Hardoi News
Hardoi News
उत्तर प्रदेश के हरदोई में एक निजी स्कूल की प्रिंसिपल और महिला अभिभावक के बीच कॉपी-किताब को लेकर हुआ विवाद अब तूल पकड़ता जा रहा है. वायरल वीडियो के बाद प्रशासन हरकत में आया. जांच बैठी तो प्रिंसिपल ने कैमरे के सामने माफी मांगी. बीएसए के नेतृत्व में पहुंची जांच टीम ने प्रिंसिपल के अलावा अन्य टीचरों के बयान लिए और स्कूल के कागजात देखने के बाद स्कूल का निरीक्षण भी किया. पुलिस ने डीवीआर को कब्जे में लिया है.
वायरल हुआ था विडियो-
रविवार को सोशल मीडिया पर 24 अप्रैल का हरदोई के कैनाल रोड सिविल लाइन स्थित सनबीम स्कूल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था. वीडियो में स्कूल की प्रिंसिपल ममता मिश्रा एक महिला अभिभावक नीलम वर्मा पर भड़कती नजर आ रही हैं और बार-बार 'शटअप' जैसे शब्द इस्तेमाल कर रही हैं. पीड़िता नीलम वर्मा का आरोप है कि उनकी बेटी को सिर्फ इसलिए होमवर्क नहीं दिया जा रहा था, क्योंकि उन्होंने स्कूल से महंगी कॉपियां नहीं खरीदी थीं. जब वह प्रिंसिपल से कुछ दिन की मोहलत मांगने पहुंचीं, तो उनके साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया और बच्चे का नाम काटने की धमकी दी गई.
वीडियो वायरल होने पर पहुंची पुलिस की टीम-
वीडियो वायरल होने के बाद मामला प्रशासन तक पहुंचा. बीएसए हरदोई तीन सदस्यीय टीम और पुलिस बल के साथ स्कूल पहुंचे, जहां कागजातों की जांच की गई, प्रिंसिपल और अन्य स्टाफ के बयान दर्ज किए गए और DVR को कब्जे में लिया गया. जांच के दौरान प्रिंसिपल ने अभद्र भाषा के इस्तेमाल को लेकर अपनी गलती स्वीकार कर ली, हालांकि कॉपी-किताब के आरोपों को नकारते हुए उन्होंने इसे एक साजिश बताया.
प्रिंसिपल ने मांगी माफी-
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने भी स्कूल पहुंचकर प्रदर्शन किया. इस दौरान हल्की धक्का-मुक्की भी हुई. बढ़ते दबाव के बीच प्रिंसिपल ममता मिश्रा ने छात्रों और मीडिया के सामने माफी मांगी. फिलहाल जांच जारी है और टीम अभी किसी अंतिम निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है.
(प्रशांत पाठक की रिपोर्ट)
ये भी पढ़ें: