WhatsApp पर मिलेंगी PF से जुड़ी सुविधाएं
WhatsApp पर मिलेंगी PF से जुड़ी सुविधाएं
नौकरीपेशा लोगों को अपना PF बैलेंस चेक करने या पासबुक की जानकारी लेने के लिए अब बार-बार EPFO की वेबसाइट खोलने या दफ्तर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी. कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने WhatsApp के जरिए PF से जुड़ी सेवाएं देने की शुरुआत की है. अब कर्मचारी अपने मोबाइल पर WhatsApp के जरिए PF खाते का बैलेंस, पासबुक की जानकारी और पिछली पांच ट्रांजैक्शन देख सकेंगे. इसके अलावा प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना (PMVBRY) से जुड़ी प्रक्रियाओं में भी मदद मिलेगी. श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया ने 1 नवंबर 2026 को EPFO के 74वें स्थापना दिवस के मौके पर इस सुविधा की शुरुआत की.
WhatsApp पर मिलेंगी PF से जुड़ी ये 4 सुविधाएं
EPFO की नई सुविधा का मकसद कर्मचारियों को रोजमर्रा के कामों के लिए दफ्तरों के चक्कर लगाने से बचाना है. इसके तहत सदस्य WhatsApp पर ये जानकारियां हासिल कर सकेंगे.
PF बैलेंस चेक: कर्मचारी अपने भविष्य निधि खाते में जमा कुल रकम की जानकारी ले सकेंगे.
पासबुक की जानकारी: WhatsApp के जरिए EPF पासबुक का विवरण देख सकेंगे. इससे खाते में जमा रकम और योगदान की जानकारी मिलेगी.
पिछली 5 ट्रांजैक्शन: कर्मचारी अपने PF खाते में हुई पिछली पांच लेनदेन की जानकारी हासिल कर सकेंगे.
सरकारी योजना में मदद: प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना (PMVBRY) से जुड़ी प्रक्रियाओं को पूरा करने के लिए भी मदद मिलेगी.
EPFO Services on WhatsApp Launched! 💬 Check your EPF Balance, view your last 5 transactions and download your Passbook with just a WhatsApp message. 📲 Scan the QR Code or say Hi at +91 8796441800. #EPFO #WhatsAppServices https://t.co/AqxDzFJr6E
— EPFO (@officialepfo) November 1, 2026
आधार अधूरा है तो योजना का लाभ लेने में मिलेगी मदद
इस सुविधा का एक अहम हिस्सा प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना से जुड़ा है. कई कर्मचारियों के दस्तावेज पूरे नहीं होने या आधार ऑथेंटिकेशन अधूरा रहने के कारण योजना से जुड़ी प्रक्रियाएं अटक जाती हैं. ऐसे सदस्यों को WhatsApp सेवा के जरिए बताया जाएगा कि उन्हें कौन-सी प्रक्रिया पूरी करनी है और किन दस्तावेजों की जरूरत है. इससे कर्मचारियों को अपनी समस्या समझने और उसे दूर करने में मदद मिलेगी.
कैसे इस्तेमाल कर सकेंगे WhatsApp की यह सुविधा?
EPFO ने इस सेवा को अपने वेरिफाइड WhatsApp प्लेटफॉर्म के जरिए शुरू किया है. EPFO की WhatsApp सेवा इस्तेमाल करने के लिए सदस्य +91 8796441800 नंबर पर Hi या Hello मैसेज भेज सकते हैं. इसके अलावा EPFO की ओर से जारी QR कोड स्कैन करके भी सेवा शुरू की जा सकती है.
फर्जी WhatsApp नंबर से रहें सावधान
नई सुविधा के साथ कर्मचारियों को धोखाधड़ी से भी सावधान रहना होगा. PF से जुड़ी जानकारी लेने के लिए केवल EPFO की आधिकारिक वेबसाइट या उसके सत्यापित संचार माध्यमों पर दिए गए WhatsApp नंबर का इस्तेमाल करें.
किसी अनजान नंबर पर अपना UAN पासवर्ड, OTP, आधार की जानकारी या बैंक खाते से जुड़ी गोपनीय जानकारी साझा न करें. EPFO के नाम पर आने वाले फर्जी मैसेज और लिंक से भी बचें.
ये भी पढ़ें: