scorecardresearch

खराब हो गया पुराना Credit Card? तो नया कार्ड लेने से पहले ये गलती न करें... वरना पेमेंट और अकाउंट में आ सकती है परेशानी

क्रेडिट कार्ड खराब या टूट गया है तो क्या आप सीधे उसे फेंक देते हैं? ऐसा करना भारी पड़ सकता है. नया कार्ड लेने से पहले कुछ जरूरी काम करना बेहद जरूरी है.

Advertisement
Credit Card Credit Card

क्रेडिट कार्ड आज रोजमर्रा के खर्च में काफी काम आता है. लेकिन कई बार कार्ड पुराना होने, टूटने या चिप खराब होने की वजह से काम करना बंद कर देता है. ऐसे में नया कार्ड लेना जरूरी हो सकता है. लेकिन सिर्फ बैंक से नया कार्ड मंगाना ही काफी नहीं है, बल्कि पुराने कार्ड और अपने अकाउंट को भी सेफ रखना भी जरूरी है.

सबसे पहले किसे दें जानकारी

अगर आपका क्रेडिट कार्ड खराब हो गया है तो सबसे पहले बैंक या कार्ड जारी करने वाली कंपनी से कॉन्टैक्ट करें. आप बैंक के ऐप, वेबसाइट, कस्टमर केयर नंबर या ब्रांच के जरिए जानकारी दे सकते हैं. किसी अनजान मैसेज या ईमेल में आए लिंक से कार्ड बदलने की प्रोसेस शुरू न करें. बैंक से यह भी पूछें कि पुराने कार्ड को पहले ब्लॉक करना जरूरी है या नहीं और नए कार्ड के लिए कोई फी लगेगी या नहीं.

रिप्लेसमेंट कार्ड के लिए करें अप्लाई

बैंक को जानकारी देने के बाद नए कार्ड के लिए अप्लाई करें. यह प्रोसेस आमतौर पर बैंक के ऐप, वेबसाइट, हेल्पलाइन या ब्रांच से पूरी हो सकती है. अप्लाई करने से पहले यह पता कर लें कि नया कार्ड कितने दिन में आएगा. साथ ही यह भी जांच लें कि आपका क्रेडिट लिमिट और पुराना कार्ड अकाउंट वही रहेगा या नहीं. RBI के नियमों के अनुसार, ग्राहक की मांग पर कार्ड ब्लॉक होने की स्थिति में नया कार्ड जारी करने के लिए ग्राहक की सहमति जरूरी होती है.

पुराने कार्ड से जुड़े पेमेंट जरूर देखें

नया कार्ड मिलने पर उसका नंबर, एक्सपायरी डेट और सीवीवी बदल सकता है. इसलिए पुराने कार्ड से जुड़े सभी ऑटो पेमेंट और सब्सक्रिप्शन की जानकारी देख लें. इसमें ओटीटी, बीमा, बिल पेमेंट और दूसरी सेवाएं शामिल हो सकती हैं. नए कार्ड की जानकारी समय पर अपडेट नहीं करने पर पेमेंट रुक सकता है. ध्यान रखें कि कार्ड बदलने से पुराना बकाया खत्म नहीं होता. क्रेडिट कार्ड का बिल समय पर भरते रहें.

नया कार्ड कैसे करें एक्टिवेट

नया कार्ड मिलने के बाद उसे सिर्फ बैंक के ऐप, वेबसाइट या बताए गए तरीके से एक्टिवेट करें. पिन सेट या कन्फर्म करते समय सावधानी रखें. किसी भी व्यक्ति को ओटीपी, पिन या सीवीवी न बताएं, भले ही वह खुद को बैंक का कर्मचारी बताए.

पुराने कार्ड को किस तरह करें नष्ट

नया कार्ड एक्टिवेट करने के बाद हाल की सभी ट्रांजैक्शन जरूर जांचें. यह भी देख लें कि पुराना कार्ड ब्लॉक हो चुका है. इसके बाद पुराने कार्ड को ऐसे तरीके से काटकर नष्ट करें कि कार्ड नंबर, सीवीवी और चिप का इस्तेमाल न किया जा सके. साथ ही नए कार्ड के लिए मिले आवेदन नंबर या कन्फर्मेशन को तब तक संभालकर रखें, जब तक पूरी प्रोसेस खत्म न हो जाए.