Strong sales of electric vehicles in Delhi
Strong sales of electric vehicles in Delhi
नई EV पॉलिसी और सब्सिडी का असर अब दिखने लगा है. टू-व्हीलर और कमर्शियल इलेक्ट्रिक वाहनों की मांग में जबरदस्त उछाल आया है. सरकार को दिवाली तक बंपर बिक्री की उम्मीद है. राजधानी दिल्ली में इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) को लेकर लोगों का रुझान लगातार बढ़ता जा रहा है. नई इलेक्ट्रिक व्हीकल पॉलिसी लागू होने के बाद राजधानी में EV की बिक्री ने नया रिकॉर्ड बना दिया है. जुलाई 2026 में दिल्ली में 10,307 इलेक्ट्रिक वाहनों का रजिस्ट्रेशन हुआ, जो अब तक का सबसे बड़ा मासिक आंकड़ा है. इससे पहले जून में 10,137 और मई में 9,469 इलेक्ट्रिक वाहन बिके थे. यानी केवल तीन महीनों (मई, जून और जुलाई) में ही 29,913 इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री दर्ज की गई है.जुलाई में EV बिक्री जून की तुलना में 170 वाहन और मई के मुकाबले 838 वाहन अधिक रही. यह लगातार तीसरा महीना है जब इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री में बढ़ोतरी दर्ज की गई है.
टू-व्हीलर बने लोगों की पहली पसंद
जुलाई में सबसे ज्यादा बिक्री इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर की रही. इलेक्ट्रिक स्कूटर और बाइक की मांग लगातार बढ़ रही है. जुलाई में 6,172 टू-व्हीलर, जून में 5,656, मई में 5,148 टू-व्हीलर की बिक्री हुई है. आंकड़े बताते हैं कि बढ़ती ईंधन कीमतों, कम संचालन लागत और सरकारी सब्सिडी के कारण लोग बड़ी संख्या में इलेक्ट्रिक स्कूटर और बाइक खरीद रहे हैं.
कमर्शियल EV से कारोबार को भी रफ्तार
सिर्फ निजी वाहन ही नहीं, बल्कि व्यावसायिक क्षेत्र में भी इलेक्ट्रिक वाहनों की मांग तेजी से बढ़ रही है. गुड्स थ्री-व्हीलर जुलाई में 1,062, जून में 946, मई में 863 बिके. इलेक्ट्रिक मोटर कैब की बिक्री जुलाई में 504, जून में 407 और मई में मई 389 हुई. गुड्स कैरियर की बिक्री हुई जुलाई में 202, जून में 187 और में मई में 174 हुई. इन आंकड़ों से साफ है कि लॉजिस्टिक्स और पब्लिक ट्रांसपोर्ट सेक्टर भी तेजी से इलेक्ट्रिक मोबिलिटी की ओर बढ़ रहा है.
इलेक्ट्रिक कारों में हल्की गिरावट
हालांकि जुलाई में इलेक्ट्रिक कारों की बिक्री में मामूली गिरावट देखने को मिली.जुलाई में 2,205, जून में 2,471 और मई में 2,251 इलेक्ट्रिक कारों की बिक्री हुई. विशेषज्ञों का मानना है कि कारों के मुकाबले कम कीमत और अधिक सब्सिडी के कारण फिलहाल टू-व्हीलर और कमर्शियल EV की मांग ज्यादा बनी हुई है.
सरकार का दावा- नई EV पॉलिसी का असर
दिल्ली के परिवहन मंत्री डॉ. पंकज सिंह का कहना है कि नई EV पॉलिसी के तहत आम लोगों को दी जा रही सब्सिडी का सीधा असर बिक्री के आंकड़ों में दिखाई दे रहा है. उनके मुताबिक लोग तेजी से इलेक्ट्रिक वाहनों की ओर रुख कर रहे हैं और आने वाले महीनों में यह रफ्तार और तेज होगी. मंत्री ने कहा कि अगले महीने से शुरू होने वाले फेस्टिवल सीजन के दौरान, खासकर दिवाली तक इलेक्ट्रिक वाहनों की खरीद में बड़ा उछाल देखने को मिल सकता है.
प्रदूषण नियंत्रण में भी मिलेगी मदद
डॉ. पंकज सिंह के अनुसार दिल्ली में इलेक्ट्रिक वाहनों की बढ़ती संख्या राजधानी के प्रदूषण को कम करने में भी अहम भूमिका निभाएगी. उनका कहना है कि दिल्ली की जनता स्वच्छ और हरित परिवहन को अपनाने में सरकार का साथ दे रही है, जिससे राजधानी में इलेक्ट्रिक मोबिलिटी का दायरा लगातार बढ़ रहा है.