EPFO Rule Change
EPFO Rule Change
अगर आप नौकरी करते हैं और हर महीने EPFO खाते में PF कटता है, तो यह खबर आपके लिए बड़ी राहत लेकर आ सकती है. अब अपने ही PF के पैसे निकालने के लिए न लंबा प्रोसेस होगा, न दफ्तरों के चक्कर. आने वाले दिनों में EPFO धारक ATM कार्ड और UPI के जरिए सीधे अपने PF खाते से पैसे निकाल सकेंगे. श्रम मंत्रालय की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक यह सुविधा आखिरी चरण में है और इसी महीने इसे लागू करने की तैयारी चल रही है.
ATM से सीधे PF निकालने की सुविधा लगभग तैयार
सूत्रों के अनुसार, सरकार EPFO खाते को बैंकिंग सिस्टम से जोड़ने की दिशा में तेजी से काम कर रही है. इसके तहत एक नया सिस्टम तैयार किया जा रहा है, जिसमें PF खाताधारक ATM कार्ड की मदद से सीधे पैसे निकाल सकेंगे. यह सुविधा लागू होने के बाद PF निकालने के लिए लंबे क्लेम प्रोसेस या मंजूरी का इंतजार नहीं करना पड़ेगा.
UPI से भी मिलेगा सीधा एक्सेस
सबसे बड़ा बदलाव यह है कि PF खाताधारक जल्द ही UPI के जरिए भी अपने खाते से पैसे निकाल सकेंगे. यानी जैसे आप मोबाइल से पैसे ट्रांसफर या पेमेंट करते हैं, वैसे ही अपने PF बैलेंस से भी जरूरत पड़ने पर पैसे निकाले जा सकेंगे.
2.01 सिस्टम एक्टिव होते ही शुरू होगी नई सुविधा
जानकारी के मुताबिक, जैसे ही EPFO का नया 2.01 सर्वर सिस्टम पूरी तरह एक्टिव होता है, यह सुविधा लागू कर दी जाएगी. तकनीकी स्तर पर सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं और इसे जून के अंत तक शुरू किए जाने की संभावना है. श्रम मंत्रालय का कहना है कि सिस्टम को सुरक्षित और तेज बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है.
PF निकासी होगी आसान, समय भी बचेगा
अभी तक PF निकालने के लिए ऑनलाइन क्लेम, दस्तावेज और कई दिनों की प्रक्रिया से गुजरना पड़ता है. लेकिन नई व्यवस्था लागू होने के बाद यह प्रक्रिया काफी आसान हो जाएगी. ATM और UPI आधारित निकासी से लोगों को आपात स्थिति में तुरंत पैसा मिल सकेगा.
कब से शुरू होगी सुविधा?
इस योजना को इसी महीने या जून खत्म होने से पहले शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है. अगले कुछ दिनों में इसका औपचारिक ऐलान भी हो सकता है. यह बदलाव देश के करोड़ों EPFO धारकों के लिए गेमचेंजर साबित हो सकता है. खासकर उन लोगों के लिए जो मेडिकल इमरजेंसी, घर खर्च या अन्य जरूरतों के लिए तुरंत पैसे निकालना चाहते हैं.