scorecardresearch

महंगाई की मार! दिल्ली-NCR में फिर महंगी हुई CNG, आज से नई कीमतें लागू, जानें कितना बढ़ा रेट

CNG Price Hike: दिल्ली-NCR में शनिवार से CNG का दाम बढ़ गया है. इस साल पांचवीं बार कीमत में बढ़ोतरी की गई है. CNG का दाम बढ़ने से दिल्ली-NCR के आसपास के शहरों में CNG इस्तेमाल करने वाले वाहन चालकों पर पड़ेगा. उन्हें अधिक पैसे देने पड़ेंगे. CNG के दाम में 3.89 रुपए प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी की गई है. 

Advertisement
CNG Price Hike CNG Price Hike

दिल्ली-NCR में CNG से वाहन चलाने वालों के लिए महंगाई का एक और झटका लगा है. इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) ने CNG की कीमतों में 3.89 रुपए प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी कर दी है. नई दरें 29 अगस्त 2026 यानी शनिवार सुबह 6:00 बजे से लागू हो गई हैं. इस बढ़ोतरी का सीधा असर दिल्ली के साथ-साथ नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ और गुरुग्राम जैसे आसपास के शहरों में CNG का इस्तेमाल करने वाले वाहन चालकों की जेब पर पड़ेगा.

दिल्ली में 83.09 रुपए से बढ़कर 86.98 रुपए प्रति किलो हुआ रेट
IGL की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, कीमत बढ़ने के बाद दिल्ली में CNG अब 86.98 रुपए प्रति किलोग्राम की दर से मिलेगी. इससे पहले राजधानी दिल्ली में CNG की कीमत 83.09 रुपए प्रति किलोग्राम थी. यानी वाहन चालकों को अब हर किलो CNG के लिए 3.89 रुपए अधिक खर्च करने होंगे.

पश्चिम एशिया संकट का असर, LNG की लागत बढ़ी
CNG की कीमतों में यह बढ़ोतरी ऐसे समय में हुई है, जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में प्राकृतिक गैस और LNG की कीमतों में लगातार तेजी बनी हुई है. कंपनी के मुताबिक CNG के लिए जरूरी गैस का एक बड़ा हिस्सा आयातित LNG से पूरा किया जाता है. IGL ने कीमतों में बढ़ोतरी की वजह अंतरराष्ट्रीय बाजार में LNG की बढ़ी हुई लागत को बताया है. कंपनी के अनुसार, जुलाई 2026 से पश्चिम एशिया में संकट दोबारा बढ़ने के कारण होर्मुज जलडमरूमध्य के रास्ते LNG कार्गो की आवाजाही प्रभावित हुई है. इसके चलते वैश्विक बाजार में LNG की कीमतें संकट से पहले के स्तर की तुलना में करीब दोगुनी हो गई है. कंपनी का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर LNG की कीमतें लंबे समय से ऊंची बनी हुई हैं. इससे CNG तैयार करने की लागत पर भी दबाव बढ़ा है. बढ़ी हुई इनपुट गैस लागत की आंशिक भरपाई के लिए CNG की कीमत में 3.89 रुपए प्रति किलोग्राम की वृद्धि करना जरूरी हो गया.

नोएडा, गाजियाबाद समेत इन शहरों में भी बढ़े दाम
CNG की कीमतों में बढ़ोतरी का असर दिल्ली के अलावा NCR के दूसरे शहरों पर भी पड़ेगा. बढ़ोतरी से पहले उपलब्ध दरों के मुताबिक, नोएडा और गाजियाबाद में CNG की कीमत 95.59 रुपए प्रति किलोग्राम, मेरठ में 95.47 रुपए और गुरुग्राम में 92.01 रुपए प्रति किलोग्राम थी. अलग-अलग शहरों में CNG की कीमतों में अंतर का एक कारण राज्यों में लागू VAT की अलग-अलग दरें और टैक्स संरचना भी है.

ऑटो, टैक्सी और माल ढुलाई पर पड़ सकता है असर
CNG महंगी होने का असर सिर्फ निजी वाहन चालकों तक सीमित नहीं रहेगा. दिल्ली-NCR में बड़ी संख्या में ऑटो-रिक्शा, टैक्सी और माल ढोने वाले वाहन CNG से चलते हैं. ऐसे में ईंधन की लागत बढ़ने से आने वाले समय में यात्रियों के किराए और माल ढुलाई की लागत पर भी असर पड़ सकता है.

इस साल पांचवीं बार बढ़े CNG के दाम
CNG की कीमत में यह इस साल की पांचवीं बढ़ोतरी बताई जा रही है. इससे पहले मई में पश्चिम एशिया में संघर्ष के कारण वैश्विक ऊर्जा कीमतों में तेजी आई थी. उस दौरान IGL ने करीब 10 दिनों के भीतर चार चरणों में CNG की कीमतों में कुल 6 रुपए प्रति किलोग्राम की वृद्धि की थी. इस बार मई के बाद पहली बार CNG के दाम बढ़ाए गए हैं.