scorecardresearch

New Jeevan Saathi Yojana: क्या है LIC की नई जीवन साथी योजना, एक पॉलिसी में पति-पत्नी दोनों को मिलेगा सुरक्षा और बचत, जानें इस धांसू प्लान के और फायदे

LIC पति-पत्नी के लिए बेहतरीन प्लान लेकर आया है. इसमें पति और पत्नी दोनों को एक साथ बीमा कवर मिलेगा. इतना ही नहीं इस योजना में बचत और सुरक्षा दोनों का फायदा मिलेगा. आइए जानते हैं आखिर क्या है भारतीय जीवन बीमा निगम की न्यू जीवन साथी सिंगल प्रीमियम और न्यू जीवन साथी लिमिटेड प्रीमियम योजना?

LIC LIC

Joint Life Insurance for Couples: भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) पति-पत्नी के लिए बेहतरीन प्लान लेकर आया है. LIC ने न्यू जीवन साथी सिंगल प्रीमियम और न्यू जीवन साथी लिमिटेड प्रीमियम योजना लॉन्च की है.  नई जीवन साथी योजना में पति और पत्नी दोनों को एक साथ बीमा कवर मिलेगा. योजना में बचत और सुरक्षा दोनों का फायदा मिलेगा. इस योजना में न्यूनतम बीमा राशि 3 लाख रुपए तय की गई है. एलआईसी के सीईओ और एमडी आर. दोरैस्वामी ने इन दोनों योजनाओं की शुरुआत की. एलआईसी के ये दोनों संयुक्त जीवन बीमा योजनाएं हैं.  इन योजनाओं को विवाहित लोगों को ध्यान में रखकर लाया गया है ताकि परिवार की आर्थिक सुरक्षा मजबूत हो सके. ये योजनाएं उन दंपति के लिए हैं, जो अलग-अलग पॉलिसी के चक्कर में नहीं पड़ना चाहते.

गारंटीड रिटर्न और फिक्स्ड बेनेफिट्स का मिलेगा लाभ 
इन दोनों योजनाओं में गारंटीड रिटर्न और फिक्स्ड बेनेफिट्स का लाभ भी मिलेगा. इसका मतलब है कि बाजार में उतार-चढ़ाव का असर इन योजनाओं पर नहीं पड़ेगा. एलआईसी के मुताबिक ये दोनों प्लान जून 2026 से ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से पेश होंगे. कस्टमर्स इन्हें एजेंट, ब्रोकर, कॉर्पोरेट एजेंट और अन्य तरीकों से खरीद सकते हैं.

न्यूनतम 3 लाख रुपए का है बीमा कवर
भारतीय जीवन बीमा निगम के मुताबिक इस योजना में न्यूनतम बीमा राशि 3 लाख रुपए है. अधिकतम बीमा राशि की कोई सीमा तय नहीं है. हालांकि अधिक बीमा राशि के मामले में मंजूरी एलआईसी की बोर्ड-अनुमोदित नीति के अनुसार दी जाएगी. इस योजना में शामिल होने के लिए न्यूनतम उम्र 18 साल है. अधिकतम आयु सीमा ग्राहक की ओर से चुने गए विकल्प के आधार पर भिन्न हो सकती है. इन दोनों योजनाओं में ग्राहकों को अपनी जरूरत और सुविधा के हिसाब से विकल्प चुनने का अवसर मिलेगा.

सिर्फ एक बार देना होगा प्रीमियम
न्यू जीवन साथी सिंगल प्रीमियम प्लान में ग्राहक को सिर्फ एक बार प्रीमियम देना होगा. इस स्‍कीम में पॉलिसी टर्म के दौरान हर 1000 रुपए के बेसिक सम एश्योर्ड पर 70 रुपए की गारंटीड एडिशन दिया जाएगा. इस योजना में 10, 15, 20 और 25 साल तक की पॉलिसी टर्म का विकल्प मिलेगा.

योजना की सबसे बड़ी बात 
यदि आप बार-बार प्रीमियम भरने से बचना चाहते हैं तो सिंगल प्रीमियम वाला विकल्प बेस्ट है.  यदि आप चाहते हैं कि एक तय समय तक ही भुगतान करें तो लिमिटेड प्रीमियम वाला ऑप्शन चुन सकते हैं.  इस योजना की सबसे बड़ी बात यह है कि यदि प्रीमियम भरने के दौरान किसी एक साथी के साथ कोई अनहोनी हो जाए तो आगे के सारे प्रीमियम माफ हो जाते हैं और पॉलिसी बंद नहीं होती.

परिवार की सुरक्षा पर ध्यान
एलआईसी के मुताबिक नई जीवन साथी योजना उन लोगों के लिए बेहतर है, जो भविष्य की आर्थिक सुरक्षा के साथ-साथ सुरक्षित निवेश की भी तलाश में हैं. बीमा विशेषज्ञों के अनुसार संयुक्त जीवन बीमा योजनाएं परिवारों के लिए फायदेमंद साबित हो सकती हैं, क्योंकि एक ही पॉलिसी में पति-पत्नी दोनों को कवर मिल जाता है. इससे प्रीमियम प्रबंधन भी आसान होता है और लंबी अवधि में बचत का फायदा भी मिलता है.  यदि आप अपने और जीवनसाथी के लिए एक सुरक्षित भविष्य की तलाश में हैं तो इन योजनाओं पर एक बार बिचार कर सकते हैं.