scorecardresearch

Amul Milk in Spain: यूरोप में पहली बार लॉन्च हुआ अमूल दूध... स्पेन की COVAP के साथ पार्टनरशिप

अमूल ब्रांड विश्व की सबसे शक्तिशाली डेयरी ब्रांड और भारत की सबसे बड़ी उपभोक्ता उत्पाद समूह ब्रांड है.

Advertisement
 Amul Milk Amul Milk

गुजरात को-ऑपरेटिव मिल्क मार्केटिंग फेडरेशन लिमिटेड (अमूल) ने स्पेन और यूरोपीय संघ (EU) में अमूल दूध लॉन्च किया है. इसके लिए अमूल ने स्पेन की प्रमुख प्रथम श्रेणी की सहकारी संस्था कॉपरेटिवा गनेडेरा डेल वैले डे लॉस पेड्रोचेस (COVAP) के साथ अपनी साझेदारी की घोषणा की है.

लॉन्च समारोह भारत के दूतावास, मैड्रिड में आयोजित किया गया. इसमें  स्पेन के भारतीय राजदूत, दिनेश के. पटनायक, अंतरराष्ट्रीय संबंध, कृषि, मत्स्य एवं खाद्य मंत्रालय के उप निदेशक, श्डी. फर्नांडो हेरिडिया नोगुएरा, COVAP के अध्यक्ष, रिकार्डो डेलगाडो विस्कैनो, और अमूल के वरिष्ठ अधिकारीगण समेत स्पेन में अमूल के चैनल पार्टनर्स की उपस्थिति रही.

अमूल ब्रांड विश्व की सबसे शक्तिशाली डेयरी ब्रांड और भारत की सबसे बड़ी उपभोक्ता उत्पाद समूह ब्रांड है. 36 लाख से ज्यादा डेयरी किसानों के साथ अमूल दुनिया की सबसे बड़ी किसान-स्वामित्व वाली डेयरी सहकारी संस्था है. इसका सालाना कारोबार 11 अरब अमेरिकी डॉलर से ज्यादा है और यह हर साल 12 अरब लीटर से ज्यादा दूध संचालित करती है.

आठवीं सबसे बड़ी मिल्क प्रोसेसर 
यह उल्लेखनीय है कि अमूल दुनिया की आठवीं सबसे बड़ी मिल्क प्रोसेसर (IFCN द्वारा प्रकाशित रैंकिंग के अनुसार) है. अमूल भारत भर में 112 डेयरी प्लांट्स का संचालन करती है, जिनकी कुल दूध प्रबंधन क्षमता प्रतिदिन 4.2 करोड़ लीटर है. वहीं, COVAP, स्पेन की प्राइमरी केटेगरी की सहकारी संस्था है. इसकी स्थापना वर्ष 1959 में पोसोब्लैंको, कोर्डोबा में हुई थी. 2,000 से ज्यादा एक्टिव किसान-सदस्यों के साथ, COVAP अंडालूसिया के कृषि-खाद्य क्षेत्र की एक प्रमुख आधारशिला मानी जाती है. 

COVAP की डेयरी प्लांट यूरोप के सबसे एड्वांस्ड प्लांट में से एक है, जो हर साल 40 करोड़ लीटर से अधिक दूध का प्रसंस्करण (प्रोसेस) करती है. COVAP अपने उत्पादों को अमेरिका, ब्रिटेन और कई एशियाई देशों सहित 30 से अधिक देशों में निर्यात करता है. इस साझेदारी के अंतर्गत, अमूल शुरुआत में दूध को मैड्रिड और बार्सिलोना में, और इसके बाद मालागा, वैलेंसिया, एलिकांटे, सेविले, कोर्डोबा और लिस्बन में लॉन्च करेगा. आगामी समय में अमूल जर्मनी, इटली और स्विट्ज़रलैंड में भी दूध एवं अन्य उत्पाद लॉन्च करने की योजना कर रहा है.

यूरोप में पहली बार लॉन्च 
अमूल के प्रबंध निदेशक श्री जयेन मेहता ने कहा, “हम स्पेन की एक अत्यंत सम्मानित डेयरी सहकारी संस्था COVAP के साथ साझेदारी कर अत्यंत गौरवान्वित मेहसूस कर रहे हैं. यह सहयोग सुनिश्चित करेगा कि हमारे सभी स्पेनिश उपभोक्ताओं को अमूल दूध के पोषण और गुणवत्ता का लाभ मिले.”

उन्होंने आगे बताया कि, "अमूल दूध यूरोप में पहली बार लॉन्च किया जा रहा है. हमारे माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के अमूल को वैश्विक डेयरी ब्रांड बनाने के उद्देश्य के अनुरूप, भारत के स्वाद को विश्व पटल पर पहुंचाना हमारे लिए बड़ी खुशी और गर्व की बात है. हमें पूरा विश्वास है कि संयुक्त राष्ट्र द्वारा घोषित 'अंतर्राष्ट्रीय सहकारिता वर्ष 2025' में, हमारी टीम अमूल ब्रांड को दुनियाभर में प्रत्येक भारतीय के करीब लाएगी और सहकारी समितियों के बीच सहकारिता की शक्ति प्रदर्शित करेगी."

COVAP के अध्यक्ष रिकार्डो डेलगाडो विस्कैनो ने कहा, “अमूल के साथ यह साझेदारी हमें एक अन्य सहकारी संस्था के साथ मिलकर कार्य करने का अवसर प्रदान करेगी. इससे न सिर्फ हमारे बल्कि भारतीय किसानों को भी फायदा होगा." यह सहयोग COVAP की तकनीकी क्षमताओं और उच्च गुणवत्ता वाले दूध को, अमूल ब्रांड के तेजी से बढ़ते और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रसिद्ध प्रीमियम डेयरी उत्पादों के साथ जोड़ेगा.