Representative Image
Representative Image
अगर आपने अपना बैंक लोन पूरी तरह चुका दिया है, तो सिर्फ आखिरी EMI भरना ही काफी नहीं है. लोन खत्म होने के बाद बैंक से कुछ जरूरी डॉक्यूमेंट लेना भी बहुत जरूरी है. ये कागजात इस बात का सबूत होते हैं कि आपने बैंक का पूरा पैसा चुका दिया है और अब आपके ऊपर कोई बकाया नहीं है. इन्हें संभालकर रखना भविष्य में होने वाली परेशानी से बचा सकता है.
लोन चुकाने के बाद बैंक से No Dues Certificate या NOC जरूर लें. इसमें साफ लिखा होता है कि लोन की पूरी रकम चुका दी गई है और बैंक की तरफ से अब कोई पैसा बाकी नहीं है. भविष्य में किसी विवाद की स्थिति में यह डॉक्यूमेंट आपके लिए काफी काम आ सकता है.
अगर होम लोन या किसी दूसरे लोन के लिए आपने बैंक में प्रॉपर्टी के मूल कागजात जमा किए थे, तो लोन पूरा होने के बाद उन्हें वापस लेना न भूलें. इसमें सेल डीड, प्रॉपर्टी पेपर, एग्रीमेंट और दूसरे मूल डॉक्यूमेंट शामिल हो सकते हैं. इन्हें अच्छी तरह जांचकर ही बैंक से प्राप्त करें.
बैंक से Loan Account Closure Statement लेना भी जरूरी है. यह डॉक्यूमेंट बताता है कि आपका लोन अकाउंट पूरी तरह बंद हो चुका है. इसे भविष्य के रिकॉर्ड के लिए सुरक्षित रखें.
लोन लेते समय कई बार बैंक में साइन किए हुए खाली चेक जमा कराए जाते हैं. लोन खत्म होने पर यह जरूर जांच लें कि ऐसे सभी चेक आपको वापस मिल गए हैं. इससे बाद में उनके गलत इस्तेमाल का खतरा कम होता है.
लोन बंद होने के बाद अपना CIBIL या क्रेडिट रिपोर्ट भी जरूर देखें. उसमें लोन की स्थिति ‘Closed’ दिखनी चाहिए. अगर लोन चुकाने के बाद भी अकाउंट एक्टिव या बकाया दिख रहा है, तो बैंक से संपर्क करके उसे ठीक करवाएं. गलत जानकारी आपके भविष्य के लोन आवेदन पर असर डाल सकती है.
लोन खत्म होने के बाद इन सभी कागजात को सुरक्षित रखना बेहद जरूरी है. आगे चलकर प्रॉपर्टी बेचने, नया लोन लेने या किसी वित्तीय विवाद में ये डॉक्यूमेंट इस बात का सबूत बन सकते हैं कि आपका पुराना लोन पूरी तरह चुक चुका है.