प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नीतीश कुमार को लेकर ट्वीट किया है. इसमें उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार जी देश के सबसे अनुभवी नेताओं में से एक हैं. सुशासन को लेकर उनकी प्रतिबद्धता की हर तरफ सराहना हुई है. उन्होंने बिहार के विकास में अमिट योगदान दिया है. उन्हें एक बार फिर संसद में देखना बहुत सुखद होगा. सांसद और केंद्रीय मंत्री के रूप में भी उन्होंने कई वर्षों तक अपनी सेवाएं दी हैं. मुझे पूरा विश्वास है कि उनके लंबे राजनीतिक अनुभव से संसद की गरिमा और बढ़ेगी. राज्यसभा सांसद के रूप में शपथ लेने पर उन्हें हार्दिक बधाई और आगे के कार्यकाल के लिए ढेरों शुभकामनाएं.
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज संसद भवन में राज्यसभा के सदस्य के रूप में पद की शपथ ले ली है. पिछले दिनों वह राज्यसभा के लिए चुने गए थे. वह पहली बार राज्यसभा सांसद बने हैं.
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भाजपा मुख्यालय के विस्तार भवन में एक बैठक की अध्यक्षता कर रहे हैं. इस बैठक में पूरे देश से राज्यों के अध्यक्ष और प्रभारी मौजूद हैं. इस बैठक में महिला आरक्षण के मुद्दे पर देशभर में भाजपा के कार्यक्रमों के आयोजन के लिए एक रूपरेखा तैयार की जाएगी. इसके अलावा पार्टी के अन्य चल रहे कार्यक्रमों की भी समीक्षा की जाएगी.
गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट कर कहा है कि TMC से त्रस्त बंगाल अब परिवर्तन चाहता है. आज कोलकाता में TMC के ‘भय राज’ से बंगाल को मुक्त करने के आधार, भाजपा के ‘संकल्प पत्र’ का विमोचन करूंगा. इसके पश्चात, पश्चिम मेदिनीपुर के डेबरा में जनसभा और खड़गपुर में रोड-शो के माध्यम से प्रदेश के बहनों-भाइयों के बीच रहने के लिए उत्सुक हूं.
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के बीच AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने हुमायूं कबीर की पार्टी के साथ गठबंधन तोड़ने का ऐलान किया है. उन्होंने घोषणा कि बंगाल में उनकी पार्टी अकेले चुनाव लड़ेगी. AIMIM ने ट्वीट कर कहा, “हुमायूं कबीर के खुलासों से यह साफ हो गया है कि बंगाल के मुसलमान कितने कमजोर हैं. AIMIM ऐसे किसी भी बयान से खुद को नहीं जोड़ सकती, जिससे मुसलमानों की ईमानदारी पर सवाल उठे. आज से, AIMIM ने कबीर की पार्टी के साथ अपना गठबंधन तोड़ दिया है. बंगाल के मुसलमान सबसे गरीब, उपेक्षित और शोषित समुदायों में से एक हैं. दशकों तक धर्मनिरपेक्ष शासन रहने के बावजूद, उनके लिए कुछ भी नहीं किया गया है. किसी भी राज्य में चुनाव लड़ने के पीछे AIMIM की नीति यह है कि हाशिए पर पड़े समुदायों की अपनी एक स्वतंत्र राजनीतिक आवाज हो. हम बंगाल में अब स्वतंत्र रूप से चुनाव लड़ेंगे और आगे किसी भी पार्टी के साथ हमारा कोई गठबंधन नहीं होगा.”
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर पोस्ट किया- ऐसी खबरें हैं कि ईरान होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले टैंकरों से शुल्क वसूल रहा है. उन्हें ऐसा नहीं करना चाहिए और अगर वे ऐसा कर रहे हैं, तो उन्हें अभी बंद कर देना चाहिए.
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज दोपहर 12.15 बजे राज्यसभा सांसद के रूप में शपथ लेंगे.