PF Withdrawal From UPI
PF Withdrawal From UPI
देश के करोड़ों नौकरी करने वाले लोगों के लिए जल्द ही पीएफ निकालना पहले से कहीं ज्यादा आसान होने वाला है. जी हां, अब PF के पैसे निकालने के लिए लंबा क्लेम प्रोसेस, दस्तावेज जमा करने और कई दिनों तक इंतजार करने की जरूरत नहीं पड़ेगी. कर्मचारी भविष्य निधि संगठन यानी EPFO ऐसी नई सुविधा लाने की तैयारी में है, जिसके जरिए सदस्य सीधे UPI के माध्यम से अपने PF खाते से पैसा निकाल सकेंगे. चलिए आपको बताते हैं इस सुविधा के बारे में डिटेल में.
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, केंद्रीय श्रम मंत्री Mansukh Mandaviya ने बताया कि इस सुविधा का परीक्षण पूरा हो चुका है और अब इसे लागू करने की दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है.
फोन पर कुछ क्लिक और खाते में पैसा
नई व्यवस्था लागू होने के बाद EPFO सदस्य अपने मोबाइल फोन से कुछ ही क्लिक में PF की रकम बैंक खाते में ट्रांसफर कर सकेंगे. फिलहाल पीएफ निकालने के लिए ऑनलाइन क्लेम करना पड़ता है और उसके बाद प्रोसेस पूरा होने में कई दिन लग जाते हैं. साथ ही दस्तावेजों की जांच और अन्य औपचारिकताएं भी करनी पड़ती हैं. लेकिन UPI आधारित नई सुविधा आने के बाद यह प्रक्रिया काफी तेज और आसान हो जाएगी. सरकार का दावा है कि इससे लोगों को तुरंत जरूरत पड़ने पर अपने पैसे तक जल्दी पहुंच मिल सकेगी.
ऐसे काम करेगी नई सुविधा
प्रस्तावित व्यवस्था के तहत PF खाते की कुछ राशि सुरक्षित या फ्रीज रखी जा सकती है, जबकि बाकी रकम को UPI से जुड़े बैंक खाते में ट्रांसफर करने की अनुमति मिलेगी. जानकारी के मुताबिक, सदस्य अपने UPI PIN का इस्तेमाल करके राशि निकाल सकेंगे. पैसा सीधे बैंक खाते में पहुंच जाएगा, जिसके बाद उसका इस्तेमाल डिजिटल पेमेंट, ऑनलाइन ट्रांजैक्शन या ATM से कैश निकालने के लिए किया जा सकेगा.
WhatsApp के जरिए भी कई सेवाएं शुरू होंगी
इस नई सुविधा से देश के 7 करोड़ से अधिक EPFO सदस्यों को राहत मिलने की उम्मीद है. खासकर आपात स्थिति में या तुरंत पैसों की जरूरत पड़ने पर यह सुविधा बेहद उपयोगी साबित हो सकती है. रिपोर्ट्स के अनुसार, EPFO फिलहाल इस सिस्टम से जुड़ी सॉफ्टवेयर समस्याओं को दूर करने में जुटा हुआ है ताकि सेवा को बिना किसी परेशानी के शुरू किया जा सके. वहीं, खबर है कि जून महीने से WhatsApp के जरिए भी कई सेवाएं शुरू कर सकता है. इसके तहत सदस्य PF बैलेंस चेक करने, पिछले पांच ट्रांजैक्शन देखने और दूसरी जरूरी जानकारी हासिल कर सकेंगे.
ये भी पढ़ें: