झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार ने छात्रों की मांगें मानने के बाद उन्हें अमल में लाना शुरू कर दिया है. राज्य सरकार ने JPSC और JSSC की उन परीक्षाओं को रद्द कर दिया है, जिनमें SIT और CID की जांच में भारी अनियमितता और गड़बड़ी पाई गई हैं. सरकार ने 39 एग्जाम को रद्द किया है और 6 परीक्षाओं को अगले आदेश तक स्थगित कर दिया है. इस संबंध में सरकार ने मंगलवार देर रात 8 नोटिफिकेशन जारी किए हैं.
रद्द की गई परीक्षाओं में वे परीक्षाएं भी शामिल हैं, जो साल 2014 से झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और आउटसोर्स एजेंसी टीएसआर डेटा प्रोसेसिंग प्राइवेट लिमिटेड (TDPL) ने आयोजित की थीं. जिन पदों की भर्ती परीक्षाएं रद्द की गई हैं उनमें ड्रग इंस्पेक्टर, असिस्टेंट प्रोफेसर, डिप्टी कलेक्टर, डेंटल डॉक्टर, असिस्टेंट इंजीनियर, सिविल जज, अतिरिक्त लोक अभियोजक और फॉरेस्ट रेंज ऑफिसर जैसे महत्वपूर्ण पद शामिल हैं. सरकार ने JSSC-CGL परीक्षा-2024 को रद्द करने के साथ इसके परिणाम को भी निरस्त करने का फैसला लिया है. यह फैसला लंबे समय से चल रहे छात्र आंदोलन और परीक्षा प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों के आरोपों के बीच लिया गया. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने घोषणा की है कि साल 2014 से राज्य में आयोजित की गईं सभी प्रतियोगी परीक्षाओं की गहन जांच कराई जाएगी.
फास्ट ट्रैक कोर्ट गठित करने का अनुरोध
सरकार ने कहा है कि JPSC और JSSC से जुड़ी अनियमितताओं के मामलों की जल्द सुनवाई के लिए हाईकोर्ट से फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाने का अनुरोध किया जाएगा. JPSC और JSSC में एक आंतरिक सतर्कता प्रकोष्ठ यानी विजिलेंस सेल भी बनाई जाएगी ताकि आगे ऐसी गड़बड़ियां न हों. वरिष्ठ IAS अधिकारी अमिताभ कौशल की अध्यक्षता में बनाई गई कमेटी, जो JPSC और JSSC में सुधार के लिए काम कर रही है, वह अपनी रिपोर्ट दो महीने के भीतर सरकार को सौंपेगी.
ये परीक्षाएं की गईं रद्द
- सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेजों में सहायक प्रोफेसर (बैकलॉग) (विज्ञापन 02/2026)
- सरकारी पॉलिटेक्निक/महिला पॉलिटेक्निक में लेक्चरर (बैकलॉग) (विज्ञापन 03/2026)
- सरकारी पॉलिटेक्निक/महिला पॉलिटेक्निक में लेक्चरर (नियमित) (विज्ञापन 04/2026)
- मेडिकल कॉलेजों में सहायक प्रोफेसर (सुपर स्पेशलिस्ट) (विज्ञापन 07/2026)
- संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा-2025 (बैकलॉग) (विज्ञापन 05/2026)
- संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा-2023 (बैकलॉग) (विज्ञापन 06/2026)
- झारखंड संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा-2025 (विज्ञापन 01/2026)
- विश्वविद्यालयों में गैर-शैक्षणिक पदों की भर्ती (विज्ञापन 09/2025)
- सहायक निदेशक/वरिष्ठ वैज्ञानिक पद (बैकलॉग) (विज्ञापन 10/2025)
- सहायक निदेशक/वरिष्ठ वैज्ञानिक पद (नियमित) (विज्ञापन 11/2025)
- ड्रग इंस्पेक्टर (विज्ञापन 12/2025)
- सिविल जज (जूनियर डिवीजन) (विज्ञापन 22/2023)
- सहायक वन संरक्षक (विज्ञापन 03/2024)
- फॉरेस्ट रेंज ऑफिसर (विज्ञापन 04/2024)
- सहायक लोक अभियोजक (बैकलॉग) (विज्ञापन 05/2025)
- सहायक लोक अभियोजक (नियमित) (विज्ञापन 06/2025)
- फूड सेफ्टी ऑफिसर (विज्ञापन 18/2023)
- चाइल्ड डेवलपमेंट प्रोजेक्ट ऑफिसर (विज्ञापन 21/2023)
- संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा-2023 (विज्ञापन 01/2024)
- 5वीं संयुक्त सिविल सेवा भर्ती (विज्ञापन 06/2013)
- सिविल जज (जूनियर डिवीजन) (विज्ञापन 10/2015)
- सिविल जज (जूनियर डिवीजन) विशेष भर्ती (विज्ञापन 11/2015)
- मृदा संरक्षण पदाधिकारी (विज्ञापन 12/2015)
- सहायक निदेशक कृषि/अनुमंडल कृषि पदाधिकारी (विज्ञापन 03/2015)
- सहायक निदेशक कृषि/अनुमंडल कृषि पदाधिकारी (बैकलॉग) (विज्ञापन 04/2015)
- फूड सेफ्टी ऑफिसर (विज्ञापन 01/2016)
- डेंटिस्ट (बेसिक कैडर) (विज्ञापन 02/2016)
- संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा (बैकलॉग) (विज्ञापन 27/2017)
- कॉमर्शियल टैक्सेस (लिमिटेड) परीक्षा (विज्ञापन 10/2010)
- संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा-2016 (विज्ञापन 23/2016)
- जियोलॉजिस्ट एवं केमिस्ट भर्ती (विज्ञापन 01/2017 और 02/2017)
- सहायक लोक अभियोजक (विज्ञापन 03/2018)
- सिविल जज (जूनियर डिवीजन) नियमित (विज्ञापन 12/2018)
- संयुक्त सहायक अभियंता भर्ती (विज्ञापन 05/2019)
- संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा-2021 (विज्ञापन 01/2021)
- डेंटल डॉक्टर भर्ती (विज्ञापन 01/2022)
- 6वीं सीमित उप समाहर्ता (विज्ञापन 11/2018)
- झारखंड पात्रता परीक्षा (JET) 2024 (विज्ञापन 08/2025)
- CGL परीक्षा (विज्ञापन 10/2023)
अगले आदेश तक स्थगित परीक्षाएं
- फूड एनालिस्ट (विज्ञापन 05/2024)
- डिप्टी डायरेक्टर, प्रॉसिक्यूशन (विज्ञापन 03/2025)
- प्रोजेक्ट मैनेजर एवं समकक्ष (विज्ञापन 04/2025)
- इंस्पेक्टर ऑफ फैक्ट्रीज (विज्ञापन 01/2025)
- बॉयलर इंस्पेक्टर (विज्ञापन 02/2025)
- डायरेक्टर (विज्ञापन 07/2025)