scorecardresearch

Credit Card Rule: क्रेडिट कार्ड से निकाले हैं 5,000 रुपये कैश? तो जाने लें आखिर कितना ज्यादा चुकाने वाले हैं आप... कितने तरीके के लगेंगे चार्ज?

कई लोगों को आदत होती है कि वह कैश के लिए क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल कर लेते हैं. पर ऐसा करते समय आपको एक बात हमेशा याद रखनी चाहिए, कि जितना आप कैश निकाल रहे हैं, आपको उससे ज्यादा बैंक को लौटाना पड़ेगा.

Advertisement
Representative Image Representative Image

कई बार अचानक पैसों की जरूरत पड़ जाती है. ऐसे में अगर बैंक खाते में पैसे नहीं हैं, तो लोग क्रेडिट कार्ड से ATM के जरिए कैश निकाल लेते हैं. पहली नजर में यह तरीका आसान लगता है, लेकिन ऐसा करना आपकी जेब पर भारी पड़ सकता है. दरअसल, क्रेडिट कार्ड से कैश निकालने पर बैंक कई तरह के चार्ज वसूलते हैं. इसमें कैश विड्रॉल फीस, ब्याज और GST शामिल हो सकते हैं.

खास बात यह है कि अगर आप क्रेडिट कार्ड से सिर्फ 5,000 रुपये निकालते हैं, तो आपको सिर्फ 5,000 रुपये ही वापस नहीं करने होते. इसके ऊपर अलग-अलग चार्ज भी लगते हैं. इसलिए क्रेडिट कार्ड से कैश निकालने से पहले इससे जुड़े नियम और खर्च समझना जरूरी है.

क्रेडिट कार्ड से 5,000 रुपये निकालने पर कितना लगेगा चार्ज?

जब आप क्रेडिट कार्ड से ATM के जरिए पैसे निकालते हैं, तो इसे कैश एडवांस कहा जाता है. इसके लिए बैंक एक तय फीस लेते हैं. यह फीस निकाली गई रकम का कुछ प्रतिशत हो सकती है या एक तय न्यूनतम राशि हो सकती है. दोनों में से जो ज्यादा होता है, वह लागू किया जाता है.

आमतौर पर कैश निकालने पर 2.5 से 3.5 प्रतिशत तक फीस लग सकती है. इसके अलावा निकाली गई रकम पर उसी दिन से ब्याज लगना शुरू हो जाता है. इस पर लागू फीस और ब्याज पर GST भी देना पड़ सकता है.

जैसे अगर आप क्रेडिट कार्ड से 5,000 रुपये निकालते हैं और कैश निकालने का चार्ज 2.5 प्रतिशत है, तो आपको 125 रुपये फीस देनी होगी. मान लें कि कार्ड पर हर महीने 3 प्रतिशत ब्याज यानी सालाना 36 प्रतिशत ब्याज लगता है. ऐसी स्थिति में 30 दिनों तक भुगतान नहीं करने पर ब्याज और अन्य लागू चार्ज मिलाकर करीब 322 रुपये का अतिरिक्त खर्च हो सकता है. यानी आपको 5,000 रुपये से काफी ज्यादा रकम चुकानी पड़ सकती है. 

क्रेडिट कार्ड से कैश निकालने पर कब से लगता है ब्याज?

क्रेडिट कार्ड से कैश निकालने का सबसे बड़ा नुकसान यह है कि इसमें ब्याज मुक्त समय नहीं मिलता. सामान्य खरीदारी में आपको बिल बनने और भुगतान की आखिरी तारीख तक ब्याज से राहत मिल सकती है. लेकिन ATM से कैश निकालने पर ऐसा नहीं होता. जैसे ही आप क्रेडिट कार्ड से पैसे निकालते हैं, उसी दिन से ब्याज जुड़ना शुरू हो जाता है. जब तक आप निकाली गई पूरी रकम का भुगतान नहीं कर देते, तब तक ब्याज बढ़ता रहता है. जितनी देर से भुगतान करेंगे, उतना ही ज्यादा खर्च उठाना पड़ सकता है.

क्रेडिट कार्ड से कैश निकालने के क्या नुकसान हैं?

क्रेडिट कार्ड से कैश निकालने पर आपको कोई रिवॉर्ड पॉइंट, कैशबैक या खरीदारी से जुड़े दूसरे फायदे नहीं मिलते. इसके अलावा कैश निकालने की लिमिट भी सामान्य क्रेडिट लिमिट से कम हो सकती है. बार-बार इस सुविधा का इस्तेमाल करने से आपके ऊपर कर्ज का बोझ बढ़ सकता है. इसलिए केवल जरूरत पड़ने पर ही इसका इस्तेमाल करना चाहिए.

पैसों की जरूरत पड़ने पर क्या करें?

अगर आपको अचानक पैसों की जरूरत पड़ती है, तो सबसे पहले अपने सेविंग अकाउंट या डेबिट कार्ड से पैसे निकालने का विकल्प देखें. अगर उधार लेने की जरूरत है, तो कम ब्याज वाले दूसरे ऑप्शन चुनें. क्रेडिट कार्ड से कैश निकालना तभी बेहतर हो सकता है, जब आपके पास कोई दूसरा विकल्प न हो और आप जल्द से जल्द पूरी रकम चुका सकें.