Jewellery Stocks Crash
Jewellery Stocks Crash
शेयर बाजार में आज यानी 11 मई को गिरावट है. सेंसेक्स करीब 1,000 अंक की गिरावट के साथ 76,300 के स्तर पर कारोबार कर रहा है. वहीं ज्वेलरी कंपनियों के शेयरों में भी तेज गिरावट देखने को मिल रही है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से नागरिकों से सोने की खरीद फिलहाल टालने की अपील के बाद निवेशकों में घबराहट बढ़ गई. इसका सीधा असर देश की बड़ी ज्वेलरी कंपनियों के शेयरों पर पड़ा, जहां कई स्टॉक्स 9% तक गिर गए.
एक साल तक न खरीदें सोना
प्रधानमंत्री ने रविवार को हैदराबाद में एक कार्यक्रम के दौरान कहा था कि मौजूदा वैश्विक हालात, खासकर मिडिल ईस्ट संकट को देखते हुए देश को विदेशी मुद्रा बचाने की जरूरत है. इसी के तहत उन्होंने लोगों से अगले एक साल तक शादी-ब्याह जैसे अवसरों पर सोने की खरीद को टालने की अपील की.
ज्वेलरी कंपनियों के शेयरों में भारी गिरावट
Titan Company का शेयर करीब 6.4% तक गिर गया
Kalyan Jewellers India में 8.3% की गिरावट दर्ज हुई
Senco Gold का स्टॉक 10.7% तक टूट गया
Sky Gold and Diamonds के शेयर 12.2% तक लुढ़क गए
PN Gadgil Jewellers में 7% की गिरावट आई
PC Jeweller के शेयर 5% गिरे
Tribhovandas Bhimji Zaveri में 6.3% की कमजोरी देखने को मिली
मजबूत नतीजों के बावजूद दबाव में शेयर
दिलचस्प बात यह रही कि गिरावट उस समय आई जब कई कंपनियों ने मजबूत तिमाही नतीजे घोषित किए थे. Titan Company ने चौथी तिमाही में 35.4% की बढ़ोतरी के साथ 1,179 करोड़ का मुनाफा दर्ज किया. कंपनी का रेवेन्यू 77.6% बढ़कर 23,934 करोड़ पहुंच गया. इसके बावजूद शेयर में गिरावट देखने को मिली.
इसी तरह क्ल्याण ज्वैलर्स का मुनाफा 118.2% बढ़कर 409.5 करोड़ पहुंच गया, जबकि रेवेन्यू 66.2% बढ़कर 10,274.9 करोड़ हो गया. कंपनी ने डिविडेंड की भी घोषणा की थी, लेकिन बाजार पर इसका असर नहीं दिखा.
निवेशकों में बढ़ी चिंता
बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि यह गिरावट केवल कंपनी के नतीजों से जुड़ी नहीं है, बल्कि प्रधानमंत्री की अपील के बाद बने भावनात्मक दबाव का भी असर है. सोने की मांग भारत में खासकर त्योहारों और शादियों के सीजन में बहुत अधिक रहती है. ऐसे में खरीद टलने की अपील का सीधा असर ज्वेलरी सेक्टर की ग्रोथ पर पड़ने की आशंका निवेशकों को परेशान कर रही है.