Delhi University Drops Delhi Sultanate Paper
Delhi University Drops Delhi Sultanate Paper
दिल्ली यूनिवर्सिटी में इतिहास पढ़ने वाले पोस्टग्रेजुएट छात्रों के लिए सिलेबस बदल गया है. यूनिवर्सिटी ने PG हिस्ट्री के तीसरे सेमेस्टर के पाठ्यक्रम में बड़ा बदलाव किया है. इसमें दिल्ली सल्तनत पर केंद्रित एक स्पेशल पेपर को हटा दिया गया है. इसके साथ ही उत्तर भारत के इतिहास समेत कुछ प्रस्तावित पेपर भी सिलेबस में जगह नहीं बना सके. नया पाठ्यक्रम जुलाई 2026 से लागू हो चुका है.
दिल्ली सल्तनत पर स्पेशल पेपर हुआ बाहर
नए सिलेबस से द दिल्ली सल्तनत: स्ट्रक्चर्स ऑफ अथॉरिटी इन मेडिवल नॉर्थ इंडिया (13वीं-14वीं शताब्दी) नाम का पेपर हटा दिया गया है. यह पेपर PG हिस्ट्री के तीसरे सेमेस्टर का हिस्सा था. इसमें छात्रों को दिल्ली सल्तनत के दौर में राज्य के गठन, राजनीतिक सत्ता और शासन की संरचना के बारे में पढ़ाया जाता था. इसके अलावा 13वीं और 14वीं शताब्दी के राजनीतिक, धार्मिक और सांस्कृतिक बदलावों को भी समझाया जाता था. पेपर में उस दौर को देखने और समझने के अलग-अलग इतिहास लेखन के नजरिए भी शामिल थे.
सिर्फ दिल्ली सल्तनत नहीं, कई और पेपर भी हटे
सिलेबस में बदलाव सिर्फ दिल्ली सल्तनत तक सीमित नहीं है. हिस्ट्री ऑफ नॉर्थ इंडिया, c. 1400-1550 को भी तीसरे सेमेस्टर के सिलेबस में जगह नहीं मिली है. इसके अलावा इतिहास विभाग की ओर से प्रस्तावित कुछ अन्य पेपर भी अंतिम सिलेबस में शामिल नहीं किए गए हैं. इनमें 'जेंडर एंड वीमेन इन अर्ली इंडिया: 1500 BCE से 1000 CE', 'पॉलिटिकल प्रोसेसेज एंड स्ट्रक्चर ऑफ पॉलिटीज इन एंशिएंट इंडिया' और 'रिलिजन एंड सोसाइटी इन एंशिएंट इंडियन लिटरेचर' शामिल हैं.
38 पेपर प्रस्तावित थे 16 ही फाइनल हुए
इतिहास विभाग ने कुल 38 डिसिप्लिन स्पेसिफिक इलेक्टिव (DSE) पेपर प्रस्तावित किए थे. इनमें से सिर्फ 16 पेपर को तीसरे सेमेस्टर के अंतिम सिलेबस में जगह मिली है. यूनिवर्सिटी की ओर से जारी संशोधित पाठ्यक्रम PG Curriculum Framework (PGCF) 2024 के तहत तैयार किया गया है. यह राष्ट्रीय शिक्षा नीति यानी NEP 2020 के अनुसार लागू किया जा रहा है.
UG में दिल्ली सल्तनत का पेपर अभी मौजूद
PG से पेपर हटाए जाने का मतलब यह नहीं है कि दिल्ली सल्तनत की पढ़ाई DU से पूरी तरह खत्म हो गई है. पोस्टग्रेजुएट स्तर पर हटाया गया यह पेपर UG में पढ़ाए जाने वाले दिल्ली सल्तनत से जुड़े पाठ्यक्रम से अलग था. PG का पेपर मुख्य रूप से सत्ता और शासन की संरचना तथा इतिहास लेखन के अलग-अलग दृष्टिकोणों पर केंद्रित था. वहीं UG स्तर पर दिल्ली सल्तनत के दौर का व्यापक इतिहास पढ़ाया जाता है.
7 अगस्त को जारी हुई नई अधिसूचना
दिल्ली यूनिवर्सिटी ने संशोधित सिलेबस की अधिसूचना 7 अगस्त 2026 को जारी की है. नया पाठ्यक्रम जुलाई 2026 से लागू माना गया है. हालांकि कुछ प्रस्तावित पाठ्यक्रम अभी चर्चा के स्तर पर हैं और भविष्य में इनमें बदलाव की संभावना बनी हुई है.