scorecardresearch

Bank Strike: 5 डे वर्किंग और 2 वीकऑफ की मांग... 28 सितंबर से हड़ताल पर जाने वाले हैं बैंककर्मी... जल्दी निपटा लें बैंक का काम... 5 दिन बैंक रह सकते हैं बंद

Bank Strike News: 5 डे वर्किंग, 2 वीकऑफ सहित अन्य मांगों की पूर्ति के लिए बैंककर्मी हड़ताल पर जाने वाले हैं. बैंक यूनियन ने 28 सितंबर 2026 से 3 दिन की हड़ताल बुलाई है, जिससे वीकेंड मिलाकर लगातार 5 दिन बैंक का काम प्रभावित हो सकता है. ऐसे में यदि आपका कोई जरूरी काम बैंक में है तो उसे जल्दी निपटा लीजिए.

Advertisement
Bank Employees Strike Bank Employees Strike

Bank Employees Strike: यदि आपको इस महीने यानी सितंबर के आखिरी में बैंक से जुड़ा कोई काम निपटना है तो आपके लिए यह खबर काफी महत्वपूर्ण है. आपका काम अटक भी सकता है. जी हां, यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने 28 सितंबर 2026 से 3 दिन की देशव्यापी हड़ताल का ऐलान किया है. शनिवार और रविवार को साप्ताहिक अवकाश रहेगा. ऐसे में बैंक में लगातार 5 दिनों तक कामकाज नहीं होगा. 

आपको मालूम हो कि इससे पहले  बैंक कर्मचारियों ने 11 सितंबर 2026 को भी अपनी मांगों को लेकर कामकाज ठप किया था. बैंक यूनियनों का कहना है कि यदि 28 सितंबर की हड़ताल के बाद भी सरकार और इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) ने उनकी मांगों का हल नहीं निकाला तो आंदोलन और तेज होगा. बैंक यूनियनों ने 26 अक्टूबर 2026 से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी है.  बैंक यूनियन और बैंक कर्मचारी सप्ताह में 5 डे वर्किंग और 2 वीकऑफ की मांग कर रहे हैं. इसके अलावा बैंक यूनियन सीनियर अफसरों के लिए लाई गई नई परफॉरमेंस लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) स्कीम का भी विरोध कर रहे हैं. यूनियनों का कहना है कि यह नया फॉर्मूला सिर्फ 5 प्रतिशत सीनियर अफसरों को फायदा पहुंचाता है और बाकी 95 प्रतिशत कर्मचारियों के साथ भेदभाव हो रहा है.

आम ग्राहकों और कारोबारियों को हो सकती है परेशानी 
आपको मालूम हो कि इस बार बैंक कर्मचारियों की हड़ताल बैंकों की हाफ ईयरली क्लोजिंग के समय रहने वाला है. इससे आम ग्राहकों और कारोबारियों को काफी परेशानी हो सकती है. सरकार इस हड़ताल को देखते हुए हरकत में आ गई है. बैंक हड़ताल को लेकर वित्त मंत्रालय की इमरजेंसी मीटिंग बुलाई गई  है. सोमवार को वित्तीय सेवा विभाग (DFS) के सचिव सरकारी और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों के प्रमुखों के साथ बैठक करेंगे. इसमें हड़ताल के दौरान जरूरी बैंकिंग सेवाएं जारी रखने के लिए अन्य इंतजामों पर चर्चा की जानी है. सरकार चाह रही है कि हड़ताल के दौरान कैश और अन्य ऑनलाइन सुविधाओं का लाभ उठाने में आम लोगों को कोई परेशानी न हो. 

हड़ताल से कौन-कौन से काम हो सकते हैं प्रभावित
बैंक हड़ताल होने पर बैंक ब्रांच जाकर होने वाले कई जरूरी काम प्रभावित हो सकते हैं. 
यदि चेक क्लियर कराना है तो उसका पेमेंट अटक सकता है.
बैंक काउंटर से कैश जमा और निकासी नहीं होगी. 
बैंक ड्राफ्ट बनवाना, पासबुक अपडेट कराना और नया अकाउंट खुलवाना बंद रहेगा.
लोन अप्रूवल, फाइल प्रोसेसिंग और डाक्यूमेंटेशन का काम नहीं हो सकेगा. 

ऑनलाइन सर्विस रहेगी जारी
बैंक कर्मचारियों के हड़ताल पर रहने के बावजूद आम लोगों के लिए राहत की बात यह है कि ऑनलाइन सर्विस जारी रहेगी. डिजिटल बैंकिंग में कोई दिक्कत नहीं होगी. आप यूपीआई (UPI), नेट बैंकिंग और एटीएम (ATM) जैसी ऑनलाइन सर्विस का लाभ उठा सकते हैं.