Salary Needed To Buy Home
Salary Needed To Buy Home
दिल्ली-एनसीआर में रहने वाले मिडिल क्लास के लोगों के लिए हमेशा एक सपना होता है, कि उनका एक अपना घर हो. कुछ समय पहले तक इस सपने को साकार करना कुछ हद तक आसान था, लेकिन अब यह टेढ़ी खीर के बराबर हो चुका है. इसके पीछे की वजह है दिल्ली-एनसीआर की रियल एस्टेट मार्केट में बढ़े हुए प्रॉपर्टी के दाम. यह दाम इतने ज्यादा हो चुके हैं कि अगर लोन पर घर ले भी लिया जाए, जो कि पहले तो मिलेगा नहीं, लेकिन अगर मिल भी जाता है तो सैलरी से ईएमआई और घर के जरूरी खर्च निकाल पाना मुश्किल हो जाएगा.
दरअसल अब सवाल पैदा यह होता है कि दिल्ली-एनसीआर में एक अच्छा घर खरीदने के लिए आपकी सैलरी कितनी होनी चाहिए. इसका जवाब इसलिए भी जरूरी है क्योंकि आपकी सैलरी के आधार पर ही आपको लोन मिलेगा, जिसकी मदद से आप घर खरीदेंगे.
आखिर क्यों इतने महंगे हैं घर?
पिछले कुछ सालों में प्रॉपर्टी की कीमतों में जो इजाफा आया है, उसके पीछे का कारण है बढ़ती जमीन की कीमतें, बढ़ता इंफ्रास्टक्चर, प्रीमियम प्रॉपर्टी की डिमांड. यही कारण है कि लोग अब नई प्रॉपर्टी खरीदने से पहले दो बार अपनी सैलरी स्लिप को देखते हैं, कि क्या वह वाकई किसी प्रॉपर्टी को खरीद पाएंगे या नहीं?
कितना होना चाहिए आपका होम बजट?
सहेज मनी के फाउंडर अभिषेक कुमार बताते हैं कि अगर किसी भी वित्तीय संकट से बचना है तो आपका घर खरीदने का बजट आपकी सालाना इनकम का चार-पांच गुना होना चाहिए. यानी अगर सैलरी सालाना 10 लाख है तो बजट 40-50 लाख रहेगा, वहीं अगर सालाना सैलरी 20 लाख है तो बजट 80-100 लाख होना चाहिए. अगर जमीनी तौर पर देखें तो यह बात अब सच साबित होती नज़र नहीं आती है.
कौनसी लोकेशन बन रहीं पसंद?
दरअसल अब लोग केवल घर को खरीदने के लिहाज से नहीं देखते हैं. वह बल्कि उन जगह घर खरीदना पसंद करते हैं, जहां अब ग्रोथ होने वाली हो. जैसे कोई ऐसी लोकेशन जहां नए प्रोजेक्ट या ग्रोथ होने वाली हो. लोग घर की लोकेशन को अपनी लाइफस्टाइल के मुताबिक भी देख रहे हैं. जैसे किसी लोकेशन के पास ज्यादा मॉल या कनेक्टिविटी हो, वह उस जगह पर घर खरीदना ज्यादा पसंद करते हैं.
ईएमआई का जरूर रखें ध्यान?
नया घर खरीदने से पहले लोगों को उसकी कीमत के अनुसार ईएमआई को भी ठीक तरह से स्ट्रक्चर करवाना चाहिए. अगर आप घर लोन पर खरीद रहे हैं तो बेहतर होगा कि आपकी आमदनी का 30-35 प्रतिशत हिस्सा ही ईएमआई हो. इससे ज्यादा होने पर आपकी जिंदगी के जरूरी खर्चों पर काफी गहरा असर पड़ सकता है.
साथ ही अगर कोई दिल्ली-एनसीआर में प्रॉपर्टी खरीदने का विचार कर रहा है तो जरूरी है कि उसकी सालाना इनकम कम से कम 20-25 लाख रुपए सालाना होनी चाहिए. इतनी इनकम के साथ वह एक मिड-रेंज होम आऱाम से खरीद सकता है. इनकी सैलरी में एख 80-100 लाख वाली प्रॉपर्टी खरीदी जा सकती है, साथ ही बाकी के लाइफस्टाइल खर्चों का भी ध्यान रखा जा सकता है.