Bihar Teachers
Bihar Teachers
बिहार में शिक्षकों और बेरोजगार युवाओं के लिए आने वाले दिनों में कई बड़े फैसले हो सकते हैं. शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने समस्तीपुर में एक कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों की समस्याओं के समाधान, वित्त रहित शिक्षकों को सीधे अनुदान देने और शिक्षा विभाग में बड़े स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की बात कही. उन्होंने बताया कि शिक्षकों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और रोबोटिक्स जैसी नई तकनीकों की ट्रेनिंग भी दी जाएगी. वहीं, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने SIR के मुद्दे पर राहुल गांधी और तेजस्वी यादव पर निशाना साधा.
अगले डेढ़ महीने में शिक्षकों की समस्याएं दूर करने का दावा
शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि बिहार में शिक्षकों की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार काम किया जा रहा है. उनके मुताबिक, अब तक 40% समस्याओं का समाधान हो चुका है. बाकी 60% समस्याओं को अगले एक से डेढ़ महीने में दूर करने का लक्ष्य है. उन्होंने यह भी कहा कि दक्षता परीक्षा पास करने के बाद हजारों लाइब्रेरियन की बहाली का रास्ता साफ हो सकता है.
AI और रोबोटिक्स की ट्रेनिंग से डिजिटल बनेंगे शिक्षक
शिक्षा मंत्री ने बताया कि शिक्षकों को नई तकनीक से जोड़ने की तैयारी की जा रही है. इसके तहत उन्हें AI और रोबोटिक्स का प्रशिक्षण दिया जाएगा. इसका उद्देश्य शिक्षकों को डिजिटल शिक्षा के लिए तैयार करना है, ताकि वे पढ़ाई में आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल कर सकें. मंत्री ने कहा कि इस योजना से जुड़ी फाइल पर उन्होंने हस्ताक्षर कर दिए हैं.
वित्त रहित शिक्षकों के खाते में सीधे आएगा अनुदान
वित्त रहित शिक्षकों के लिए भी शिक्षा मंत्री ने बड़ी घोषणा की. उन्होंने कहा कि अब अनुदान की राशि प्रबंधन समिति के पास भेजने के बजाय सीधे शिक्षकों के बैंक खातों में भेजने की व्यवस्था की जाएगी. इस संबंध में प्रबंधन समितियों को निर्देश दिए गए हैं.
मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री से इस बात पर भी चर्चा हुई है कि वित्त रहित शिक्षकों को हर महीने वेतन की तरह राशि मिल सके. इस व्यवस्था पर काम चल रहा है. उन्होंने कहा कि वित्त रहित शिक्षकों को भी सम्मान के साथ जीवन जीने का अधिकार है और सरकार उन्हें उनका हक दिलाने की दिशा में काम करेगी.
SIR पर राहुल गांधी और तेजस्वी यादव पर साधा निशाना
कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने SIR को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी और राजद नेता तेजस्वी यादव पर निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष चुनाव आयोग की प्रक्रिया पर सवाल उठाकर राजनीतिक माहौल बना रहा है. सरावगी ने कहा कि SIR की प्रक्रिया में 120 से 150 दिन तक लग सकते हैं और राजनीतिक दलों को इसकी जानकारी दी जाती है. उन्होंने तेजस्वी यादव पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि फर्जी मतदाताओं के नाम हटने से विपक्ष परेशान है. हालांकि, ये विपक्ष पर लगाए गए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के आरोप हैं.
MLC चुनाव को लेकर आयोजित हुआ कार्यक्रम
समस्तीपुर में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की ओर से एमएलसी चुनाव में एनडीए प्रत्याशी के समर्थन में कार्यक्रम आयोजित किया गया था. इसमें केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी और शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी शामिल हुए. कार्यक्रम में शिक्षकों की समस्याओं, रोजगार और चुनावी मुद्दों पर नेताओं ने अपनी बात रखी.
ये भी पढ़ें: