसीसी की आज रात होने वाली आपातकालीन बैठक से पहले हो रही है, जिसमें पाकिस्तान द्वारा भारत के खिलाफ मैच के बहिष्कार के मुद्दे को सुलझाने की कोशिश की जाएगी. आईसीसी की यह बैठक जूम के माध्यम से होने की उम्मीद है, जिसमें आईसीसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजोग गुप्ता, मोहसिन नकवी और अमीनुल इस्लाम बुलबुल शामिल होंगे.
मुंबई में आयोजित 'मुंबई व्याख्यानमाला' के दूसरे दिन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत ने विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर अपनी बात रखी. कार्यक्रम में जाति के सवाल पर उन्होंने कहा कि संघ में किसी भी जाति का व्यक्ति सर्वोच्च पद तक पहुंच सकता है. उनके मुताबिक अनुसूचित जाति या जनजाति होना कोई बाधा नहीं है और ब्राह्मण होना कोई विशेष योग्यता नहीं है. उन्होंने माना कि संघ की शुरुआत में ब्राह्मणों की संख्या अधिक थी, लेकिन संगठन सभी जातियों के लिए काम करता है. संघ प्रमुख कोई भी बनेगा वह हिन्दू ही होगा.
यूपी के बांदा में 27 वर्षीय महिला अपनी बच्ची को बता रही थी कि वह जब लटकेगी तो कैसे शूट करना है. लेकिन इस रील को बनाने के दौरान ही लटक कर मरने की एक्टिंग महिला को भारी पड़ी, और उसकी जान चली गई.