scorecardresearch

Gold Loan: लिया है आपने गोल्ड लोन? लेकिन नहीं चुका पाए किस्त... कहीं बैंक सोना नीलाम तो नहीं कर देगा, जानें क्या कहते हैं नियम?

अक्सर लोग पैसों की जरूरत में गोल्ड लोन लेते हैं. लेकिन कभी-कभी किस्त समय पर जमा नहीं कर पाते. ऐसे में डर सताता है कि कहीं बैंक सोने को जब्त तो नहीं कर लेगा, या फिर नीलामी तो नहीं कर देगा.

Advertisement
Gold Loan Gold Loan

कई बार पैसों की परेशानी के कारण लोग गोल्ड लोन की किस्त समय पर नहीं भर पाते. ऐसे में उन्हें डर रहता है कि बैंक या फाइनेंस कंपनी उनके सोने के गहने नीलाम कर सकती है. अगर आपने भी गहने गिरवी रखकर लोन लिया है, तो यह जानकारी आपके काम की है. एक किस्त छूटने का मतलब यह नहीं है कि आपके गहने तुरंत नीलाम हो जाएंगे. लेकिन, लगातार भुगतान न करने पर परेशानी बढ़ सकती है.

गोल्ड लोन की EMI नहीं भरी तो क्या होगा?

गोल्ड लोन की किस्त समय पर नहीं भरने पर बैंक या फाइनेंस कंपनी आपको फोन, मैसेज या दूसरे तरीकों से याद दिला सकती है. लोन की शर्तों के अनुसार देर से भुगतान करने पर एक्स्ट्रा चार्ज भी लग सकता है.

अगर लंबे समय तक किस्त नहीं भरी जाती, तो कर्ज देने वाली संस्था वसूली की प्रक्रिया शुरू कर सकती है. इसलिए किस्त छूटने पर उसे नजरअंदाज करने के बजाय जल्द से जल्द बैंक से संपर्क करना चाहिए.

कितनी EMI छूटने पर सोना हो सकता है नीलाम?

भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की ओर से ऐसा कोई एक नियम नहीं है कि दो, तीन या छह किस्त छूटते ही सोना नीलाम कर दिया जाएगा. यह लोन की शर्तों, बकाया रकम और कर्ज देने वाली संस्था की प्रक्रिया पर निर्भर करता है.

अगर कोई रकम 90 दिनों से ज्यादा समय तक बकाया रहती है, तो लोन खाता आम तौर पर एनपीए यानी एनपीए कैटेगरी में आ सकता है. इसके बाद वसूली की कार्रवाई तेज हो सकती है. लेकिन, एनपीए होने का मतलब भी यह नहीं है कि उसी समय गहने नीलाम हो जाएंगे.

सोना नीलाम करने से पहले क्या होता है?

आमतौर पर कर्ज देने वाली संस्था पहले भुगतान के लिए याद दिलाती है. इसके बाद बकाया रकम चुकाने के लिए लिखित नोटिस दिया जा सकता है. अगर इसके बाद भी भुगतान नहीं होता, तो लोन की शर्तों और लागू नियमों के अनुसार नीलामी की प्रक्रिया शुरू हो सकती है.

नीलामी से पहले ग्राहक को जरूरी सूचना देना होता है. इसकी समय-सीमा हर मामले में एक जैसी नहीं होती. इसलिए अपने लोन एग्रीमेंट में दी गई शर्तों को ध्यान से पढ़ें.

नीलामी से पहले गहने कैसे बचाएं?

अगर आप बकाया रकम चुका सकते हैं, तो नीलामी पूरी होने से पहले बैंक से संपर्क करके भुगतान या समझौते का ऑप्शन पूछें. अगर पूरी रकम एक साथ देना मुश्किल है, तो किस्तों में भुगतान की संभावना के बारे में लिखित जानकारी लें. किसी भी तय तारीख या समझौते का रिकॉर्ड अपने पास रखें.

सोना नीलाम होने पर बचे हुए पैसे का क्या होगा?

नीलामी से मिलने वाली रकम का इस्तेमाल पहले बकाया कर्ज और चार्ज चुकाने में किया जाता है. अगर गहनों की बिक्री से कर्ज चुकाने के बाद पैसा बचता है, तो लागू नियमों के अनुसार वह ग्राहक को लौटाया जाना चाहिए. गोल्ड लोन की शर्तें अलग-अलग हो सकती हैं. इसलिए भुगतान में देरी होने पर बैंक से तुरंत संपर्क करें और नीलामी से जुड़ी जानकारी लिखित में लें.