CBSE Class 10th and 12th 2027 Exam Datesheet announced
CBSE Class 10th and 12th 2027 Exam Datesheet announced
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं की डेटशीट 2027 जारी कर दी है. दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं 16 फरवरी 2027 से शुरू होंगी. इस बार बोर्ड ने परीक्षा शुरू होने से 101 दिन पहले ही डेटशीट जारी कर दी है, ताकि छात्रों को तैयारी के लिए पर्याप्त समय मिल सके. बोर्ड के मुताबिक, कक्षा 10वीं में 83 विषयों और 12वीं में 121 विषयों की परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी. सभी परीक्षाएं सुबह 10:30 बजे से शुरू होंगी.
10वीं और 12वीं के इतने छात्रों ने कराया रजिस्ट्रेशन
CBSE की ओर से जारी नोटिस के अनुसार, 2027 की बोर्ड परीक्षाओं के लिए कक्षा 10वीं के 26.5 लाख से ज्यादा और कक्षा 12वीं के 19.8 लाख से ज्यादा छात्रों ने रजिस्ट्रेशन कराया है. स्कूलों की ओर से LOC यानी लिस्ट ऑफ कैंडिडेट्स जमा करने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद बोर्ड के पास छात्रों के विषयों और उनके कॉम्बिनेशन से जुड़ा अंतिम डेटा आ गया था. इसके बाद परीक्षा की तारीखों को अंतिम रूप दिया गया.
डेटशीट तैयार करते समय इन बातों का रखा गया ध्यान
बोर्ड ने बताया कि डेटशीट बनाते समय कई जरूरी बातों का ध्यान रखा गया है. 10वीं और 12वीं में एक साथ पढ़े जाने वाले विषयों की परीक्षाओं के बीच पर्याप्त अंतर रखा गया है. 12वीं के छात्रों की बड़ी प्रवेश परीक्षाओं के संभावित शेड्यूल को भी ध्यान में रखा गया है. बोर्ड ने कोशिश की है कि प्रवेश परीक्षाएं शुरू होने से पहले ही बोर्ड की परीक्षाएं पूरी हो जाएं, जिससे छात्रों को आगे की तैयारी का समय मिल सके.
इसके अलावा, किसी परीक्षा केंद्र पर एक दिन में कितने छात्र परीक्षा देंगे, इस बात को भी ध्यान में रखा गया है. मूल्यांकन के दौरान शिक्षकों को लंबे समय तक स्कूल से बाहर न रहना पड़े, इसके हिसाब से भी परीक्षा कार्यक्रम बनाया गया है. बोर्ड ने बताया कि डेटशीट तैयार करते समय 40 हजार से ज्यादा विषयों के कॉम्बिनेशन पर विचार किया गया, ताकि किसी छात्र के चुने हुए दो विषयों की परीक्षा एक ही दिन न पड़े.
जल्दी डेटशीट जारी होने से छात्रों को क्या फायदा?
CBSE के मुताबिक, समय से पहले डेटशीट जारी होने से छात्र अपनी पढ़ाई की योजना बेहतर तरीके से बना सकेंगे. छात्र, उनके परिवार और शिक्षक गर्मी की छुट्टियों में अपने कार्यक्रम और यात्रा की योजना परीक्षा के शेड्यूल के अनुसार बना सकेंगे. स्कूलों को बोर्ड परीक्षाओं की योजना और जरूरी सहायता की तैयारी करने का समय मिलेगा. परीक्षा केंद्र बनाए गए स्कूल भी पहले से व्यवस्थाएं पूरी कर सकेंगे.
CBSE की वेबसाइट पर उपलब्ध है डेटशीट
बोर्ड ने बताया कि स्कूलों की ओर से LOC समय पर जमा किए जाने के कारण डेटशीट जल्दी जारी करना संभव हो पाया है. छात्र CBSE की आधिकारिक वेबसाइट www.cbse.gov.in पर जाकर डेटशीट देख और डाउनलोड कर सकते हैं. नोटिस पर परीक्षा नियंत्रक डॉ. सान्यम भारद्वाज के हस्ताक्षर हैं. यह नोटिस 6 नवंबर 2026 को द्वारका, नई दिल्ली से जारी किया गया है.
ये भी पढ़ें