Gold And Silver Rate Today
Gold And Silver Rate Today
गुरुवार को रिकॉर्ड स्तर छूने के बाद शुक्रवार सुबह सोने और चांदी की कीमतों में तेज गिरावट देखने को मिली. मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर शुरुआती कारोबार में दोनों कीमती धातुएं 4% तक टूट गईं.
सोना 3,000 रुपए से ज्यादा सस्ता
MCX पर अप्रैल फ्यूचर्स का सोना शुक्रवार को 1.88% की गिरावट के साथ 1,80,499 प्रति 10 ग्राम पर खुला. इससे पहले इसका क्लोजिंग प्राइस 1,83,962 था. गौरतलब है कि गुरुवार को सोने ने 1,93,096 प्रति 10 ग्राम का अब तक का रिकॉर्ड हाई बनाया था.
MCX Silver Price Today: चांदी में 4% की बड़ी गिरावट
चांदी की कीमतों में सोने से भी ज्यादा गिरावट दर्ज की गई. MCX पर चांदी 4% टूटकर 3,83,898 प्रति किलो पर खुली, जबकि पिछला बंद भाव 3,99,893 था. गुरुवार को चांदी ने 4,20,048 प्रति किलो का नया रिकॉर्ड बनाया था. तेज उछाल के बाद आई गिरावट से बाजार में हलचल बढ़ गई है.
डॉलर मजबूत, मेटल कमजोर
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोना और चांदी दबाव में नजर आए. स्पॉट गोल्ड 0.9% गिरकर $5,346.42 प्रति औंस पर आ गया. एक दिन पहले सोना $5,594.82 के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा था. हालांकि US गोल्ड फ्यूचर्स 1.3% बढ़कर $5,390.80 प्रति औंस पर ट्रेड करते दिखे. वहीं, स्पॉट सिल्वर 0.2% फिसलकर $115.83 प्रति औंस पर आ गई. गुरुवार को चांदी ने $121.64 का ऑल-टाइम हाई बनाया था.
फिर भी क्यों मजबूत है सोना?
हालिया गिरावट के बावजूद सोने की चमक फीकी नहीं पड़ी है. जनवरी में अब तक सोने की कीमतें 24% से ज्यादा बढ़ चुकी हैं. जनवरी 1980 के बाद का सबसे बड़ा मासिक उछाल माना जा रहा है. सोना लगातार छठे महीने बढ़त की तरफ है. वहीं, चांदी जनवरी में 62% तक उछल चुकी है. डॉलर इंडेक्स में हल्की तेजी देखी गई है.
जानिए आज के गोल्ड-सिल्वर रेट
सर्राफा बाजार में आज सोने की कीमतों में मजबूती देखने को मिल रही है. 24 कैरेट सोना 1,78,860 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव बिक रहा है, जबकि 22 कैरेट सोने का भाव 1,63,960 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया है. वैश्विक स्तर पर बढ़ती आर्थिक अनिश्चितताओं के बीच डॉलर में आई तेज कमजोरी का सीधा फायदा कीमती धातुओं को मिल रहा है, जिससे सोने की मांग को समर्थन मिला है.