scorecardresearch

दिवाली-धनतेरस पर नई कार खरीदने का है प्लान? तो लोन लेने से पहले जान लें ये बातें... वरना बिगड़ सकता है बजट

कई लोग दिवाली के ऑफर देखकर जल्दबाजी में कार लोन ले लेते हैं. लेकिन ऐसा करने के बजाय आपको अलग-अलग बैंकों की ब्याज दर, EMI और दूसरे चार्ज की तुलना करनी चाहिए. ऐसा करने से आपके लोन में काफी फर्क बैठ सकता है.

Advertisement
AI Generated Image AI Generated Image

दिवाली और धनतेरस के मौके पर नई कार खरीदना कई लोगों का सपना होता है. इस खास मौके पर कार कंपनियां ग्राहकों को शानदार छूट, एक्सचेंज बोनस और सस्ते कार लोन जैसे ऑफर देती हैं. कम EMI देखकर कई लोग जल्दबाजी में कार खरीदने का फैसला कर लेते हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि कार लोन लेने पर EMI और ब्याज के अलावा भी कई तरह के खर्च उठाने पड़ते हैं? 

लोन प्रोसेसिंग फीस और दूसरे चार्ज

जब आप बैंक या किसी फाइनेंस कंपनी से कार लोन लेते हैं, तो वह लोन पास करने के लिए प्रोसेसिंग फीस वसूलती है. यह फीस एक तय रकम या लोन की कुल राशि का कुछ प्रतिशत हो सकती है. इसके अलावा डॉक्यूमेंट चेक करने और दूसरी जरूरी प्रोसेस के लिए भी पैसे लिए जा सकते हैं. 
 
ब्याज दर और कुल ब्याज का खर्च

कार लोन लेते समय सिर्फ कम EMI देखकर फैसला न करें. अलग-अलग बैंक और फाइनेंस कंपनियां अलग ब्याज दर पर लोन देती हैं. ब्याज दर आपके क्रेडिट स्कोर, कमाई और लोन की अवधि पर निर्भर करती है. लंबी अवधि का लोन लेने पर EMI कम हो सकती है, लेकिन कुल ब्याज ज्यादा देना पड़ता है. इसलिए लोन लेने से पहले कुल भुगतान की रकम जरूर जांचें.

कार इंश्योरेंस का खर्च

नई कार खरीदने पर इंश्योरेंस लेना भी जरूरी है. थर्ड पार्टी इंश्योरेंस कानून के अनुसार जरूरी है. इसके अलावा आप अपनी कार को नुकसान से बचाने के लिए कॉम्प्रिहेंसिव इंश्योरेंस ले सकते हैं. जीरो डेप्रिसिएशन, इंजन प्रोटेक्शन और रोडसाइड असिस्टेंस जैसे ऐड-ऑन कवर का खर्च भी बढ़ सकता है. इसलिए डीलर के अलावा दूसरी कंपनियों के इंश्योरेंस प्लान की कीमत और सुविधाओं की तुलना जरूर करें.

डाउन पेमेंट और रजिस्ट्रेशन चार्ज

कार की एक्स-शोरूम कीमत ही उसका पूरा खर्च नहीं होती. इसमें रोड टैक्स, RTO रजिस्ट्रेशन, FASTag और दूसरे चार्ज भी जुड़ते हैं. इसके अलावा कार खरीदते समय डाउन पेमेंट भी देना पड़ता है. ज्यादा डाउन पेमेंट करने से लोन की रकम और ब्याज कम हो सकता है. हालांकि, इसके लिए अपनी पूरी बचत खर्च करना सही नहीं है. डीलर से कार की पूरी ऑन-रोड कीमत की जानकारी जरूर लें.

लोन जल्दी चुकाने और दूसरे चार्ज

कई लोग अपनी कमाई बढ़ने पर कार लोन समय से पहले चुकाना चाहते हैं. लेकिन कुछ बैंक लोन जल्दी बंद करने या बीच में अतिरिक्त भुगतान करने पर चार्ज लगा सकते हैं. इसलिए लोन लेने से पहले फोरक्लोजर फीस, देरी से EMI भरने पर लगने वाला जुर्माना और पेमेंट फेल होने के चार्ज की जानकारी जरूर लें.